चरित्र
मानव जीवन में चरित्र की भूमिका महत्वपूर्ण है। चरित्र किसी भी प्रकार के अर्जित ज्ञान को संरक्षित करता है। ज्ञान को विभिन्न स्थितियों और स्थानों में समुचित प्रकार से उपयोग करने की शक्ति प्रदान करता है। चरित्र के अभाव में समस्त अकादमिक शिक्षा एक तालाब में रुके हुए गंदे पानी के समान है, जो किसी काम का नहीं रहता। अर्जित ज्ञान-विज्ञान का सदुपयोग एक चरित्रवान व्यक्ति ही कर सकता है। मानवीय जीवन के सभी सद्गुणों को संभाले रखने और दुर्गुणों से दूरी बनाए रखने में चरित्र की विशेष महत्ता है। चरित्रहीन व्यक्ति विद्वान होकर भी प्रशंसा का पात्र नहीं बनता। चरित्र ही वह आधार है जो व्यक्ति को सर्वप्रथम स्वयं से और तत्पश्चात समाज से सद्भावना का व्यवहार करने की प्रेरणा देता है। मनुष्य का सशक्त चरित्र उसकी व्यक्तिगत सफलता का सबसे बड़ा आधार होता है। विनम्रता, विनयशीलता, सज्जनता जैसे श्रेष्ठ मानवीय विशेषताएं चरित्र की ही परिभाषाएं हैं। संपूर्ण ज्ञान तब मात्र शून्य सिद्ध हो जाता है जब चारित्रिक पतन के कारण व्यक्ति इन्हें व्यवहार में नहीं उतार पाता। कोई कितने भी बड़े विद्यालय-विश्वविद्यालय में पठन-पाठन की श्रेष्ठता की श्रेणी में नि:संदेह गिना जाए, पर यदि वह अपने चरित्र को नहीं संभाल पाता है तो उसकी श्रेष्ठता सामाजिक स्तर पर अमान्य ही होती है। चरित्र का संरक्षण कर साधारण मनुष्यों ने जीवन में बहुत ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। स्वामी विवेकानंद चरित्रवान व्यक्ति के रूप में भलीभांति स्थापित हैं। उनकी आध्यात्मिक, दार्शनिक अंतदर्ृष्टि से कौन विद्वान परिचित नहीं है। चरित्र में सज्जनता आदि मानवीय गुणों को शामिल किया जाता है। यह हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि जीवन को सही दिशा में अग्रसर करके वही लोग लक्ष्य को प्राप्त कर पाते हैं, जो जीवनभर सच्चरित्रता की राह पर आगे बढ़ते हैं। चरित्रवान व्यक्ति ज्ञान की श्रेष्ठता प्राप्त करने में सफल रहते हैं। ऐसे व्यक्ति गृहस्थ होकर भी संत सदृश ही होते हैं। हमारे जीवन में चरित्र हमारे संपूर्ण व्यवहार में साफ-साफ दिखाई देता है। यदि संसार में मानवीय संबंधों में कड़वाहट उत्पन्न हो रही है, तो इसका एक ही सबसे प्रमुख कारण है, वह है चारित्रिक पतन की पराकाष्ठा। यह आकलन करने में कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि यदि संपूर्ण मानवजाति चरित्र के मूलमंत्र को अपने जीवन में उतार ले, तो पृथ्वीलोक स्वर्गसमान हो जाएगा।
[विकेश कुमार बडोला]
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।