श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शिरोमणि अकाली दल का फिर से भाजपा के साथ आना पंजाब में बड़ा राजनीतिक बदलाव लाने वाला सिद्ध हो सकता है। दोनों दलों का गठबंधन सत्ता में भी आ सकता है, क्योंकि अतीत में ऐसा हो चुका है। इसकी भी अनदेखी नहीं की जा सकती कि जहां सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सत्ता विरोधी रुझान का सामना कर रही है, वहीं कांग्रेस में आपसी कलह दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। भले ही भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन होने और मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला अब जाकर हुआ हो, लेकिन इसके आसार तभी उभर आए थे, जब कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल प्रधानमंत्री मोदी से मिलने दिल्ली आए थे।

भले ही भाजपा ने पंजाब के सामाजिक समीकरणों को प्राथमिकता देते हुए अकाली दल को गठबंधन का बड़ा भाई करार दिया हो, लेकिन तथ्य यह है कि सुखबीर सिंह बादल को भाजपा के सहयोग की अधिक आवश्यकता थी। इसका कारण यह है कि बीते विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अकाली दल का प्रदर्शन बहुत ही दयनीय रहा था। उसका जनाधार तेजी से कमजोर हो रहा था।

ऐसे में भाजपा का साथ लेना उसकी राजनीतिक मजबूरी बन गया था। दोनों दलों के बीच हुए गठबंधन पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यह कहा कि अकाली दल के साथ आने से राजग परिवार पूरा हो गया और यह गठजोड़ पंजाब की जनता की पहली पसंद बनेगा। इसकी संभावना इसलिए है कि इसके पहले तीन बार दोनों दलों का गठबंधन सत्ता में आ चुका है।

शिरोमणि अकाली दल भाजपा का उस समय का साथी है, जब राजग अस्तित्व में नहीं आया था। दोनों दलों के बीच गठबंधन की नींव अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने प्रकाश सिंह बादल के साथ मिलकर डाली थी। यह भाजपा का सबसे पुराना और स्वाभाविक सहयोगी था। छह वर्ष पहले शिरोमणि अकाली दल के भाजपा से अलग होने का कोई कारण नहीं बनता था, लेकिन 2020 में जब अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने संकीर्ण राजनीतिक कारणों से तीन कृषि कानूनों का विरोध करना शुरू कर दिया, तो बादल परिवार दबाव में आ गया और उसने इस भय से भाजपा से नाता तोड़ लिया कि कहीं उसे राजनीतिक नुकसान न हो जाए।

इसके बाद भी उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा। यह विडंबना ही है कि कृषि कानूनों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले अमरिंदर सिंह आज भाजपा में हैं। चूंकि भाजपा नेताओं का एक वर्ग अपने बलबूते चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था, इसलिए यह संभव है कि भाजपा को इस बार कहीं अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिले। जो भी हो, इससे बेहतर और कुछ नहीं कि इन दोनों दलों का साथ पंजाब में हिंदू-सिख एकता को भी बल प्रदान करेगा।