विचार: नव वामपंथियों के निशाने पर लोकतंत्र
इस समय पूरी दुनिया में अजीब किस्म के ऐसे नव वामपंथी उभर रहे हैं, जो अपना एजेंडा सब पर थोपना चाहते हैं।
HighLights
राहुल गांधी की टिप्पणियां भावी राजनीतिक दिशा का संकेत।
विदेशी हस्तक्षेप और नव वामपंथियों से कथित जुड़ाव चिंताजनक।
लोकतंत्र कमजोर करने की रणनीति पर लेख में गंभीर विचार।
अवधेश कुमार। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गत दिनों अमेरिका में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रणाली और अर्थव्यवस्था आदि पर जो टिप्पणियां कीं, वे उनकी भावी राजनीतिक दिशा का संकेत देती हैं। हाल में हैदराबाद में भारत समिट-2026 आयोजित कर उन्होंने इसे वैश्विक अभियान का रूप देने का प्रयास किया। समिट की थीम थी-एक नए विश्व का निर्माण। कांग्रेस ने इसे वैश्विक न्याय, लोकतंत्र, बहुपक्षवाद, मतदाताओं के अधिकार और नफरत की राजनीति के खिलाफ वैकल्पिक विचारों का मंच बताया। इससे उसका वास्तविक उद्देश्य समझना कठिन नहीं है।
इसी समिट के मंच से इटली की पार्टी आफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने जिस अंदाज में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा दिया, वह राहुल गांधी की शैली जैसा ही था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं। आखिर इस समर्थन का मतलब क्या है? यह किसी विदेशी का विपक्ष के माध्यम से भारत के आंतरिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप है। राहुल गांधी ने सामने बैठे हुए जिस तरह मुस्कुराकर ताली बजाई, उससे लगता है कि वे अब इसी रास्ते पर चलने वाले हैं।
आज पूरी दुनिया में एक अजीब किस्म के नव वामपंथी उभरे हैं। ये खुद को उदारवादी और वैकल्पिक विचारों का प्रतिनिधि बताते हैं। कुछ देशों की सरकारों में भी इनकी मौजूदगी है। यूरोप से लेकर अमेरिका, अफ्रीका और एशिया तक कट्टर इस्लामवादी भी इनके साथ दिखाई दे रहे हैं और अपना एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं की शुरुआत 2017 से कराई गई। इन लोगों से उनका संपर्क और संबंध बना और तब से उनकी भाषा और व्यवहार में बदलाव साफ दिखाई देता है। वे विदेश में भारत विरोधियों से मिलने में न हिचकते हैं और न ही लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता, मानवाधिकार आदि के नाम पर अपने देश की निंदा करने से। यह एक ऐसी चुनौती है, जिससे निपटने के रास्ते तलाशने होंगे। इन नव वामपंथियों के निशाने पर केवल अपने देश के राष्ट्रवादी ही नहीं, बल्कि वे नेता और देश भी हैं, जो अपनी सभ्यता, संस्कृति और क्षमता के बल पर श्रेष्ठ स्थान बनाने का माद्दा रखते हैं और अपने लोगों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं। लगता है कि कांग्रेस में इसी श्रेणी के रणनीतिकारों ने राहुल गांधी को भारत में ऐसा सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि यह स्थापित किया जा सके कि देश के साथ-साथ विदेश में भी उनके संपर्क, सम्मान और अभियान को व्यापक समर्थन प्राप्त है। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रम और अभियान और भी देखने को मिल सकते हैं।
हालांकि भारत समिट के लिए कांग्रेस को देश-दुनिया में वैसा समर्थन नहीं मिला, जैसी तैयारी की गई थी। विजन के नाम पर राहुल गांधी ने जो कुछ कहा, उसमें वैश्विक दृष्टि की गंभीर झलक नहीं थी। वस्तुतः मोदी सरकार को फासीवादी सरकार के रूप में प्रचारित करने के प्रयास को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने समिट में कहा, "फासीवादी लोगों की आवाज तेज होती है। पिछले एक दशक से फासीवादी लोग चिल्ला रहे हैं और अधिकांश जनता देख रही है कि हो क्या रहा है। 2014 के चुनाव में पहली बार देखा कि करोड़ों डालर खर्च हो रहे हैं। यह देख हम हैरान थे।" यहां राहुल गांधी से पूछा जाना चाहिए कि उस समय तो केंद्र में उनकी सरकार थी और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति भी उनके शासनकाल में होती थी, फिर ऐसा कैसे हो गया? उन्होंने आगे कहा, "मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि हम मोदी को हराने जा रहे हैं।" उन्हें मोदी और अमित शाह की आंखों में डर दिखाई दे रहा है और वह भी हार का! वास्तव में वे इस तरह देश और विदेश में लोगों के भीतर यह भाव पैदा करना चाहते हैं कि तीन बार हारने के बाद अब वे जीतकर सरकार में आने वाले हैं। उथल-पुथल पैदा करने से लेकर चुनावों तक, इस तरह के माहौल का सामूहिक मनोविज्ञान पर प्रभाव पड़ता है। यही उनकी रणनीति है।
दरअसल राहुल गांधी और उनके देसी-विदेशी रणनीतिकारों का लक्ष्य और दिशा स्पष्ट है। देश के भीतर और दुनिया भर में लगातार बोलो और बुलवाओ, ताकि यह माहौल बने कि भारत में एक व्यक्ति, एक वोट के आधार पर सरकार नहीं बन रही, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और चुनाव आयोग हर हाल में भाजपा की सरकार को वापस लाने के लिए काम कर रहा है। यह नव वामपंथियों की ऐसी शैली है, जिसमें पहले की तरह हिंसक क्रांति और हथियारों के बल पर सत्ता पर कब्जा नहीं किया जाता, बल्कि हिंसक अराजकता और उथल-पुथल का माहौल बनाया जाता है, ताकि जनता की चुनी हुई सरकार कमजोर पड़े और सत्ता परिवर्तन का रास्ता बने। अनेक देशों में ऐसे हिंसक आंदोलन होते और सत्ता बदलती दिखाई दे रही है। इसलिए यह चिंताजनक स्थिति है। राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और कई राज्यों में उनके दल की सरकारें हैं। ऐसे में उनके पास राजनीतिक और संवैधानिक शक्ति भी है। इससे चुनौती और बढ़ जाती है। भारत विरोधी शक्तियां इस परिस्थिति का लाभ उठाकर क्या करेंगी और किस सीमा तक जा सकती हैं, इसका अंदाजा लगाना कठिन है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)











