जागरण संपादकीय: आपत्तिजनक हरकत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूथ कांग्रेस नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित होने पर मेटा के हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम कार्यालयों में तोड़फोड़ और हंगामा किया।
HighLights
कांग्रेस ने मेटा कार्यालयों में की तोड़फोड़, हंगामा।
यूथ कांग्रेस नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट हुए निलंबित।
विरोध के शालीन तरीके अपनाने की दी गई सलाह।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट निलंबित करने का आरोप लगाते हुए मेटा के हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम के कार्यालयों में जो तोड़फोड़ और हंगामा किया, वह अराजकता का प्रदर्शन ही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मानें तो यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी के इंस्टाग्राम अकाउंट मनमाने ढंग से निलंबित कर दिए गए और यह काम भाजपा सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दबाव में किया गया। यह हास्यास्पद है, क्योंकि इस तरह के मामलों में जहां मेटा का यह तर्क रहता है कि वह भारत के कानूनों का पालन करती है, वहीं सरकार भी कई बार यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह किसी अकाउंट को निलंबित करने का आदेश तब देती है, जब उससे सार्वजनिक या राष्ट्रीय सुरक्षा को हानि पहुंचाने वाली सामग्री पोस्ट की गई हो।
मेटा अथवा इन जैसी कंपनियों की किसी कार्रवाई का विरोध अलग बात है, लेकिन उनके दफ्तरों में घुसकर तोड़फोड़ करना अलग बात। दुर्भाग्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा कार्यालय के अंदर घुसकर गमले तोड़ दिए तो मुंबई में उसके कार्यालय की दीवारों पर पेंट से नारे लिखे और सुरक्षा गार्ड़ों से हाथापाई भी की। गुरुग्राम में उन्होंने मेटा कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। इस तरह की हरकतें बहुराष्ट्रीय कंपनियों को गलत संदेश देने और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच भारत की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाने वाली हैं।
यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विरोध जताना ही था तो उसके लिए अन्य शालीन और प्रभावी तरीके अपनाए जा सकते थे। मेटा से यह पूछा जा सकता था कि उसने किन कारणों से यूथ कांग्रेस के नेताओं के अकाउंट निलंबित किए। वे अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकते थे। भारत समेत दुनिया भर में ऐसा ही किया जाता है। कांग्रेस के उग्र कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक राह पकड़ी। उन्होंने मेटा के कार्यालयों के बाहर हिंसक प्रदर्शन करने के साथ ही उसे सात दिन के अंदर निलंबित अकाउंट बहाल करने का अल्टीमेटम भी दे दिया। यह एक तरह की धमकी ही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इतनी समझ होनी ही चाहिए कि इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स अथवा ऐसे ही अन्य डिजिटल प्लेटफार्म जिस तकनीक के तहत कार्य करते हैं, उसमें एल्गोरिदम की मुख्य भूमिका होती है और वह स्वत: कुछ शब्दों को आपत्तिजनक मानकर या तो पोस्ट हटा देता है अथवा अकाउंट ही निलंबित कर देता है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि कुछ समय पहले मेटा ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री मोदी के एक वायरल वीडियो को कुछ घंटों के लिए सीमित कर दिया था। ऐसे में इसे कुतर्क ही कहा जाएगा कि मेटा सरकार के इशारे पर विपक्ष की आवाज दबा रही है।











