शिवराज सिंह चौहान। हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पशुधन के स्वास्थ्य और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि के संबंध में कहा कि पशु स्वस्थ होगा, तो पशुपालकों की कमाई भी बढ़ेगी। यह विचार भारतीय कृषि और पशुपालन के उस व्यापक सोच को अभिव्यक्त करता है, जिसमें किसानों की आय, पशुधन का स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। पशु-पक्षियों को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना केवल पशु चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका, पोषण सुरक्षा और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की रक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। कृषि अर्थव्यवस्था में पशुपालन, डेरी और कुक्कुट पालन की महती भूमिका है। करोड़ों ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं और छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए ये गतिविधियां आय, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा का आधार हैं। संकट के समय पशुधन आर्थिक संबल भी बनता है। ऐसे में पशुओं के रोगों की रोकथाम और उनके लिए प्रभावी टीकों की उपलब्धता देश की कृषि विकास रणनीति का अभिन्न हिस्सा है।

पिछले एक दशक में भारत ने पशु एवं कुक्कुट रोगों के विरुद्ध स्वदेशी वैक्सीन विकास में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के संस्थानों और देश के विज्ञानियों ने स्थानीय परिस्थितियों, भारतीय वायरस स्ट्रेन और रोगों की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए अनेक वैज्ञानिक समाधान विकसित किए हैं। इससे आयात पर निर्भरता घटाने, टीकों की उपलब्धता बढ़ाने और देश की जैव-सुरक्षा मजबूत करने की संभावनाएं बढ़ी हैं। यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण वैज्ञानिक आयाम है। इस दिशा में 2019 में विकसित सब-वायरल पार्टिकल आधारित इन्फेक्शियस बर्सल डिजीज (गंबोरो) वैक्सीन कुक्कुट स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक जैव-प्रौद्योगिकी की उल्लेखनीय उपलब्धि रही। 2020 में विकसित ब्रुसेला एबार्टस एस19 डेल्टा-पर (दीवा) वैक्सीन ने ब्रुसेलोसिस नियंत्रण के लिए नई संभावनाएं प्रस्तुत कीं। इसी प्रकार क्लासिकल स्वाइन फीवर का स्वदेशी सेल कल्चर वैक्सीन सुअर पालकों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बना।

भारतीय वैज्ञानिक अब पशु रोगों के लिए देश की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक समाधान विकसित करने में सक्षम हैं। 2022 में लंपी स्किन डिजीज के विरुद्ध स्वदेशी टीका लंपी-प्रोवैकइंड (लंपी-प्रोवेसाइंड) का विकास एक ऐतिहासिक उपलब्धि रहा। आईसीएआर-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार और आईसीएआर-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर के विज्ञानियों ने मिलकर यह टीका विकसित किया। लंपी रोग के प्रकोप ने देश के पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया था। स्वदेशी टीके के विकास और इसकी तकनीक के व्यावसायिक हस्तांतरण ने देश में बड़े पैमाने पर टीका उत्पादन का मार्ग प्रशस्त किया। यह भारतीय अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सफल तकनीकी सहयोग का भी उदाहरण है।

अफ्रीकन स्वाइन फीवर के विरुद्ध आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल द्वारा विकसित स्वदेशी टीका भी बड़ी उपलब्धि है। इस रोग ने विशेषकर पूर्वोत्तर भारत के सुअर पालकों को गंभीर आर्थिक क्षति पहुंचाई थी। अगस्त 2026 में इस टीके को राष्ट्र को समर्पित किया जाना पशु स्वास्थ्य अनुसंधान में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेखनीय पड़ाव है। इस टीके के उत्पादन के लिए महंगी और पेटेंट आधारित विदेशी सेल लाइन पर निर्भरता की आवश्यकता नहीं है। इससे भविष्य में किफायती और व्यापक उत्पादन की संभावनाएं मजबूत होंगी। इसी क्रम में मुर्गियों में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा के विरुद्ध स्वदेशी टीके का विकास देश की वैज्ञानिक क्षमता का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण है। 2006 में भारत में पहली बार इस रोग की पहचान के बाद से इसके विभिन्न उप-प्रकारों के अनेक प्रकोप सामने आए। संक्रमित पक्षियों को बड़े पैमाने पर खत्म करने के साथ व्यापार प्रतिबंध और उत्पादन में गिरावट पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।

एवियन इन्फ्लुएंजा के कुछ स्ट्रेन में मनुष्यों और अन्य स्तनधारियों को संक्रमित करने की क्षमता भी है। इसलिए इसका नियंत्रण पशु स्वास्थ्य के साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए भोपाल स्थित आईसीएआर- राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने मुर्गियों के लिए निष्क्रिय एच5एन1 वैक्सीन विकसित किया। परीक्षणों में टीकाकरण के बाद छह महीने तक सुरक्षात्मक प्रतिरक्षा और चुनौती परीक्षणों में संपर्क में रखे गए पक्षियों में वायरस संचरण नहीं होने के उत्साहजनक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इन उपलब्धियों का वास्तविक महत्व तभी है, जब वैज्ञानिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं से निकलकर किसानों तक पहुंचें। केंद्र सरकार राष्ट्रीय पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के माध्यम से टीकाकरण, रोग निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ कर रही है। साथ ही, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, निजी उद्योग और राज्य सरकारों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।

बदलते जलवायु परिदृश्य और उभरते संक्रामक रोगों को देखते हुए वन हेल्थ भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य परस्पर जुड़ा हुआ है। इसलिए रोगों की शीघ्र पहचान, वैज्ञानिक निगरानी, अनुसंधान और प्रभावी टीकाकरण को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाना होगा। भारत का लक्ष्य केवल अपनी पशुधन और कुक्कुट संपदा को सुरक्षित करना नहीं, बल्कि विश्व को किफायती, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण पशु टीके उपलब्ध कराने वाला प्रमुख देश बनना भी है। आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक अर्थ यही है कि देश अपनी चुनौतियों का समाधान अपनी वैज्ञानिक क्षमता, अनुसंधान और नवाचार से स्वयं विकसित करे। स्वस्थ पशुधन, सुरक्षित पोल्ट्री क्षेत्र और समृद्ध किसान विकसित भारत की हमारी यात्रा के महत्वपूर्ण आधार हैं।

(लेखक केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री हैं)