आशुतोष गोवारिकर। आज गोवा में 57वां भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) शुरू हो रहा है। इस वर्ष महोत्सव की मुख्य विषयवस्तु ‘सीमाओं से परे कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बार्डर्स) है। इस पर विचार कीजिए कि हजारों मील दूर किसी दूसरे देश में बनी फिल्म, जिसकी भाषा शायद आप न समझते हों, फिर भी आपको हंसा सकती है, भावुक कर सकती है या सोचने पर मजबूर कर सकती है। पर्दे पर दिखाई देने वाले देश, संस्कृति या लोगों के बारे में भले ही आप बहुत कम जानते हों, पर उनकी कहानियों में आपको कुछ ऐसा जरूर मिल सकता है, जो जाना-पहचाना लगे। सिनेमा में हमेशा से ही दूर-दराज की दुनिया को करीब लाने और अनजानी चीजों को भी अपना-सा महसूस कराने की क्षमता रही है। जब आप ऐसी भाषा में बनी फिल्म देखते हैं, जिसे आप नहीं बोलते, फिर भी उसके किरदारों, उनकी भावनाओं से जुड़ाव महसूस करते हैं, तो कुछ अद्भुत घटित होता है। अनजानी दुनिया के बीच की दूरियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं।

यह हमें याद दिलाता है कि भले ही हमारी भाषाएं, संस्कृतियां अलग-अलग हों, लेकिन हमें इंसान बनाने वाली भावनाएं अक्सर एक ही भाषा बोलती हैं। यही ‘सीमाओं से परे कहानियां’ का सार है। पहली सीमा भौगोलिक है। इस वर्ष इफ्फी में 86 देशों की 159 अंतरराष्ट्रीय फिल्में एक साथ लाई जा रही हैं। स्पेन इस वर्ष 'कंट्री आफ आनर' के रूप में रहेगा, जबकि रूस भागीदार देश के रूप में। दूसरी सीमा भाषाई और सांस्कृतिक है। भारतीय सिनेमा में उन भाषाओं और क्षेत्रों से परे भी बहुत कुछ खोजने और जानने के लिए है, जिनसे हम परिचित हैं। इस वर्ष भारतीय पैनोरमा में 18 भारतीय भाषाओं की 76 फिल्में शामिल हैं, जो देश की सिनेमाई विविधता को प्रदर्शित करती हैं। इनमें लद्दाख, गोवा और अन्य क्षेत्रों की फिल्में भी शामिल हैं। तीसरी सीमा समय की है। कोई भी फिल्म महोत्सव आसानी से समकालीन सिनेमा पर ध्यान केंद्रित कर सकता है, पर बेहतरीन फिल्मों की कोई समयसीमा नहीं होती। इस वर्ष हम महान फिल्मकार आंद्रेज वायदा की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

भारतीय सिनेमा की ओर से हम उन आठ कलाकारों की जन्म शताब्दी भी मना रहे हैं, जिन्होंने हमारे सिनेमा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें अभिनेता प्रेम नजीर, सूर्यकांत मांढरे, राज कुमार और उत्तम कुमार, निर्देशक शक्ति सामंत, संगीतकार ओपी नैयर और रवि शामिल हैं। उनका योगदान हिंदी, बंगाली, मराठी और मलयालम सिनेमा तक फैला हुआ है। इन महान हस्तियों के सम्मान में दिखाई जाने वाली फिल्मों में साधी माणसे, तुलाभारम, वक्त, कश्मीर की कली और चौरंगी शामिल हैं। हम 21 फिल्मों के साथ ब्रिक्स देशों के सिनेमा पर भी विशेष ध्यान केंद्रित करेंगे। इसके अलावा दो नए खंड-‘एनिमेशन’ और ‘फिल्मों पर फिल्में’ भी शुरू किए जाएंगे।
इस वर्ष पणजी, पोरवोरिम, मडगांव और पोंडा में फैले 13 महोत्सव स्थलों पर फिल्मों की स्क्रीनिंग की जा रही है, जिससे गोवा के विभिन्न क्षेत्रों के दर्शकों के लिए यह महोत्सव और अधिक सुलभ हो गया है। आपसे एक अनुरोध है कि कम से कम एक ऐसी फिल्म जरूर देखें, जिसे आप आमतौर पर देखना पसंद नहीं करते। ऐसी भाषा की फिल्म देखें, जिसे आप नहीं समझते हों, ऐसे देश की फिल्म देखें, जहां आप कभी नहीं गए या ऐसे फिल्मकार की फिल्म देखें, जिसका नाम आपने नहीं सुना। सबटाइटल्स को अपना काम करने दें। आप महसूस करेंगे कि हमारे बीच की दूरियां उतनी अधिक नहीं हैं, जितनी कभी-कभी हम सोचते हैं।

यह मेरे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है कि मेरी सर्वकालिक पसंदीदा फिल्म ‘लगान’ शानदार 25वीं वर्षगांठ मना रही है। इसे इफ्फी के विशेष स्क्रीनिंग खंड में प्रतिष्ठित स्थान मिला है। इफ्फी केवल उन फिल्मों तक सीमित नहीं है, जिन्हें हम देखते हैं। यह सिनेमा के भविष्य, उसे रचने वाले लोगों और कहानियों को दूर-दूर तक पहुंचाने वालों से भी जुड़ा है। इस वर्ष महोत्सव में कई पहलें उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, रचनात्मक सहयोग को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माण के इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। इसकी शुरुआत क्रिएटिव माइंड्स आफ टुमारो (सीएमओटी) से होगी, जो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) की पहल है। सीएमओटी देश भर की 100 युवा प्रतिभाओं को फिल्म निर्माण की 13 अलग-अलग विधाओं में अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देगा।

इसके साथ वेव्स फिल्म बाजार है, जिसे पहले फिल्म बाजार के नाम से जाना जाता था। यह एक ऐसा मंच है, जहां अवधारणाओं को सहयोगी और फिल्म परियोजनाओं को संभावित साझेदार मिलते हैं। वास्तव में यहां हर किसी के लिए कुछ न कुछ खास है। इस वर्ष महोत्सव का शुभारंभ प्रसिद्ध पोलिश फिल्मकार पावेल पाव्लिकोव्स्की के निर्देशन में बनी फिल्म ‘फादरलैंड’ से हो रहा है। महोत्सव का समापन सिंगापुर के फिल्म निर्माता एंथनी चेन द्वारा निर्देशित फिल्म 'वी आर आल स्ट्रेंजर्स' के प्रदर्शन के साथ होगा। 57वें इफ्फी को हाथ से न जाने दें। आईए, गोवा में हमारे साथ जुड़िए और धूप, सुनहरी रेत और सिनेमा के खुशनुमा माहौल के बीच मिलकर कुछ अविस्मरणीय यादें संजोइए।

(लेखक जाने-माने फिल्मकार हैं)