उमेश चतुर्वेदी। स्वाधीनता के बाद से ही भारतीय राजनीति में एक धारा ऐसी रही, जिसका सपना राजनीति के केंद्र में हिंदुत्व लाना रहा। भाजपा के राष्ट्रीय उभार के बाद यह सपना पूरा हुआ। इसके बावजूद राजनीति का बड़ा हिस्सा अब भी सेक्युलरवादी खोल में अल्पसंख्यकवाद केंद्रित राजनीति ही करता है। इसी कारण सेक्युलरिज्म को छद्म सेक्युलरिज्म की संज्ञा मिली। यदि सेक्युलर राजनीति का कोई पैरोकार राम मंदिर जाने की घोषणा करे तो यह मामूली बात नहीं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 12 दिसंबर को राम मंदिर में दर्शन करने जाना राजनीति में आ रहे बदलाव का प्रतीक है। अखिलेश जिस राजनीतिक धारा का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसकी न तो राम मंदिर निर्माण में भागीदारी रही, न ही वह अयोध्या ढांचा ध्वंस को स्वीकार करती है। फिर भी वे राम मंदिर जा रहे हैं तो इसका अर्थ है कि अब उन्हें भी अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए हिंदुत्ववादी राजनीति जरूरी लगने लगी है।

आज हिंदुत्व की राजनीति का प्रमुख चेहरा भाजपा है, पर स्वाधीनता के बाद की राजनीति में हिंदुत्ववादी राजनीति का चेहरा हिंदू महासभा और स्वामी करपात्री जी की रामराज्य परिषद थी। भाजपा का पूर्ववर्ती संस्करण जनसंघ भी इसी राजनीति की कड़ी रहा। ये दल सेक्युलरिज्म के नाम पर हिंदू समाज के अधिकारों, परंपराओं और मान्यताओं की उपेक्षा करने की तत्कालीन राजनीति के विरोधी रहे। हिंदुत्ववादी धारा की राजनीति सेक्युलरिज्म के बहाने अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति का विरोध करती थी। हालांकि तत्कालीन राजनीति ने तुष्टीकरण के विरोध को अल्पसंख्यक विरोध के रूप में प्रचारित किया। बाद में सेक्युलरवाद ऐसा फैशन बना, जहां हिंदू परंपराओं-मान्यताओं को रूढ़िवादी बताना प्रगतिशीलता मान लिया गया।

वर्ष 2014 में हुए आम चुनाव के बाद मोदी और भाजपा के उभार का बड़ा कारण हिंदुत्व की राजनीति भी रही, पर इसे राजनीति की धुरी मानने से राजनीति के बड़े हिस्से को परहेज रहा। तमाम सेक्युलरवादी दलों को भाजपा का यह उभार तात्कालिक लगा और उन्होंने माना कि यह उभार कुछ ही दिनों का मेहमान है, पर तेलंगाना, तमिलनाडु, केरलम जैसे कुछ राज्यों को छोड़ दें तो भाजपा के नेतृत्व में हिंदुत्व की राजनीति गहरा असर दिखाती रही। इसे रोकने में जब भाजपा विरोधी दल नाकाम रहे तो उन्हें मजबूरी में ही सही, हिंदुत्व का खुले-छिपे रूप में सहारा लेना पड़ा। जैसे 2017 के गुजरात और 2018 के कर्नाटक चुनावों के समय राहुल गांधी जनेऊ पहनकर मंदिर-मंदिर गए। गुजरात में वे नाकाम रहे, कर्नाटक में कामयाब। इसके बाद राहुल फिर छद्म सेक्युलरवादी धारा की ओर लौट पड़े।

मुलायम सिंह जब पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने, तब भाजपा उनका समर्थन कर रही थी। बाद में उनकी पूरी राजनीति भाजपा विरोधी की रही। 1990 में जब लालकृष्ण आडवाणी ने राम मंदिर के समर्थन में रथयात्रा शुरू की तो जनता दल के क्षत्रपों और खासकर मुलायम सिंह और लालू यादव में आडवाणी को गिरफ्तार कर मुस्लिम समुदाय का हीरो बनने की होड़ लगी। लालू यादव ने आडवाणी को समस्तीपुर में गिरफ्तार करा दिया। इसके कुछ समय बाद अयोध्या में कारसेवकों पर पुलिस ने गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद जहां भाजपा हिंदुत्व की राजनीति के प्रखर पैरोकार के रूप में उभरी, वहीं लालू और मुलायम हिंदुत्व विरोधी राजनीति के प्रमुख चेहरे के रूप में। दोनों अपने-अपने राज्यों में सत्ता के शीर्ष पर भी रहे।

राष्ट्रीय राजनीति में नरेन्द्र मोदी के उभार ने छद्म सेक्युलरिज्म की राजनीति के गुब्बारे में पिन चुभोने का काम किया। आज भाजपा विरोधी दलों को यह समझ नहीं आता कि वे भाजपा के हिंदुत्व की पिच पर बल्लेबाजी करें या फिर अपनी पिच खुद बनाएं। अखिलेश की राजनीति देखकर लगता है कि सत्ता से दूरी को पाटने के लिए वे हिंदुत्व की उसी पिच पर उतरने की तैयारी में हैं, जिसे भाजपा ने बनाया है। चूंकि वे इटावा में केदारनाथ मंदिर का प्रतिरूप भी बनवा रहे हैं, इसलिए कह सकते हैं कि वे अपनी तरह की हिंदुत्ववादी राजनीति भी तैयार कर रहे हैं। लालू यादव भी सेक्युलरवादी हैं, लेकिन निजी और पारिवारिक कार्यक्रमों में वे हिंदू परंपराओं को न सिर्फ निभाते हैं, बल्कि उनका जोर-शोर से प्रचार भी करते हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी मंदिरों में जाते दिखते हैं, जबकि वे ईसाई हैं। इसे हिंदुत्व की राजनीति का असर कहें या कुछ और, कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनकी विरोधी महबूबा मुफ्ती हाल में क्षीर-भवानी मंदिर गए। कांग्रेस की राजनीति थोड़ी इतर दिखती है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के एक खेमे की चाह है कि राहुल को भी अयोध्या के राम मंदिर जाना चाहिए। वे ऐसा कर भी सकते हैं, लेकिन शायद उनकी राह में मां सोनिया गांधी के आंसू बड़ी बाधा हैं। हाल में अपनी आत्मकथा को लेकर दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि बाबरी ढांचे के ध्वंस के वक्त वे रो पड़ी थीं। इसके पहले सलमान खुर्शीद ने बताया था कि दिल्ली के बाटला हाउस मुठभेड़ के बाद भी उनके आंसू निकले थे। यह भविष्य बताएगा कि सेक्युलरवादी दलों की हिंदुत्व की राजनीति कितनी दूर तक जाएगी, लेकिन इतना जरूर है कि सत्ता की राजनीति किसी भी हद तक बदल सकती है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)