क्षमा शर्मा। प्रायः कहा जाता है कि बच्चों की कोमल भावनाओं को समझना चाहिए। उन्हें ज्यादा रोकना-टोकना नहीं चाहिए। उनसे किसी बात के लिए न नहीं कहना चाहिए, लेकिन बच्चों के लिए ही काम करने वाले बहुत से संगठन इस पर जोर दे रहे हैं कि यदि आप बच्चे को न नहीं कहते तो उसे हमेशा हां सुनने की आदत पड़ जाती है। वे कभी न सुनना नहीं चाहते। घर में भी हमेशा बच्चों की मांगों को माना नहीं जा सकता, क्योंकि मांगों को पूरा करने में संसाधन और समय भी खर्च होता है। कोई जरूरी तो नहीं कि प्रत्येक परिवार के पास बच्चे की हर इच्छा पूरी करने के संसाधन और सामर्थ्य हों। फिर बच्चा हमेशा घर में तो रहता नहीं। स्कूल भी जाता है, दूसरे बच्चों के साथ खेलता है। बड़ा होकर नौकरी या अपना काम भी करता है। बच्चों के जीवन का यह चक्र बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। यदि किसी बच्चे को बाहर निकलकर न सुननी पड़े तो उनका आत्मविश्वास हिल सकता है। वे अवसाद का शिकार हो सकते हैं। कई बार तो उनका स्वाभाविक विकास प्रभावित हो जाता है।

अपने ही देश के कई बड़े उद्योगपतियों ने अपनी जीवनी में लिखा है कि यदि संसाधन हों तो भी बच्चे को सही जिदंगी जीने का तरीका समझाने के लिए उसकी हर इच्छा पूरी नहीं करनी चाहिए। उसे मेहनत और पैसे की बचत का महत्व समझाना चाहिए। आज के उपभोक्तावादी और प्रतिस्पर्धी युग में इसकी आवश्यकता और बढ़ गई है। बाहर की दुनिया उस कोमलता से भरी नहीं होती, जिसमें हां सुनने वाले तमाम बच्चे रह रहे होते हैं। वे बाहरी दुनिया का मुकाबला आसानी से कर सकें, इसके लिए समय-समय पर उनसे न कहना भी जरूरी है। यदि अपने यहां के पुराने पारिवारिक ढांचे को देखें तो वहां यही कहा जाता था कि यदि बच्चों को बिगाड़ना है तो उनकी हर जिद पूरी करो। यदि उन्हें जीवन जीने का सही तरीका समझाना है तो उनकी हर मांग पूरी न करें। बुजुर्गों की इन सीखों का समर्थन कई शोध भी कर रहे हैं। मनोविज्ञान और न्यूरो साइंस से जुड़ी कई रिसर्च कहती हैं कि बच्चे का न सुनना उसके स्वस्थ दिमाग के विकास के लिए जरूरी है। जब बच्चे न सुनते हैं तो चाहे वे उस वक्त नाराज हों, पर इसके बारे में सोच-विचार भी करते हैं। अनेक मामलों में जिस बात के लिए न की गई होती है, वे दोबारा उसकी चर्चा नहीं करते। इन रिसर्च में यह भी कहा है कि बच्चों के सामने एक सीमा रेखा हमेशा खींचनी चाहिए।

बच्चों को यह बताना जरूरी है कि वे क्या कर सकते हैं और क्या नहीं? यह जानना भी आवश्यक है कि माता-पिता या अन्य परिवार वालों के लिए उनकी कौन सी मांग पूरी करना संभव है और कौन सी नहीं? ऐसा करने से बच्चे धैर्यवान बनते हैं, दूसरे की इच्छा का सम्मान करना सीखते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति क्या है, इसलिए उन्हें अपनी जरूरत कितनी बढ़ानी है, इस पर भी विचार करते हैं। बच्चों में इतनी समझ होती है कि वे कम उम्र में ही वास्तविकता पहचान सकते हैं। जीवन और इस दुनिया की सच्चाई क्या है, वे इस पर भी ध्यान केंद्रित करते हैं। मनोविज्ञानियों ने इस बारे में कई उदाहरण दिए हैं। मान लीजिए एक बच्चा पार्क में खेल रहा है। अंधेरा घिर आया है। घर लौटने का समय हो गया, लेकिन बच्चा अभी और खेलना चाहता है। घर लौटने की बात पर वह रूठ जाता है। ऐसे में उससे कैसे न कहें कि वह दुखी भी न हो और अपनी सीमा को भी समझ जाए। इसका उदाहरण इस तरह दिया गया है, 'मुझे पता है कि तुम और खेलना चाहते हो और पार्क छोड़कर जाना तुम्हें बुरा लग रहा है, लेकिन अब और नहीं खेला जा सकता। हमें घर जाना है। यह घर जाने का समय है।' इसी तरह यदि बच्चा कोई सामान लेने के लिए अड़ जाए तो कभी समझाकर, कभी कठोरता से न कहना पड़ता है। आजकल तो यह देखने में आता है कि माल या दुकान में खड़े होकर वह जो मांग रहा होता है, उसे माता-पिता खरीद देते हैं। ऐसा बच्चा कल ऐसा कुछ मांग सकता है, जिसे खरीदने के पैसे न हों या जो उसके लिए सही न हो, तब तो न कहना ही पड़ेगा।

आजकल कई बार बच्चे मोबाइल फोन लेने के लिए अड़ जाते हैं। कई मां-बाप उन्हें दिला भी देते हैं, जबकि तमाम अध्ययन यही कह रहे हैं कि एक खास उम्र तक बच्चों के लिए मोबाइल हानिकारक है। इसलिए उनसे कहना ही पड़ेगा-तुम्हें अभी फोन नहीं मिलेगा। बहुत से बच्चे मनपसंद चीज न मिलने के कारण रोते हैं, सामान इधर-उधर फेंकने लगते हैं और खाना-पीना बंद कर देते हैं। अनेक माता-पिता बच्चों की ऐसी जिद के आगे झुक जाते हैं। उन्हें लगता है कि बच्चा इस तरह रोएगा और कुछ खाएगा-पिएगा नहीं तो उसका कुछ नुकसान न हो जाए, जबकि यह एक तरह से अपनी बात मनवाने के लिए बच्चों की ब्लैकमेलिंग होती है। यदि माता-पिता एक बार इस तरह उनके आगे झुक जाएं तो वे हमेशा अपनी बात पूरी कराने के लिए इसी तरह की जिद करेंगे। इसलिए बच्चों की हर जिद और मांग के आगे न झुकें। बच्चे की हर शिकायत को सही न मानकर उसके अच्छे-बुरे पर भी विचार करें। चाहे बच्चे की मंशा गलत न हो, मगर कई बार वे बहाने भी बनाते हैं। खुद के बचाव के लिए दूसरों का नाम भी लेते हैं। दरअसल छुटपन में वे व्यवहार के बहुत से तरीके सीखते हैं। यही वह समय है, जब उन्हें अच्छा-बुरा बताया जाना चाहिए। आज के समय में ऐसा करना और भी आवश्यक हो गया है।

(लेखिका साहित्यकार हैं)