रशीद किदवई। गांधी-नेहरू परिवार से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर भारत में हमेशा से उत्सुकता का एक भाव रहा है। सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बीलोंगिंग: ए जर्नी आफ लव' ने इस उत्सुकता के भाव को बढ़ा दिया है। उन्होंने जो कुछ लिखा है, उसके विभिन्न पहलुओं पर खूब चर्चा हो रही है और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी चल निकला है, लेकिन इनमें एक प्रमुख चर्चा परिवार की दो बहुओं सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच समीकरणों को लेकर है।

सोनिया गांधी की पुस्तक ने दोनों के बीच रिश्तों को लेकर नए सिरे से बहस शुरू कर दी है। सोनिया ने अपने संस्मरण में मेनका के साथ शुरुआती दिनों के अपने जुड़ाव से लेकर उनके घर छोड़ने तक के घटनाक्रम को याद किया है। जहां एक ओर उन्होंने मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और खराब बर्ताव की खुलकर आलोचना की है, वहीं महज 23 साल की उम्र में पति संजय गांधी को खोने के बाद उनके हिस्से आई गहरी वेदना को भी भीतर तक महसूस किया है।

सोनिया के अनुसार शुरुआत में मेनका के साथ सब कुछ अच्छा चलता रहा। मेनका कभी-कभार नखरें दिखातीं भी तो इंदिरा और सोनिया उन्हें उम्र में छोटा समझकर नजरअंदाज कर देते, लेकिन कुछ समय बाद घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर भी तनाव बढ़ने लगा। जल्द ही ये घरेलू तनाव राजनीतिक दूरियों में तब्दील हो गए और आखिरकार परिवार में बड़ी दरार पड़ गई।

सोनिया के संस्मरण से एक और बड़ी बात यह भी उजागर हुई कि कैसे मेनका की वजह से दोनों भाइयों राजीव और संजय के आपसी रिश्ते भी तनावपूर्ण होते चले गए। सोनिया के अनुसार संजय की राजनीतिक गतिविधियों में मेनका की लगातार बढ़ती दखलंदाजी का परोक्ष असर राजीव और संजय के भाईचारे पर भी गहराने लगा था। संजय और मेनका की शादी के चंद महीनों बाद ही पारिवारिक सदस्यों के आपसी रिश्ते कितने तल्ख हो गए थे, इसका जिक्र सोनिया की इस किताब से पहले भी कई लब्धप्रतिष्ठ विश्लेषकों एवं लेखकों ने भी समय-समय पर अपने संस्मरणों में किया है।

सोनिया गांधी पर पेंगुइन से प्रकाशित मेरी किताब ‘सोनिया: ए बायोग्राफी’ में पत्रकार एवं लेखक खुशवंत सिंह द्वारा उद्धृत एक वाकया गौरतलब है। बकौल खुशवंत सिंह, ‘एक बार राजीव और सोनिया अपने एक बच्चे की जन्मतिथि मना रहे थे। उस मौके पर मैं भी मौजूद था। मैंने देखा कि दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों के साथ घर के अलग-अलग छोर पर थे, मानो उनका एक-दूसरे से कोई लेना-देना ही न हो।’ बीके नेहरू ने भी अपने संस्मरण ‘नाइस गाइज फिनिश सेकंड’ में इंदिरा गांधी के 12, विलिंग्डन क्रिसेंट वाले घर (जहां 1977 में सत्ता से बेदखल होने के बाद इंदिरा गांधी पूरे परिवार के साथ करीब ढाई साल रही थीं) में बिगड़ते रिश्तों का वर्णन इस तरह से किया, ‘घर के कामकाज को लेकर अक्सर समस्याएं रहती थीं। भोजन पकाने का दायित्व सोनिया का था और मेनका सिर्फ खाने का काम करती थीं।इंदिरा के दोनों बेटों और उनकी पत्नियों के बीच संबंध अच्छे नहीं रह गए थे।'

सोनिया गांधी से लेकर खुशवंत सिंह और बीके नेहरू तक के संस्मरण इस ओर संकेत करते हैं कि मेनका के प्रवेश के बाद से ही परिवार का माहौल किस तरह कटुतापूर्ण हो गया था। इसमें स्वयं मेनका की अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा का तो हाथ था ही, उनकी मां अमृतेश्वर आनंद की भूमिका भी कुछ कम नहीं रही। इसका इशारा सोनिया ने भी अपनी किताब में किया है। उनके मुताबिक, संजय के निधन के बाद मेनका की मां चाहती थीं कि उनकी बेटी सीधे राजनीति में आ जाएं, जबकि इंदिराजी का कहना था कि इसके लिए उनके पास बहुत वक्त है।

अभी उन्हें अपने कुछ महीने के बेटे वरुण पर ध्यान देना चाहिए, मगर शायद मेनका की मां को आशंका थी कि संजय के निधन के बाद पार्टी में मेनका को किनारे कर दिया जाएगा और संजय के रहते उन्हें जो राजनीतिक प्रभाव हासिल था, वह खत्म हो जाएगा। उनकी आशंकाओं को यह बल उन चर्चाओं से भी मिलने लगा था कि संजय के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत अब राजीव संभालेंगे। मेनका गांधी के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था, क्योंकि इंदिरा गांधी ने उन्हें अपना निजी सचिव बनाने का वादा किया था।

इसके बाद से ही राजनीति में अपनी जगह बनाने के लिए मेनका ने स्वतंत्र रूप से कदम उठाने शुरू कर दिए। राजनीति में नई होने के बावजूद उन्होंने अपने पत्ते अच्छे से फेंटे और इंदिरा के घर से बाहर निकलने का वक्त भी खुद तय किया। इसके बाद इंदिरा की दोनों बहुओं की राह हमेशा के लिए अलग हो गईं। आगे चलकर जहां सोनिया ने कांग्रेस की कमान संभाली, वहीं मेनका को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने का रास्ता कांग्रेस के धुर विरोधी दलों के साथ जुड़ने में दिखाई दिया।

गांधी परिवार से जुड़ी अन्य कुछ किताबें भी इन दोनों के रिश्तों पर रोशनी डालती हैं। जैसे कैथरीन फ्रैंक की पुस्तक ‘इंदिरा: द लाइफ आफ इंदिरा नेहरू गांधी’ ने दोनों बहुओं के बीच कलह की आग में एक तरह से घी डालने का काम किया। मेनका ने किताब में संजय से जुड़ी घिसी-पिटी कहानियों को शामिल करवाने के पीछे सोनिया का हाथ होने का आरोप लगाया था। इन आरोपों पर सोनिया ने स्वयं तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उनकी ओर से मेनका पर प्रहार करने की जिम्मेदारी नटवर सिंह ने संभाली।

समय-समय पर ऐसे रहस्योद्घाटनों के बावजूद पिछले कई वर्षों से इंदिरा गांधी की दोनों बहुओं के बीच एक तरह से ‘युद्ध विराम’ की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब सोनिया ने अपने संस्मरणों में जिस तरह मेनका को लेकर पुराने पन्ने पलटे हैं, उससे दोनों परिवारों के बीच चल रही यह शांति कितनी प्रभावित होगी, यह पूरी तरह मेनका गांधी के रुख पर निर्भर करेगा। सोनिया की किताब रिलीज होने के बाद से अभी तक मेनका की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। क्या वे हमेशा की तरह सही वक्त का इंतजार कर रही हैं? इसका जवाब शायद जल्द ही मिल जाएगा। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)