जागरण संपादकीय: आतंक ने फिर सिर उठाया
भारत को उससे तब तक सतर्क रहना होगा, जब तक उसकी जमीन पर आतंकियों के अड्डे खत्म नहीं हो जाते।
HighLights
कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ के एक नाके पर आतंकी हमला इस आवश्यकता को फिर से रेखांकित कर रहा है कि जम्मू-कश्मीर में अभी आतंकवाद की कमर पर और चोट करना शेष है। चिंताजनक केवल यह नहीं कि सीआरपीएफ नाके पर हुए हमले में तीन जवान घायल हो गए, बल्कि यह भी है कि घात लगाकर गोलीबारी करने के बाद आतंकी भागने में सफल रहे। बहुत संभव है कि देर-सबेर उन्हें ढेर कर दिया जाए, लेकिन इस पर तो ध्यान दिया ही जाना चाहिए कि उन्हें स्थानीय स्तर पर किसी ने शरण दी होगी।
हालांकि जम्मू-कश्मीर में आतंक अंतिम सांसें ले रहा है और आतंकी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है, लेकिन वह तब तक दम तोड़ने वाला नहीं, जब तक आतंकियों को स्थानीय स्तर पर समर्थन और संरक्षण मिलना बंद नहीं होता। स्पष्ट है कि आतंकियों के खुले-छिपे समर्थकों के खिलाफ और कठोरता दिखानी होगी। इसके लिए सुरक्षा बलों को अपनी रणनीति भी बदलनी होगी, क्योंकि उनकी सख्ती के चलते हाइब्रिड किस्म के आतंकी और उनका साथ देने वाले ओवर ग्राउंड वर्कर उभर आए हैं। हाइब्रिड आतंकी वे तत्व हैं, जो सामान्य लोगों जैसे रहते हुए आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
इसी तरह ओवर ग्राउंड वर्कर भी आम लोगों की तरह जीवन-यापन करते हुए आतंकियों को शरण देने, उन्हें सूचनाएं पहुंचाने और उनके हथियारों को इधर-उधर करने का काम करते हैं। चूंकि इन तत्वों की पहचान करना कठिन होता है, इसलिए सुरक्षा बलों की तमाम सतर्कता के बाद भी आतंकी जब-तब हमले करने में सफल हो जाते हैं। ऐसे हमले उनकी हताशा के साथ-साथ उनके दुस्साहस को भी बयान करते हैं।
इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती कि कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों को उसी दिन निशाना बनाया गया, जिस दिन उपराज्यपाल शहर के एक कालेज में तीन दिनों तक चलने वाले एक सांस्कृतिक-व्यापारिक उत्सव में शामिल होने गए थे। ऐसे मौके पर आतंक का सिर उठाना शुभ संकेत नहीं। निःसंदेह अनुच्छेद 370 के खात्मे के बाद जम्मू-कश्मीर का माहौल बदला है, लेकिन शायद अभी वह समय नहीं आया कि उसके पूर्ण राज्य के दर्जे को बहाल करने पर विचार किया जाए।
चूंकि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को नए सिरे से खाद-पानी देने की कोशिश में है, इसलिए यह भी आवश्यक है कि नियंत्रण रेखा को पूरी तरह अभेद्य बनाया जाए। इसी के साथ पाकिस्तान को यह स्पष्ट संदेश देने में संकोच न किया जाए कि वह आपरेशन सिंदूर भूलने की गुस्ताखी न करे। पाकिस्तान को यह पता चलते रहना चाहिए कि आतंक के सहारे भारत को नुकसान पहुंचाने की उसकी कोई भी कोशिश उस पर बहुत भारी पड़ेगी। भारत को उससे तब तक सतर्क रहना होगा, जब तक उसकी जमीन पर आतंकियों के अड्डे खत्म नहीं हो जाते।
-1794414489305_v.webp)



-1794324713307_v.webp)






