डॉ. कुमार आशीष। कुछ पर्व कैलेंडर पर दर्ज होते हैं, कुछ स्मृतियों में और कुछ मनुष्य की सामूहिक चेतना में। छठ ऐसा ही पर्व है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आत्मानुशासन, सामाजिक समानता और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की अद्भुत भारतीय परंपरा है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों से निकलकर आज छठ देश-दुनिया के अनेक हिस्सों तक पहुंच चुकी है। इसकी भौगोलिक यात्रा चाहे जितनी लंबी हुई हो, इसका मूल तत्व अब भी उसी मिट्टी, नदी, पोखर और परिवार से जुड़ी है, जहां से इस लोक-परंपरा ने आकार लिया। छठ मूलतः सूर्योपासना का पर्व है। सूर्य हमारे लिए केवल आकाश में चमकता हुआ खगोलीय पिंड नहीं, बल्कि जीवन और ऊर्जा का प्रत्यक्ष स्रोत है। प्रकाश, ऊष्मा और कृषि-चक्र से लेकर पृथ्वी पर जीवन की निरंतरता तक, हमारी सभ्यता का अस्तित्व सूर्य से गहराई से जुड़ा है। इसलिए छठ में सूर्य को अर्घ्य देना उस प्रकृति के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करना है, जिस पर हमारा जीवन निर्भर है।

छठ की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है-कृतज्ञता। आधुनिक जीवन ने हमें अधिकारों की भाषा तो खूब सिखाई है, पर कर्तव्यों और कृतज्ञता की भाषा पीछे छूटती जा रही है। छठ हमें याद दिलाती है कि मनुष्य प्रकृति का स्वामी नहीं, उसका हिस्सा है। जिस सूर्य से ऊर्जा मिलती है, जिस जल से जीवन चलता है, जिस मिट्टी से अन्न, फल- सब्जियां पैदा होती हैं और जिन किसानों की मेहनत से वह हमारे तक पहुंचती हैं, उन सबके प्रति आभार व्यक्त करना भी सभ्यता का हिस्सा है। शायद इसी कारण छठ की पूजा में प्रकृति स्वयं पूजा की सामग्री बन जाती है। सूप और दउरा बनाने वाले कारीगर, फल पैदा करने वाले किसान और छोटे विक्रेता-सभी इस पर्व की सामाजिक संरचना के अभिन्न अंग बन जाते हैं। प्रसाद में स्थानीय और मौसमी फलों का महत्व उपभोक्तावादी प्रदर्शन से बिल्कुल अलग संदेश देता है।

छठ हमें सिखाती है कि पूजा की पवित्रता भावना, श्रम और शुचिता में है। इस पर्व का दूसरा अद्भुत पक्ष है-समानता। छठ के घाट पर कोई वीआइपी नहीं होता। हर व्यक्ति सूर्य के सामने समान है। स्त्री हो या पुरुष, संपन्न हो या साधारण, शहरी हो या ग्रामीण-सबकी पहचान केवल एक व्रती और श्रद्धालु की होती है। छठ का एक और संदेश है-डूबते सूर्य को अर्घ्य देना। हमारी सामाजिक मानसिकता प्रायः केवल सफलता, शक्ति और उपलब्धि का अभिनंदन करती है। इसके विपरीत छठ हमें अस्त होते सूर्य के प्रति भी उतनी ही श्रद्धा रखना सिखाती है, जितनी उगते सूर्य के प्रति। यह जीवन के उतार-चढ़ाव को स्वीकार करने का दर्शन है। सफलता में विनम्र रहना और अवसान में भी सम्मान बनाए रखना-आज के प्रतिस्पर्धी समाज के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। छठ आत्मानुशासन की भी अनुपम मिसाल है। लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत, स्वच्छता, सात्विकता और संयम इसे केवल पूजा तक सीमित नहीं रहने देते, बल्कि शरीर और मन को अनुशासन में रखने की साधना बन जाते हैं।

छठ की शक्ति केवल घाट तक सीमित नहीं है। यह परिवार को, पड़ोस को जोड़ती है और सबसे बढ़कर उस व्यक्ति को उसकी जड़ों से, जो रोजी-रोटी की तलाश में हजारों किलोमीटर दूर चला गया है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद या विदेश में रहने वाले लाखों लोगों के लिए छठ घर लौटने का भावनात्मक निमंत्रण है। किसी के लिए यह मां के हाथ का प्रसाद पाने की इच्छा है, किसी के लिए बचपन के घाट पर लौटने की लालसा और किसी के लिए महीनों बाद अपने बच्चों को देखने की उम्मीद, लेकिन आधुनिक समय में छठ हमारे सामने एक महत्वपूर्ण प्रश्न भी रखती है-क्या हम जिस नदी- पोखर और प्रकृति की पूजा करते हैं, उसकी रक्षा भी उसी श्रद्धा से कर रहे हैं? यदि हम गंगा किनारे खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य दें और उसी जल में प्लास्टिक, पालीथिन अथवा पूजा सामग्री फेंक दें तो हमारी आस्था अधूरी है। छठ का मूल दर्शन ही स्वच्छता और प्रकृति सम्मान का है। इसलिए आज आवश्यकता है कि छठ को ग्रीन और जीरो-वेस्ट महापर्व बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास हो।

आज जब मनुष्य तकनीक और उपभोग की तेज दौड़ में प्रकृति से दूर होता जा रहा है, तब छठ हमें फिर से नदी या किसी अन्य जलस्रोत किनारे खड़ा करती है। वहां न कोई भव्य मंच है, न दिखावे की आवश्यकता। हाथ में सूप है, उसमें कुछ फल हैं, सामने जल है और क्षितिज पर सूर्य है। उस क्षण मनुष्य अपने अस्तित्व के मूल स्रोतों के सामने खड़ा होता है और कहता है-धन्यवाद। शायद छठ की सबसे बड़ी शक्ति यही है। यह हमें केवल पूजा करना नहीं सिखाती, कृतज्ञ होना भी सिखाती है। यह केवल घर लौटना नहीं सिखाती, अपनी जड़ों को जानना-पहचानना भी सिखाती है। यह केवल सूर्य को अर्घ्य देना नहीं सिखाती, उस प्रकृति की रक्षा करने का दायित्व भी याद दिलाती है, जिसके बिना हमारा अस्तित्व संभव नहीं। छठ को क्षेत्र विशेष की सांस्कृतिक पहचान कह देना उसके विराट अर्थ को सीमित कर देना होगा। यह भारतीय जीवन-दर्शन का वह लोकपर्व है, जिसमें आस्था, विज्ञान, परंपरा, आधुनिकता, व्यक्ति, समाज और प्रकृति-सभी एक ही घाट पर आकर खड़े हो जाते हैं।

(लेखक बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं)