कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की चर्चित पुस्तक 'बीलोंगिंग: ए जर्नी आफ लव' उनकी वैसी ही आत्मकथा है, जैसी आमतौर पर होती हैं और जिनमें लेखक अपनी सुविधानुसार लिखता है तथा स्वयं की छवि निखारने के लिए तथ्यों की अनदेखी भी कर देता है। ऐसी ही कोशिश सोनिया गांधी ने भी की है, पर वे असफल ही रहीं, क्योंकि इसमें उन्होंने कई प्रसंगों को जिस तरह लिखा, वह तथ्यों से मेल नहीं खाता। इसी कारण उनकी पुस्तक की कई बातों को चुनौती दी जा रही है। उन्होंने अपनी पुस्तक में यह लिख दिया कि गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने के कारणों को लेकर अब भी विवाद है। इस घटना में अयोध्या से अहमदाबाद लौट रहे लगभग साठ कारसेवकों की उनकी बोगी के अंदर ही पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था। इसके बाद गुजरात में दंगे भड़क उठे थे। उस समय कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेताओं ने ऐसे बयान देकर गुजरात के लोगों के आक्रोश को बढ़ाने का ही काम किया था कि ट्रेन में आग दुर्घटनावश लगी। बाद में उच्च स्तर पर हुई सघन जांच और अदालती कार्यवाही में यही प्रमाणित हुआ कि ट्रेन में आग जानबूझकर लगाई गई थी।

इस पर हैरानी नहीं कि गोधरा की घटना की जांच में शामिल रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सीबीआइ के पूर्व निदेशक राकेश अस्थाना ने सोनिया गांधी के निष्कर्षों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रेन में आग सुनियोजित साजिश के तहत लगाई गई थी और उस पर महज राजनीतिक कारणों से संदेह जताया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू यादव ने बनर्जी आयोग गठित कर उन्हें फंसाने की कोशिश की थी। ध्यान रहे गुजरात हाई कोर्ट ने इस आयोग के गठन को अवैध और अमान्य करार दिया था। यह आश्चर्यजनक है कि सोनिया गांधी ने इस सच के साथ इसकी भी अनदेखी कर दी कि गोधरा कांड की साजिश रचने वालों को सजा सुनाई जा चुकी है।

आपातकाल, शाहबानो प्रकरण, सिख विरोधी दंगों, अयोध्या मामले समेत अन्य प्रसंगों और विशेषकर राजनीति एवं समाज पर असर डालने वाले मामलों पर भी लिखते हुए सोनिया गांधी न केवल सच बयान करने से बची हैं, बल्कि उन्होंने उन्हें बिल्कुल भिन्न रूप से पेश किया है, ताकि उनका या फिर कांग्रेस का पक्ष सही साबित हो। इसमें भी वे नाकाम रहीं, क्योंकि इनमें अनेक प्रसंग ऐसे हैं, जिनका नुकसान खुद कांग्रेस को उठाना पड़ा। यह सही है कि कोई लेखक आत्मकथा में अपनी बात अपने दृष्टिकोण से लिखता है और यह जरूरी नहीं कि सभी उससे सहमत हों, लेकिन आखिर ऐतिहासिक तथ्यों को झुठलाने वाली बातें कैसे स्वीकार्य हो सकती हैं? चूंकि उन्होंने अपनी आत्मकथा में बहुत कुछ अपने राजनीतिक चश्मे से लिखा है, इसलिए इसमें संदेह है कि इससे उनकी साख बढ़ेगी।