प्रवीण कौशल। हाल में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी यानी आउटेज ने भारत समेत दुनिया के 74 देशों में करोड़ों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस गड़बड़ी से माइक्रोसॉफ्ट 365, आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी लोकप्रिय सेवाएं ठप हो गईं। इसका असर आम यूजर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एयरलाइंस, अस्पतालों, बैंकों, सरकारी दफ्तरों और अदालतों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। करीब 16 घंटे से अधिक समय तक सेवाओं में बाधा बनी रही। कुछ असहज करने वाली खबरें आने लगीं। जैसे-ब्रिटेन के कुछ अस्पतालों ने नियमित अपाइंटमेंट रद कर दिए और कागज पर लौट आए, क्योंकि उनके शेड्यूल आउटलुक में ही थे। डाक्टर प्रिस्क्रिप्शन के अनुरोध नहीं देख पा रहे थे। पुलिस बलों ने लोगों से अपराध की सूचना फोन पर देने को कहा, क्योंकि आनलाइन फार्म काम करना बंद कर चुके थे। जापान के एक मंत्रालय के अधिकारियों ने काम जारी रखने के लिए दस्तावेज प्रिंट किए। अमेरिका के कोलोराडो के एक शहर में जमानत के भुगतान अटक गए। हमारे यहां भी विमान कंपनियों ने यात्रियों को चेताया कि उनका ईमेल सपोर्ट प्रभावित है और एक टेलीकाम आपरेटर के काल सेंटरों पर काल की बाढ़ आ गई। कुछ ट्रेडर्स ने सौदों की पुष्टि फोन-फैक्स से की।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि यह गड़बड़ी नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए एक अपग्रेड से आई। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इसका हैकरों या एआइ से कोई लेना-देना नहीं था। यह बात भी चिंतित करने वाली है। दुश्मन सरकारें इतनी बड़ी व्यवस्थाओं को ठप करने की कोशिश में वर्षों लगाती हैं और भारी पैसा खर्च करती हैं, फिर भी ज्यादातर नाकाम रहती हैं। इस बार किसी को कोशिश ही नहीं करनी पड़ी। एक मामूली मेंटेनेंस के काम ने यह कर दिया। इसके अगले ही दिन नेटवर्क में आई खराबी ने अमेरिका में चार घंटे से अधिक समय तक हजारों उड़ानों को रोक दिया। इसमें भी कोई बाहरी हमलावर नहीं था। दो दिनों की ये विफलताएं एक ही दिशा में इशारा करती हैं। आजकल हमारी सबसे बड़ी व्यवस्थाओं को बाहरी हमले की तुलना में रोजमर्रा के कामकाज के दौरान अंदर से फेल होने की आशंका कहीं अधिक है। जब कुछ सर्वर बंद हुए, तो उनका ट्रैफिक बाकी सर्वरों पर लद गया और फिर वे भी ठप हो गए। माइक्रोसॉफ्ट ने माना कि उसने जिन सर्वरों को दोबारा चालू किया, उनमें से कुछ ट्रैफिक लौटते ही फिर से ठप हो गए। उसके शुरुआती सुधार काम नहीं आए। आखिरकार इंजीनियरों को सिस्टम धीरे-धीरे, लगभग एक-एक हिस्सा करके और हर कदम की जांच करते हुए ठीक करना पड़ा। कंपनी के बाहर के कुछ इंजीनियरों का मानना है कि कोड में कोई खामी वर्षों से दबी पड़ी थी और हाल के बदलाव ने उसे उजागर कर दिया।

इसकी असली वजह जो भी हो, ऐसे सिस्टम को फिर से खड़ा करना लोगों पर निर्भर करता है। खास तौर पर उन लोगों पर, जो जानते हैं कि एक पुराना और व्यापक सिस्टम वास्तव में कैसे जुड़ा है। यह जानकारी न तो जल्दबाजी में भर्ती करके हासिल की जा सकती है, न ही एआइ से जेनरेट की जा सकती है। कंपनी में पुराने नेटवर्क को जानने वाले कम हो गए हैं। यह उन फैसलों का नतीजा है, जो कहीं ऊपर लिए गए। सत्या नडेला कह चुके हैं कि कंपनी के कुछ प्रोजेक्ट्स में एआइ पहले से ही कोड का अच्छा-खासा हिस्सा लिख रहा है। माइक्रोसॉफ्ट इस साल लगभग 175 अरब डालर खर्च करने की उम्मीद कर रहा है, जिसका ज्यादातर हिस्सा एआइ इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जाएगा। इस साल की शुरुआत में उसने लगभग 9,000 अमेरिकी कर्मचारियों को बायआउट की पेशकश की, फिर जुलाई में 4,800 नौकरियां घटाईं और आउटेज से मुश्किल से दो हफ्ते पहले लगभग 60,000 लोगों यानी वहां काम करने वाले हर चार में से एक से भी अधिक कर्मचारी को स्वैच्छिक विदाई की पेशकश की।

सवाल है कि क्या इसकी वजह से माइक्रोसॉफ्ट ग्राहक खोएगी? निश्चित रूप से नहीं। किसी बड़े संगठन को आउटलुक और टीम्स से हटाने में एक साल, बहुत सारी री-ट्रेनिंग और भारी-भरकम कंसल्टिंग बिल लगता है। कोई भी एक दिन की परेशानी के कारण यह सब मोल नहीं लेगा। माइक्रोसॉफ्ट यह जानती है। जब ग्राहक सचमुच छोड़कर जा ही नहीं सकते, तो वह इस आउटेज को शायद ही गंभीरता से ले। यह काम किसी और को करना होगा। 2008 के बाद हमने तय किया कि बैंकों की बातों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं किया जा सकता। आज गिनी-चुनी क्लाउड और साफ्टवेयर कंपनियां सभी अस्पतालों, अदालतों, संसदों, एयरलाइंस और स्टाक एक्सचेंजों का बोझ उठा रही हैं। उनकी भी उतनी ही कड़ी जांच होनी चाहिए। अगले बड़े आउटेज से पहले। उन्हें यह साबित करना चाहिए कि वे किसी खराबी से कुछ घंटों में उबर सकती हैं।

भारत को इसके लिए दबाव बनाना चाहिए। हमारे मंत्रालय, बैंक, आइटी कंपनियां और एयरलाइंस इन्हीं गिनी-चुनी कंपनियों पर निर्भर हैं। रिजर्व बैंक बैंकों से अपेक्षा करता है कि वे किसी अहम वेंडर के ठप होने की स्थिति के लिए वैकल्पिक योजना बनाकर रखें। अब यह सोच बैंकिंग से आगे भी जाना चाहिए। बड़े खरीदार भी बहुत कुछ कर सकते हैं। उन्हें अनुबंधों में रिकवरी ड्रिल, स्वतंत्र आडिट और जुर्माने का प्रविधान शामिल करना चाहिए।

(लेखक वर्डा एआई के निदेशक हैं)