जागरण संपादकीय: भारत समिट के बहाने
कांग्रेस ने भारत समिट को जिस तरह गुटनिरपेक्ष आंदोलन की विरासत को पुनर्जीवित करने का प्रयास भी बताया, उससे यही लगता है कि वह यह बुनियादी बात भूल गई है कि विदेश नीति किसी दल विशेष की नहीं, बल्कि देश की होती है।
HighLights
कांग्रेस का भारत समिट मोदी विरोधी आयोजन बना।
विदेशी वक्ताओं ने भारतीय चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए।
इतालवी नेता ने राहुल गांधी की उपस्थिति में नारा लगाया।
अपनी तेलंगाना सरकार के सहयोग से कांग्रेस की ओर से हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय भारत समिट का उद्देश्य भले ही विश्व की प्रगतिशील शक्तियों को एक मंच पर लाना बताया गया हो, लेकिन यह मोदी सरकार विरोधी आयोजन के रूप में ही अधिक चर्चित हुआ। इस आयोजन की ऐसी छवि बनने के लिए कांग्रेस अपने अतिरिक्त अन्य किसी को दोष नहीं दे सकती। इस सम्मेलन को भारत की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष और नेहरू जी की 137वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, लेकिन इसमें विदेश के ऐसे वक्ताओं को विशेष रूप से बुलाया गया, जो मोदी सरकार के अंध विरोधी के तौर पर जाने जाते हैं। इसी कारण सरकार ने कई लोगों को वीजा देने से इन्कार किया।
वैसे तो इस सम्मेलन में एआई, आर्थिक न्याय, जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई, पर यह इसलिए विवाद के केंद्र में आ गया कि इटली के एक समाजवादी नेता जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी की उपस्थिति में भारतीय चुनाव प्रणाली और लोकतंत्र पर सवाल उठाते हुए हिंदी में 'वोट चोर-गद्दी छोड़' का नारा भी लगाया। स्पष्ट है कि यह उन्हें सिखाया-रटाया गया होगा। इसकी पुष्टि उनके इस कथन से होती है, 'कुछ दिन पहले पारदर्शी वोटर लिस्ट के लिए राहुल गांधी के अभियान में रामलीला मैदान तक मार्च करने वाले हमें यही याद दिलाते हैं कि लोकतंत्र की रक्षा ऐसे लोग ही करते हैं।' उनका यह कथन राहुल गांधी की इसी रट की याद दिलाता है कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और संविधान भी खतरे में है। वे ऐसी ही बातें देश के साथ विदेश में भी कहते रहते हैं और अपनी विदेश यात्राओं में ऐसे लोगों से खास तौर पर संपर्क-संवाद करते हैं, जो मोदी विरोधी एजेंडा चलाते हैं।
निःसंदेह यह कोई अपराध नहीं कि कोई विदेशी अपने यहां अथवा भारत आकर भारत सरकार की आर्थिक-व्यापारिक अथवा विदेश नीति से असहमति जताए, लेकिन यदि कोई वोट चोरी जैसा सस्ता जुमला उछालता है तो इसे उसकी क्षुद्रता ही कहा जाएगा। इटली के नेता ने यही किया और इसी कारण उनके ही देश की एक नेता ने उनकी निंदा करते हुए कहा कि करोड़ों मतदाताओं वाले देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना गलत है। यदि कांग्रेस यह समझ रही है कि अपुष्ट-अनर्गल आरोपों के सहारे वह अपनी छवि निखारने के साथ अपना जनाधार बढ़ा लेगी तो यह उसका भ्रम ही है।
फिलिबेक जैसे नेता भी इस मुगालते से बाहर आ जाएं तो अच्छा कि भारत की जनता उनकी बातों पर विश्वास कर लेगी। कांग्रेस ने भारत समिट को जिस तरह गुटनिरपेक्ष आंदोलन की विरासत को पुनर्जीवित करने का प्रयास भी बताया, उससे यही लगता है कि वह यह बुनियादी बात भूल गई है कि विदेश नीति किसी दल विशेष की नहीं, बल्कि देश की होती है।









-1794592840618_v.webp)

