जागरण संपादकीय:कब रुकेंगे सड़क हादसे
राजस्थान और गुजरात में हुए सड़क हादसों में 16 लोगों की मौत ने भारत में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की गंभीर समस्या को उजागर किया है।
HighLights
राजस्थान-गुजरात में 16 मौतों ने सड़क सुरक्षा पर चिंता बढ़ाई।
भारत में प्रतिवर्ष लाखों लोग सड़क हादसों में जान गंवाते हैं।
खराब सड़कें, चालक लापरवाही और ब्लैक स्पॉट मुख्य कारण।
राजस्थान और गुजरात में हुए अलग-अलग दो सड़क हादसों में 16 लोगों की मौत पुन: इसे रेखांकित कर रही है कि तमाम प्रयासों के बाद भी मार्ग दुर्घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसका दुष्परिणाम यह है कि भारत में प्रति वर्ष मार्ग दुर्घटनाओं में मरने और घायल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे संतुष्ट नहीं हुआ जा सकता कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों पर बार-बार चिंता जताने के साथ उन्हें रोकने के उपाय करने की भी बातें कर रहे हैं, क्योंकि कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिल पा रहे हैं।
पिछले दिनों उन्होंने ही बताया था कि प्रतिवर्ष पांच लाख सड़क हादसे हो रहे हैं। इनमें करीब पौने दो लाख लोगों की जान जा रही है। इनमें 66 प्रतिशत 18 से 34 वर्ष की आयु के लोग होते हैं। आखिर मार्ग दुर्घटनाओं और उनमें जान गंवाने वालों की बढ़ती संख्या पर इस तरह से चिंता जताने का क्या महत्व कि अपेक्षित परिणाम सामने न आएं? विडंबना यह है कि एक बड़ी संख्या में मार्ग दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्गों पर हो रही हैं।
गत दिवस कोटा के निकट जिस सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोग मारे गए और छह घायल हो गए, वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही हुआ। इस हादसे में एक क्रूजर गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। आशंका है कि कार के ड्राइवर को झपकी आ गई, लेकिन पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिर ट्रक सड़क पर क्यों खड़ा था? इसी तरह, गुजरात के कच्छ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में सात लोग मारे गए। यहां भी कार और ट्रक में टक्कर हुई।
जब किसी सड़क हादसे में कहीं अधिक लोगों की जान जाती है तो उसका संज्ञान संबंधित राज्य के मुख्यमंत्री समेत राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी लेते हैं, लेकिन जिन मार्ग दुर्घटनाओं में दो-चार लोग मरते हैं, उनका संज्ञान तो स्थानीय नेता भी मुश्किल से ही लेते हैं। भले ही देश में नेशनल हाइवे और एक्सप्रेसवे बढ़ रहे हों, लेकिन इसी के साथ मार्ग दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं। कई मार्ग दुर्घटनाओं में वाहन चालकों का भी दोष होता है, लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि अधिकतर मार्ग दुर्घटनाएं इसलिए हो रही हैं, क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जैसे संस्थान सड़कों का दोषरहित निर्माण सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं। इसका प्रमाण यह है कि खुद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल में कहा कि इंजीनियरों की ढिलाई के कारण ब्लैक स्पाट खत्म नहीं हो रहे और दोषरहित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर भी तैयार नहीं हो पा रही हैं। प्रश्न यह है कि इस सबके लिए जिम्मेदार कौन है?











