विचार: परिवर्तन के दौर में मुस्लिम समाज
विश्व में मुस्लिम आबादी में वृद्धि के साथ ही इस समाज के अंदर से ही मजहबी बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने का रुझान भी बढ़ा है।
HighLights
शंकर शरण। बीते दिनों मुंबई में एक्स-मुस्लिम साहिल पर हमले की घटना चिंतनीय है। वर्तमान में तसलीमा नसरीन, आरिफ हुसैन तेरुवत, साहिल, जफर हेरेटिक और लियाकत अली जैसे एक्स-मुस्लिम अपनी पहचान बना चुके हैं। लियाकत एक्स मुस्लिम आफ केरल नामक संगठन के प्रमुख हैं। तमाम इस्लामी प्रचारक दुनिया भर में इस्लाम के बढ़ते जाने का दावा करते हैं, जबकि सच यह भी है कि मुस्लिम देशों में ही इस्लाम के प्रति उदासीनता बढ़ रही है, विशेषतः युवाओं में। इसे रोकने के लिए इस्लामी शासकों, संगठनों और इमामों के पास दंड, दबाव आदि के सिवा कुछ विशेष नहीं दिखता।
एक्स मुस्लिम साहिल पर हमला इसी का उदाहरण है। किसी व्यक्ति पर उसके विचारों के लिए हमला करना यही साबित करता है कि उसकी बात सच है, जिसका उत्तर देने में विफल होने के कारण उसे चुप कराने के लिए हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। इसीलिए साहिल पर हमले जैसी घटनाओं से युवाओं में इस्लामी मान्यताओं के प्रति संदेह ही बढ़ेगा। इसलिए भी कि तमाम इस्लामी देशों में पिछड़ेपन का ही आलम है। इसे मुस्लिम युवा कब तक नजरंदाज करेंगे! फलतः दुनिया में इस्लाम की बढ़त और घटत का दोहरा नजारा है।
एक ओर दुनिया भर में मुस्लिम आबादी बढ़ रही है और इसे प्यू रिसर्च का ताजा सर्वे भी बताता है, लेकिन दूसरी ओर इस्लाम छोड़ने और उससे उदासीन होने वालों की संख्या में वृद्धि हो रही है। यह क्रम लगातार बढ़ने से एक सीमा के बाद गुणात्मक परिवर्तन होना तय है। सभी प्रमुख मुस्लिम देशों में इस्लाम छोड़ने वालों की संख्या बढ़ने पर है। कुछ वर्ष पहले पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआइए) ने इंटरनेट मीडिया पर चार लाख पाकिस्तानी अकाउंट से इस्लाम-विरोधी प्रचार होने का आंकड़ा दिया था। ईरान में कठोर इस्लामी शासन के बावजूद इस्लामी कायदों के विरुद्ध सार्वजनिक प्रतिवाद और प्रदर्शन की घटनाएं आए-दिन होती रहती हैं। यह संकेत है कि इस्लाम की वैचारिक ताकत पहले की तुलना में काफी कमजोर हो चुकी है। एक्स-मुस्लिमों की बढ़ती संख्या उसी का नतीजा है। चार दशक पहले कहा जाता था कि मुसलमानों में मजहब छोड़ने वाला नहीं होता, लेकिन अब कोई ऐसा नहीं कहता। पहले इस्लाम से दूर होने वाले मुस्लिम गोपन रहते थे। नाम बदल कर लिखा करते थे। अब अपने नाम, फोटो के साथ धड़ल्ले से नियमित और विस्तार से कट्टर इस्लामी मान्यताओं का खंडन करने वाले अनेक एक्स मुस्लिम डिजिटल मीडिया पर सक्रिय हैं।
इस्लामी प्रचार अंदर से कमजोर हो रहा है। कई मुस्लिम देशों में कड़े शरीयत कानून के बावजूद राजकीय तंत्र इस्लाम की आलोचना (ब्लासफेमी) रोकने में विफल है। वर्तमान में इंटरनेट आधारित मीडिया की सुविधा ने तमाम इमामों की क्षमता कमजोर कर दी है। अब वे पहले की तरह इस्लामी सिद्धांत और इतिहास पर अपना एकाधिकार नहीं दिखा सकते कि जैसा चाहें वैसा बताकर मुस्लिमों को मुट्ठी में रखें। यह एक बुनियादी परिवर्तन है। इसने मुस्लिम समाज पर मौलानाओं की पारंपरिक पकड़ घटा दी है। अब मुस्लिम ऐतिहासिक और सैद्धांतिक बातों को स्वयं जानने, परखने और तुलना करने में समर्थ हैं। इससे पारंपरिक उलमा मनमाने निष्कर्ष चलाने में असहाय हो रहे हैं। केवल फेथ और जन्नत-जहन्नुम के इनाम और सजा के दावों के बल पर सभी मुसलमानों को अपनी मुट्ठी में रखना कठिन हो रहा है।
इसी बिंदु पर एक्स-मुस्लिमों की भूमिका बढ़ रही है। वे तथ्य, तर्क, इतिहास और ठोस आधारों पर अपनी बातें रखते हैं। यह सामान्य मानवीय बुद्धि को अधिक प्रभावी लगता है। इस खतरे को समझ कर ही दुनिया भर में कट्टरपंथी इस्लामी तत्व अपने यहां के एक्स-मुस्लिमों पर हमले करते हैं, क्योंकि उनके पास कोई ढंग की दलील नहीं होती। अब सार्वभौमिक डिजिटल मीडिया ने राष्ट्रीय, भौगोलिक, तकनीकी और साधन की समस्याओं को काफी खत्म सा कर दिया है। इसीलिए, बिना किसी निंदा के केवल तथ्य रखने, दूसरे पंथों, समाजों, इतिहास या वर्तमान से तुलना करने और तदनुरूप आलोचना करना सहज हो गया है। यही कारण है पाकिस्तान जैसे देश में जो काम दस साल पहले तक खतरनाक था, अब सामान्य जैसा होता जा रहा है।
आज हजारों पाकिस्तानी इस्लाम की कट्टर मान्यताओं की आलोचना में लिख-बोल रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर एक्स मुस्लिमों के अकाउंट रखने वालों में पाकिस्तानी फौजी, जज और धनी लोगों की संतानें भी हैं। आम लोगों में भी असंख्य लोग केवल डर से इस्लामी रीति-रिवाज का पालन करते हैं, वरना मजहबी कायदे खारिज करने वालों की संख्या बढ़ रही है। यह केवल पाकिस्तान तक सीमित नहीं। मिस्र, तुर्किये, ईरान, सऊदी अरब जैसे कई महत्वपूर्ण मुस्लिम देशों में हजारों लोग इस्लाम छोड़ चुके हैं। औपचारिक बातचीत में भी वे सदियों पुराने कई इस्लामी निर्देशों, मान्यताओं और परंपराओं को खारिज करते हैं। इसे रोकने के लिए केवल दंड का भय दिखाना गलत है। यह सामान्य मुस्लिम भी समझ सकते हैं। बशर्ते कोई उन्हें प्रेरित करे। इसी दिशा में एक्स-मुस्लिम अपना योगदान कर रहे हैं।
एक अर्थ में साहिल जैसे एक्स-मुस्लिम इस्लाम के समक्ष उसी स्थिति में हैं, जैसे मध्ययुग में चर्च के समक्ष गैलीलियो था। उसने कहा था कि पृथ्वी सूर्य के चारों ओर घूमती है। जबकि कैथोलिक चर्च के अधिकारी मानते थे कि सूर्य ही पृथ्वी के चारों ओर घूमता है। चर्च के हाथ में राजनीतिक सत्ता होने के कारण तब गैलीलियो को अपनी बात वापस लेनी पड़ी थी, किंतु कालगति में सत्य के सामने चर्च की सत्ता और जबरन दबदबा भी खत्म हो गया। उसी तरह, आज इस्लामी मतवाद की स्थिति पराभव में है। जिस तरह विज्ञान के विकास ने गैलीलियो की महत्ता स्थापित की, उसी तरह मुस्लिम समाज में ज्ञान का विकास साहिल जैसे बुद्धिवादियों को स्थान देगा। सहिष्णुता, उदारता, विचार स्वतंत्रता और मतभेदों का सम्मान केवल हिंदुओं के लिए ही नहीं, मुसलमानों के लिए भी उपयुक्त है। एक्स-मुस्लिम अपने समाज को यही समझाने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें सरकार और समाज, दोनों को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।
(लेखक राजनीतिशास्त्र के प्राध्यापक एवं वरिष्ठ स्तंभकार हैं)











