राजीव सचान। राहुल गांधी विदेश दौरे पर जो कुछ कहते हैं, वह आम तौर पर विवाद का कारण बनता है। विदेश में ही नहीं, देश में भी उनके बयानों को लेकर विवाद होता रहता है। इसलिए होता है कि भाजपा देश-विदेश में कही गई उनकी हर बात का प्रतिवाद करती है। ठीक यही काम कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी के देश-विदेश में दिए गए बयानों को लेकर करती है। स्थिति यह है कि इधर प्रधानमंत्री मोदी या फिर राहुल गांधी कोई बात कहते हैं, उधर विपक्षी दल के प्रवक्ता उनका विरोध करने के लिए आगे आ जाते हैं। वे कभी यह काम प्रेस कांफ्रेंस के जरिये करते हैं और कभी डिजिटल प्लेटफार्म पर पोस्ट या वीडियो के जरिये। इसके बाद दोनों दलों के प्रवक्ता टीवी चैनलों पर आमने-सामने होते हैं और वहां एक-दूसरे के विरुद्ध तीखे बयान देते दिखते हैं। अब टीवी चैनलों पर राजनीतिक दलों के प्रवक्ताओं की बहस कर्कश और कोलाहल भरी ही अधिक होती है। प्रायः ही उनके बीच तू तू-मैं मैं हो जाती है। टीवी चैनलों पर होने वाली बहसों में राजनीतिक विश्लेषक भी उपस्थित होते हैं, लेकिन उनमें से अनेक ऐसे होते हैं, जो दल विशेष के प्रवक्ता की भूमिका निभाते ही दिखते हैं।

चूंकि परस्पर विरोधी दल हर बात पर एक-दूसरे का विरोध करते हैं, इसलिए राजनीतिक विमर्श का स्तर लचर होता जा रहा है। इसके लिए सभी दल जिम्मेदार हैं। अंतर बस इतना है कि कोई कम है या कोई ज्यादा। कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि राजनीतिक दल अपने ऐसे प्रवक्ताओं को आगे करना पसंद करते हैं, जो ज्यादा उग्र रूप में तीखा से तीखा बोल सकें। इसका ही परिणाम यह है कि आलोचना विरोध से आगे जाकर अंधविरोध का रूप ले चुकी है। आजकल किसी दल की ओर से विरोधी दल की आलोचना का मतलब उसकी हर बात का हर हाल में विरोध करना हो गया है, भले ही इसके लिए दशकों पुराना और यहां तक कि स्वतंत्रता के पहले का कोई दृष्टांत देना पड़े। राजनीतिक दलों में एक-दूसरे के अंधविरोध की होड़ इतनी अधिक बढ़ गई है कि वे यह समझने को भी तैयार नहीं दिखते कि कहीं उसके विरोधी नेता ने कोई उचित या उसके दृष्टिकोण के अनुरूप तो बात नहीं की। हाल में राहुल गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में एक पाकिस्तानी युवा के प्रश्न के उत्तर में वही कहा, जो प्रधानमंत्री मोदी कहते रहे हैं यानी 'पाकिस्तान की ओर से आंतकवाद को समर्थन देते रहने तक उससे बातचीत संभव नहीं।'

भाजपा को कम से कम उनकी इस बात का स्वागत करना चाहिए था, पर उसने इसकी अनदेखी की और उनके अन्य बयानों को आधार बनाकर उनकी जमकर निंदा की। इसी तरह बीते दिनों जब प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की के मंच से कारपोरेट जगत को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि कारोबारी प्रतिस्पर्धा का सामना करने से कन्नी काट रहे, अपनी आरामतलबी नहीं छोड़ रहे और टैक्स में तमाम छूट के बाद भी न तो नौकरियों के अवसर बढ़ा रहे हैं और न ही कर्मचारियों के वेतन तो इसमें कुछ भी गलत नहीं था, लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आया और उसने प्रधानमंत्री के कथन को उनकी हताशा-निराशा करार दिया। जो कांग्रेस यह आरोप लगाती रहती है कि मोदी सरकार चंद उद्यमियों के लिए ही काम कर रही है, वह अचानक इस नतीजे पर पहुंच गई कि प्रधानमंत्री उद्योग जगत में भय एवं दबाव का माहौल बनाने और अपनी सरकार की विफलताओं का ठीकरा कारोबारियों पर फोड़ने का काम कर रहे हैं। वास्तव में ऐसे उदाहरणों की कमी नहीं, जो यह बताते हैं कि विरोध के लिए विरोध की प्रवृत्ति अंधविरोध में बदल गई है। चूंकि राजनीतिक विमर्श में स्वस्थ आलोचना और अंधविरोध के बीच का अंतर मिट गया है, इसलिए डिजिटल मीडिया पर भी विमर्श का स्तर गिरा है।

लगता है राजनीतिक दल स्वस्थ आलोचना और अंधविरोध में अंतर ही भूल गए हैं। सत्ता के साथ ही समाज को सही दिशा देने के लिए स्वस्थ आलोचना आवश्यक होती है। एक समय ऐसा ही होता था, लेकिन पिछले लगभग दो दशकों से आलोचना और विरोध के नाम पर अंधविरोध बढ़ा है। इसका एक दुष्परिणाम यह हुआ है कि दलों के बीच का विरोध भाव शुत्र भाव में तब्दील हो गया है। वे एक-दूसरे को राजनीतिक विरोधी के स्थान पर शत्रु की तरह देखते प्रतीत होते हैं। यही कारण है कि कई बार विपक्ष की ओर से सरकार के संभावित फैसलों का विरोध यह जाने बिना शुरू हो जाता है कि वास्तव में क्या फैसला होने जा रहा है? चूंकि विरोधी दल सरकारों के हर फैसले का विरोध करने के लिए उतावले रहते हैं, इसलिए सरकारें भी यह मानकर चलने लगी हैं कि उन्हें अपने किसी संभावित फैसले को लेकर विरोधी दलों से विचार-विमर्श करने से कोई लाभ नहीं, क्योंकि उन्हें तो बिना सोचे-विचारे उसका विरोध ही करना है।

राजनीतिक दल यह समझें तो बेहतर कि विरोधी दल की हर बात और फैसले का आंख मूंदकर विरोध करने से उनकी विश्वसनीयता ही प्रभावित होती है। यह अपेक्षा नहीं की जाती कि कोई दल अपने विरोधी की किसी उचित बात या फैसले का समर्थन करे, पर वह उसमें संशोधन-परिवर्तन के सार्थक सुझाव तो दे ही सकता है। अब तो सुझाव के नाम पर यह सुनने को मिलने लगा है कि सरकार अपने अमुक विधेयक को वापस ही ले ले। वे उस पर संसदीय समिति में भी विचार करने के लिए तैयार नहीं होते। इसका उदाहरण था विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक।

(लेखक दैनिक जागरण में एसोसिएट एडिटर हैं)