विचार: सच्चाई से मुंह मोड़ती आत्मकथा
सोनिया गांधी ने दूसरों की उपलब्धियों पर अपना दावा करने में कोई संकोच नहीं किया, जबकि परिवार या पार्टी की गलतियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़ा।
HighLights
आत्मकथा में नेहरू-गांधी परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने का प्रयास।
नरसिम्हा राव के आर्थिक सुधारों का श्रेय राजीव गांधी को दिया।
1984 के सिख दंगों पर आरएसएस को गलत तरीके से दोषी ठहराया।
ए. सूर्यप्रकाश। सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बीलोंगिंग:ए जर्नी आफ लव' इन दिनों चर्चा में है। कहने को तो इसमें उनके जीवन से जुड़े संस्मरणों का समावेश है, लेकिन समग्रता में देखा जाए तो पुस्तक के रूप में उनका यह प्रयास नेहरू-गांधी परिवार की गलतियों पर पर्दा डालने और गलतियों का दोष दूसरों पर मढ़ने की कवायद ही अधिक है। इसमें बड़ी चतुराई के साथ जहां तमाम प्रमुख उपलब्धियों का श्रेय अपने परिवार को दिया गया, वहीं नरेन्द्र मोदी सहित परिवार से इतर प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों को अनदेखा किया गया। पुस्तक का सार यही है कि भारत ने जो भी प्रगति की, वह नेहरू-गांधी परिवार की मेहरबानी से ही संभव हुई। उन्होंने हरसंभव तरीके से अन्य प्रधानमंत्रियों के योगदान को उनके अपेक्षित श्रेय से वंचित ही रखा।
मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने बुनियादी ढांचे में जबरदस्त प्रगति की है। सरकार ने सामाजिक कल्याण की तमाम योजनाओं से भी देश को समृद्ध बनाया है। भारत को अब एक आर्थिक महाशक्ति और सैन्य शक्ति के रूप में देखा जाता है। इसके बावजूद सोनिया गांधी की 526 पन्नों की किताब में मोदी सरकार की उपलब्धियों के लिए प्रशंसा का एक भी शब्द नहीं। दूसरी ओर, इस सरकार की उपलब्धियों का अवमूल्यन करने और उनका श्रेय नेहरू, इंदिरा गांधी या राजीव गांधी को देने के पुरजोर प्रयास किए गए हैं। अन्य प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों का श्रेय भी राजीव गांधी के खाते में डालने की सोनिया की इच्छा नरसिंह राव के मामले में ही स्पष्ट रूप से नजर आती है।
वे एक बेहद मुश्किल दौर में प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव को आर्थिक उदारीकरण शुरू करने और अर्थव्यवस्था को विदेशी निवेश के लिए खोलने के उनके साहसिक और असाधारण निर्णय का श्रेय नहीं देतीं। इसके बजाय, वे इस उपलब्धि का सेहरा राजीव गांधी और बाद में मनमोहन सिंह के सिर बांधती हैं। उन्होंने इस वास्तविकता को भी अनदेखा कर दिया कि तमाम विरोधों को दरकिनार करते हुए राव ने न केवल मनमोहन सिंह को वित्त मंत्री बनाया, बल्कि उन्हें सभी कड़े फैसले लेने की पूरी आजादी भी दी। पूरे पांच साल तक राव मनमोहन सिंह की ढाल बने रहे। राव के ऐसे संरक्षण के बिना मनमोहन सिंह के लिए आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाना संभव नहीं था, लेकिन इस संदर्भ में उन्होंने लिखा, 'राजीव ने उदारीकरण की दिशा में पहला कदम उठाया था' और राव ने 'मनमोहन सिंह को वित्त मंत्री बनाकर तीव्र विकास के अगले दौर का मार्ग प्रशस्त किया।'
सच यह है कि जब राव प्रधानमंत्री बने, तब भारत का खजाना खाली था। विदेशी मुद्रा समाप्त हो चुकी थी। उनके पूर्ववर्ती चंद्रशेखर ने 20 करोड़ डालर का कर्ज लेने के एवज में बैंक आफ इंग्लैंड के पास सोना गिरवी रखा था, क्योंकि सरकार के पास पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने तक के लिए विदेशी मुद्रा नहीं बची थी। यह राव ही थे, जिनकी दृढ़ता से आर्थिक सुधारों की राह में अवरोध दूर हुए। अन्यथा नेहरू-गांधी परिवार के दौरान भारत कभी समाजवादी बेड़ियों से मुक्त नहीं हो पाता। राव ने जो दूरदर्शिता दिखाई, उसके चलते उनकी सरकार की विदाई के समय तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 50 अरब डालर तक पहुंच गया था। आज भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 720 अरब डालर के स्तर पर पहुंच चुका है। फिर भी, सोनिया गांधी में इस सफलता का श्रेय राव को देने की उदारता का अभाव दिखता है। उलटे वे उनसे यह श्रेय छीनकर राजीव गांधी को देने की कोशिश करती हैं, जो अपने प्रधानमंत्री काल के दौरान वामपंथियों-कम्युनिस्टों से डरे रहते थे, जिसके परिणामस्वरूप भारत में विदेशी मुद्रा का गंभीर संकट उत्पन्न हुआ। असल में भारत के समक्ष जिस भुगतान संतुलन का संकट पैदा हुआ था, वह राजीव गांधी की नीतियों का ही परिणाम रहा।
दूसरों की उपलब्धियों पर अपना दावा ठोकने में कोई संकोच न करने वालीं सोनिया अपने परिवार या पार्टी की गलतियों का ठीकरा दूसरों पर बेबाकी से फोड़ती हैं। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेसियों ने "खून का बदला खून से लेंगे" का आह्वान किया, जिसके चलते सिखों का नरसंहार हुआ। रंगनाथ मिश्रा आयोग का निष्कर्ष था कि इस नरसंहार में 3,874 लोग मारे गए थे, जिनमें से अकेले दिल्ली में 2,307 लोगों की जान गई थी। उन दंगों में सिखों की संपत्तियों की बड़े पैमाने पर लूटपाट और आगजनी की गई थी। अकेले दिल्ली में ही 131 गुरुद्वारों को नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। फिर भी तीन दिनों तक सेना नहीं नहीं बुलाई गई। तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष जनरल एएस वैद्य ने आयोग को बताया कि दिल्ली में 6,000 सैनिकों की मौजूदगी के बावजूद सेना को तत्काल नहीं बुलाया गया। रंगनाथ मिश्रा आयोग और नानावटी आयोग दोनों ने ही यह निष्कर्ष निकाला था कि सिखों का यह नरसंहार कांग्रेस पार्टी ने सुनियोजित रूप से अंजाम दिया। यह सब साफ होने पर भी सोनिया अपने पति का बचाव करते हुए दावा करती हैं कि उन्होंने सेना को मोर्चा संभालने का आदेश दिया था, लेकिन जनरल वैद्य ने समय पर कदम नहीं उठाए। जबकि यह इतिहास में दर्ज है कि राजीव गांधी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती ही है।
जहां सोनिया ने राजीव गांधी को दयालु बताया तो सिखों के नरसंहार का ठीकरा आरएसएस पर फोड़ दिया। जबकि हकीकत यह थी कि संघ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों की दंगाई भीड़ से अनगिनत सिखों को बचाने का काम किया था। तथ्यों पर पर्दा डालने और अपनी सुविधा से झूठ को सच की तरह पेश करने के उन्होंने तमाम प्रयास किए हैं। जैसे अयोध्या से लौट रहे कारसेवकों को गोधरा रेलवे स्टेशन पर जलाए जाने की घटना को लेकर उन्होंने लिखा कि 'आग लगने का कारण अभी भी विवादों के घेरे में है।' कुल मिलाकर, सोनिया की 'आत्मकथा' नेहरू-गांधी परिवार के लिए प्रचार की ऐसी कवायद है, जिसमें तथ्यों से परे विमर्श के माध्यम से सत्ता से किसी भी तरह चिपके रहने की व्यग्रता झलकती है।
(लेखक प्रसार भारती के पूर्व चेयरमैन हैं)











