गजेंद्र सिंह शेखावत। सभ्यताओं की महानता उनके साम्राज्यों, स्मारकों और उपलब्धियों के साथ इससे भी बनती है कि वे अपने ज्ञान, स्मृतियों, विचारों और सांस्कृतिक परंपराओं को कितनी जीवंतता के साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाती हैं। कुछ सभ्यताएं अपने स्थापत्य के लिए जानी जाती हैं, कुछ साहित्य और दर्शन के लिए तो कुछ अपनी लोक परंपराओं और जीवन-पद्धति के लिए। भारत उन विरल सभ्यताओं में है, जहां ये सभी धाराएं एक साथ प्रवाहित होती रही हैं। हमारे प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक नगरों से लेकर सदियों पुरानी पांडुलिपियों तक, दर्शन की गहन परंपराओं से लेकर लोकगीतों, उत्सवों और शिल्पकलाओं तक, भारत का अतीत आज भी हमारे वर्तमान में सांस लेता है। हाल में महाभारत, राजतरंगिणी और अर्थशास्त्र की पांडुलिपियों को यूनेस्को के ‘मेमोरी आफ द वर्ल्ड एशिया-पैसिफिक रीजनल रजिस्टर’ में स्थान मिलना इसी सभ्यतागत विरासत की महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता है। 2024 में रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयालोक-लोचन को भी इसी क्षेत्रीय रजिस्टर में स्थान मिला था। इन उपलब्धियों का महत्व इसलिए भी अधिक है कि ये ग्रंथ भारतीय चिंतन की अलग-अलग, किंतु परस्पर जुड़ी हुई परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।

12वीं शताब्दी में कल्हण रचित राजतरंगिणी ऐतिहासिक लेखन की एक विशिष्ट परंपरा प्रस्तुत करती है। महर्षि वेदव्यास का महाभारत युद्ध की कथा से कहीं आगे बढ़कर धर्म, कर्तव्य, नैतिकता, सत्ता, समाज और मानवीय संबंधों के जटिल प्रश्नों पर विचार करता है। इसके भीतर समाहित श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश आज भी दुनिया भर के विचारकों और साधकों को प्रेरित करता है। आचार्य कौटिल्य का अर्थशास्त्र शासन, प्रशासन, आर्थिकी, कूटनीति और राज्य संचालन के विषय में भारतीय चिंतन की परिपक्वता का प्रमाण है। इन ग्रंथों से जुड़ी पांडुलिपियां भी अपने आप में ऐतिहासिक धरोहर हैं। भारत की सांस्कृतिक यात्रा को वैश्विक पहचान दिलाने में पिछले एक दशक के दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उनका मंत्र-‘विकास भी, विरासत भी’-इसी सोच को दर्शाता है कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं। 2014 में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भारत के 32 स्थल थे, जबकि आज इनकी संख्या 45 हो गई है। यह विस्तार भारत की बहुआयामी विरासत को समझने और स्वीकार करने की वैश्विक दृष्टि का विस्तार है।

भारत की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। योग, कुंभ मेला, दुर्गा पूजा, गरबा, रामलीला, वैदिक मंत्रोच्चार और राजस्थान की कालबेलिया परंपरा जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां हमारी जीवंत परंपराओं का परिचय देती हैं। 2025 में दीपावली को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया जाना भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। योग को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल भी भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतरराष्ट्रीय विस्तार का उल्लेखनीय उदाहरण है। विदेश से प्राचीन मूर्तियों और पुरावशेषों की वापसी ने भी हमारी ऐतिहासिक धरोहरों को उनके मूल सांस्कृतिक परिवेश से जोड़ने का काम किया है। पिछले वर्षों में 350 से अधिक प्राचीन धरोहरें विदेश से लाई गई हैं।

यह पुरावशेषों की वापसी के साथ सांस्कृतिक स्मृति और विरासत के प्रति जिम्मेदारी का पुनर्स्थापन है। काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ, महाकाल लोक और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण ने भी आस्था, स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को जनसहभागिता से जोड़ने का अवसर दिया है। भारत की विरासत का एक बड़ा हिस्सा हमारे स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों में सुरक्षित है। अजंता और एलोरा की गुफाएं, खजुराहो के मंदिर, राजस्थान के ऐतिहासिक नगर, नालंदा का प्राचीन विश्वविद्यालय परिसर और असंख्य तीर्थस्थल अपने समय की कलात्मक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक समझ, अभियांत्रिकी कौशल और सामाजिक जीवन के साक्षी हैं। इनके माध्यम से हम अतीत की राजनीतिक व्यवस्थाओं, व्यापारिक संबंधों, उपलब्धियों और जीवन-दर्शन को समझ सकते हैं, किसी सभ्यता का आत्मा स्मारकों में बसने के साथ उन परंपराओं में भी जीवित रहता है, जिन्हें लोग दैनिक जीवन में अपनाते और अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं।

किसी विरासत को यूनेस्को की सूची में स्थान मिलना अंतिम उपलब्धि नहीं। उसका वास्तविक मूल्य इससे तय होगा कि हम उस विरासत को कितना सुरक्षित रखते हैं, कितना शोध करते हैं और उसे आने वाली पीढ़ियों के लिए कितना सुलभ बनाते हैं। देश में हजारों पांडुलिपियां सरकारी संस्थानों, मंदिरों, मठों, निजी संग्रहों और परिवारों के पास हैं। उनमें से अनेक आर्द्रता, तापमान में बदलाव, जैविक क्षरण और उपेक्षा के कारण नष्ट होने के जोखिम से जूझ रही हैं। इनके संरक्षण की दिशा में ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य पांडुलिपियों की पहचान, सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के माध्यम से भारत की ज्ञान-संपदा को सुरक्षित करना तथा शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है। प्राचीन ज्ञान को केवल संग्रहालयों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

(लेखक केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री हैं)