जागरण संपादकीय: निकट आता नेपाल
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत को समर्पित होना दोनों देशों के संबंधों के लिए एक शुभ संकेत है।
HighLights
बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत-नेपाल संबंधों के लिए शुभ संकेत।
भारत ने नेपाल के आर्थिक, शैक्षिक विकास हेतु सहायता का वादा किया।
नेपाल को चीन के प्रभुत्व से बचने और भारत से मैत्री बढ़ाने की आवश्यकता।
नेपाल में बड़े पैमाने पर हिंसा और राजनीतिक उथलपुथल के बाद इसी वर्ष मार्च में वहां के प्रधानमंत्री बने बालेन शाह की ओर से अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत आना एक शुभ संकेत है। प्रथम विदेश यात्रा के लिए भारत को प्राथमिकता देना यह बताता है कि अंततः बालेन शाह को नई दिल्ली की महत्ता समझ आई। इसका एक कारण पश्चिम एशिया संकट के कारण नेपाल की आर्थिक समस्याएं बढ़ना और हाल की विनाशकारी बाढ़ से भारी तबाही होना भी हो सकता है। ध्यान रहे कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वे भारत से संबंध सुधारने के लिए उत्सुक नहीं दिख रहे थे और यहां तक कि भारतीय विदेश सचिव से मुलाकात करने को भी तैयार नहीं थे।
हालांकि अपने पूर्ववर्ती प्रधानमंत्री की तरह उन्होंने चीन के बजाय पहले भारत आना तय किया, पर देखना यह होगा कि वे संतुलन बैठाने के लिए बीजिंग जाने की तैयारी तो नहीं करते? नेपाल को यह समझ आए तो अच्छा कि चीन से संपर्क बनाए रखने और अपने यहां उसके प्रभुत्व को बढ़ने देने में अंतर है। इस अंतर को कायम रखने से ही भारत-नेपाल मैत्री प्रगाढ़ हो सकती है और बालेन शाह की नई दिल्ली यात्रा से जो सकारात्मक वातावरण बना, वह संबंधों की मधुरता बढ़ा सकता है।
युवा नेपाली प्रधानमंत्री की नई दिल्ली यात्रा पर जो अनेक समझौते हुए और भारत ने नेपाल के आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक विकास के लिए अच्छी-खासी सहायता राशि देने के साथ उसे हरसंभव मदद देने की जो वचनबद्धता व्यक्त की, वह इसका प्रमाण है कि भारत उसका भरोसेमंद हितैषी बनने को तत्पर है। अब नेपाल का भी यह दायित्व बनता है कि वह भारत के हितों का ध्यान रखते हुए दोस्ती को मजबूत करने वाले कदम उठाए, क्योंकि अतीत में वहां संकीर्ण राजनीतिक कारणों से न केवल भारत के खिलाफ माहौल बनाया गया, बल्कि उस चीन से नजदीकी बढ़ाई गई, जो हर देश में अपना प्रभुत्व कायम करना चाहता है और केवल अपने ही स्वार्थ सिद्ध करने की कोशिश में रहता है। वह ऐसी ही कोशिश नेपाल के साथ भारत के अन्य पड़ोसी देशों में भी कर रहा है। केवल भूटान ही चीन के प्रभाव-दबाव में आने को तैयार नहीं।
नेपाल को इससे अवगत होना चाहिए कि चीन ने दोस्ती के बहाने किस तरह विभिन्न देशों के हितों पर चोट की है। यह स्वागतयोग्य है कि भारत और नेपाल के बीच ऐसे भी अनेक समझौते हुए, जो दोनों देशों के बीच के आर्थिक रिश्तों के साथ सांस्कृतिक-धार्मिक संबंधों को बल देने और एक-दूसरे के प्रति सहयोग एवं भरोसा बढ़ाने वाले हैं। चूंकि भारत और नेपाल में बहुत कुछ साझा है, इसलिए इसका कोई कारण नहीं कि दोनों देशों के बीच कोई खटपट हो और संकीर्ण इरादों से पैदा किए गए सीमा विवाद जैसे मामले संबंध सुधार में बाधक बनें।











