विचार: वैश्विक समाधान में समर्थ यूपीआई
अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग ने फिर साबित किया कि जब दुनिया बंट जाती है तो पैसों की निष्पक्ष व्यवस्था सबसे बड़ी जरूरत बन जाती है। भारत का यूपीआई वही निष्पक्ष व्यवस्था है।
HighLights
भू-राजनीतिक संघर्षों से वैश्विक भुगतान व्यवस्था बाधित हुई।
यूपीआई निष्पक्ष, तेज़ और सस्ता वैश्विक भुगतान विकल्प बना।
भारत का यूपीआई स्विफ्ट का विश्वसनीय विकल्प बन रहा है।
रोहित यादव। इस फरवरी में जब अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर हमला किया तो पश्चिम एशिया में हड़कंप मच गया। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे तथा स्ट्रेट आफ होर्मुज बंद कर दिया। यह वह समुद्री रास्ता है, जिससे दुनिया का 20 प्रतिशत तेल और अरबों डालर का व्यापार होता है। बैंकिंग के रास्ते धीमे पड़ गए, पैसे भेजना मुश्किल हो गया। 40 दिनों की भीषण लड़ाई के बाद दो हफ्ते का युद्धविराम हुआ, लेकिन उसके विस्तार के बाद भी स्थिति नाज़ुक बनी हुई है। इस जंग ने दुनिया की आर्थिक व्यवस्था को तहस नहस कर दिया। होर्मुज़ बंद होने से तेल के दाम आसमान छू गए। शिपिंग कंपनियां रास्ता बदलने पर मजबूर हो गईं और सबसे बड़ी तकलीफ यह रही कि भारत के लाखों मज़दूर जो यूएई, कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब में काम करते हैं, उनके परिवारों तक पैसे भेजना मुश्किल हो गया। पारंपरिक बैंकिंग व्यवस्था संकट में आ गई।
यह पहला मौका नहीं है जब दुनिया ने देखा कि पैसों की व्यवस्था को हथियार बनाया जा सकता है। 2022 में रूस यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों ने रूस को स्विफ्ट से बाहर कर दिया था। इस व्यवस्था के जरिए दुनिया के बैंक आपस में पैसे भेजते हैं। सीधे शब्दों में यह बैंकों का वाट्सएप है। रूस के स्विफ्ट से बाहर होने के बाद रूसी लोग दुनिया से कट गए। अब ईरान पर भी कड़े प्रतिबंध हैं।
भारत ने यूपीआआई यानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस को 2016 में तब शुरू किया था, जब दुनिया में इस तरह के संकटों की कल्पना भी मुश्किल थी। नेशनल पेमेंट्स कार्पोरेशन आफ इंडिया यानी एनपीसीआई ने यह व्यवस्था इसलिए बनाई थी, ताकि हर भारतीय को सस्ता, तेज़ और आसान डिजिटल भुगतान मिल सके। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि यही यूपीआई एक दिन दुनिया के लिए स्विफ्ट का सबसे बड़ा निष्पक्ष विकल्प बन सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध और अब अमेरिका- इज़राइल और ईरान की जंग ने यह साबित कर दिया कि भारत ने जो व्यवस्था अपने नागरिकों के लिए बनाई थी, वह आज पूरी दुनिया की जरूरत है।स्विफ्ट ने वादा किया था कि वह निष्पक्ष रहेगा, लेकिन राजनीति आई तो उसने पक्ष लिया। यूपीआई किसी के हाथ का हथियार नहीं और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। यूपीआई जिसे आप फोन पे, गूगल पे या पेटीएम के ज़रिए रोज इस्तेमाल करते हैं, दुनिया की सबसे तेज़ और सबसे सस्ती भुगतान व्यवस्था है। अब यह देश की सीमाएं पार कर रही है। सिंगापुर, यूएई, फ्रांस और मारीशस जैसे कई देशों से यूपीआई का जुड़ाव हो चुका है।
भारत दुनिया में सबसे ज़्यादा विदेशी पैसा मंगाने वाला देश है। हर साल करीब 11 लाख करोड़ रुपये भारतीय विदेश से अपने घर भेजते हैं। लंदन में बैठी नर्स, ह्यूस्टन का इंजीनियर, दुबई का दुकानदार सब अपने परिवार को पैसे भेजते हैं। पुराने तरीकों से पैसे भेजने में 6-7 प्रतिशत तक की फीस कट जाती है। यूपीआई के ज़रिए यह खर्च लगभग खत्म हो सकता है।
जब दुनिया में जंग हो तब पैसा रुकना नहीं चाहिए। यूपीआई यही सुनिश्चित करने का काम कर रहा है। अब सवाल उठता है कि क्या रूस या चीन ने भी ऐसा कुछ नहीं बनाया? बनाया तो, लेकिन दुनिया ने उन्हें नहीं अपनाया, क्योंकि भरोसा नहीं था। ईरान के खिलाफ युद्ध में यही देखा गया कि जो देश अमेरिका के निशाने पर हैं, उनकी भुगतान व्यवस्था दुनिया स्वीकार नहीं करती। भारत न किसी पर प्रतिबंध लगाता है और न किसी को धमकाता है। इसीलिए कई देश यूपीआई से जुड़ने को तैयार हैं। इस युद्ध ने एक और बात साफ कर दी कि दुनिया डालर पर निर्भरता कम करना चाहती है। भारत की रुपये आधारित यूपीआई सेटलमेंट इसका एक व्यावहारिक जवाब है।
कुछ लोग सोचते हैं कि अगर भारत अपनी यूपीआई तकनीक दूसरे देशों को दे रहा है तो वे इसे कापी कर लेंगे। यह सोच सही नहीं। तकनीक कापी हो सकती है, लेकिन नेटवर्क नहीं। जैसे वाट्सएप की तकनीक कोई भी बना सकता है लेकिन उसके करोड़ों उपयोगकर्ता कोई नहीं छीन सकता। यूपीआई का नेटवर्क, उसके करोड़ों उपयोगकर्ता और उसकी साख यही भारत की असली पूंजी है। आज भारत प्रोजेक्ट नेक्सस जैसी वैश्विक पहलों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रोजेक्ट नेक्सस का मतलब है दुनिया के अलग-अलग देशों की फास्ट पेमेंट व्यवस्थाओं को एक साथ जोड़ना। यह स्विफ्ट का एक खुला और निष्पक्ष विकल्प बन सकता है, जिसे कोई एक देश बंद नहीं कर सकता।
अभी यूपीआई वैश्विक स्तर पर पूरी तरह सरल नहीं बन पाया है। विदेश में रहने वाले भारतीयों को अभी भी भारतीय सिम कार्ड की ज़रूरत पड़ती है। सभी देशों में सभी दुकानों पर यूपीआई नहीं चलता, लेकिन रिजर्व बैंक और एनपीसीआई इस पर काम कर रहे हैं। जल्द ही यह रुकावटें दूर होंगी। आज दुनिया जिस तरह अनिश्चितता से भरी है, उसमें यूपीआई की ज़रूरत और भी ज़्यादा है।
युद्ध का मैदान अब सिर्फ ज़मीन पर नहीं है। वह बैंकों में, पेमेंट सिस्टम में और डिजिटल नेटवर्क में भी है। अमेरिका-इज़रायल और ईरान की जंग ने फिर साबित किया कि जब दुनिया बंट जाती है तो पैसों की निष्पक्ष व्यवस्था सबसे बड़ी ज़रूरत बन जाती है। भारत का यूपीआई वही निष्पक्ष व्यवस्था है।
(लेखक नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुंबई के स्कूल आफ बिजनेस मैनेजमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं)












