दृढ़ संकल्प
मनुष्य की वास्तविक शक्ति उसकी इच्छाशक्ति नहीं है। समस्त इच्छाओं का संकल्प की सीमा का स्पर्श कर पाना आवश्यक नहीं है। जब इच्छाएं बुद्धि, विचार और दृढ़-भावना से परिष्कृत हो जाती हैं तब ही संकल्प बन पाती हैं। उद्देश्य पूर्ति के लिए इच्छा की अपेक्षा संकल्प अधिक प्रबल है। दृढ़ संकल्प ही सफलता की जननी है। संकल्प वह इच्छाशक्ति है जो भयंकर व्यवधान और विकट परिस्थितियों के बीच भी सफलता की मंजिल तक पहुंचा देती है। अनेक संकल्प-विकल्प इस सूक्ष्म जगत में विद्यमान हैं, लेकिन उनका लाभ मनुष्य को तब ही मिल पाता है जब पूर्ण मनोयोगपूर्वक एक उद्देश्य की पूर्ति के लिए व्यक्ति प्रवृत्ता होता है। यह सत्य है कि संकल्प के अभाव में शक्ति का कोई महत्व और मूल्य नहीं होता, किंतु यह भी सत्य है कि शक्ति के अभाव में संकल्प भी पूर्ण नहीं होते। संकल्प के साथ शक्ति को मिलाना एक कला है और उसमें हर व्यक्ति पारंगत नहीं होता। केवल वे ही इच्छाएंपूर्ण होती हैं जो सशक्त प्रयासों से भी परिपूर्ण हों। शक्ति का अर्थ दृढ़ निष्ठा, उसे पूर्ण करने के लिए आवश्यक बाधाओं से संघर्ष करने के मनोबल से है। इनके बिना संकल्प कभी भी शक्ति नहीं बन पाते। दृढ़ निश्चयी व उद्देश्य निष्ठ व्यक्ति जीवन की विषम परिस्थितियों के बीच भी अपना मार्ग खोज लेते हैं। साधन का अभाव या प्रतिकूल परिस्थितियां उन्हें रोक नहीं सकतीं।
दृढ़ संकल्प में अद्भुत शक्ति है। उससे प्रेरित व्यक्ति दृढ़ता व मनोयोग के साथ अग्रसर होता है। दृढ़ संकल्प सभी बाधाओं को दूर कर देता है। जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता का मूलमंत्र व्यक्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति, अटूट विश्वास व एकनिष्ठ प्रयास है। अन्य बातों की समानता होने पर भी अनेक व्यक्तियों में से वही सफलता प्राप्त कर पाता है, जिसकी इच्छाशक्ति सबसे प्रबल होती है। चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस ने कहा है कि एक विशाल सेना के सेनापति को हराया जा सकता है, किंतु एक मनुष्य की दृढ़ इच्छाशक्ति को कोई नहीं झुका सकता। लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यकता इस बात की है कि उस लक्ष्य के प्रति व्यक्ति को पूर्ण रूपेण समर्पित होना होगा। जितनी कठिन परिस्थिति हो, उतने ही धैर्य और उत्साह से उद्देश्य की पूर्ति में लग जाना चाहिए। सफलता जरूर मिलेगी।
[मृदुल कुमार पांडेय]
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।