बुनियादी ढांचे के निर्माण में काम आने वाली भारी मशीनों को देश में ही बनाने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने 11,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को जो हरी झंडी दी, वह देर से लिया गया एक सही निर्णय है। इस निर्णय की आवश्यकता इसलिए पड़ी, क्योंकि हमारे उद्यमी इन्फ्रा टूल्स कही जाने वाली मशीनों का स्वयं निर्माण करने के लिए आगे नहीं आ रहे थे। इसके चलते चीन पर निर्भरता बढ़ रही थी। इसका लाभ उठाकर चीन जब-तब मशीनों के साथ-साथ उनके कलपुर्जों के निर्यात पर भी रोक लगा देता था या उनकी आपूर्ति में अनावश्यक अड़ंगे लगाता था।

इसे देखते हुए सरकार ने जो फैसला अब लिया, वह पहले ही ले लिया जाना चाहिए था। यदि हमारे उद्यमी समय रहते इन्फ्रा टूल्स बनाने की पहल करते तो इससे वे ही लाभ में रहते, क्योंकि इन टूल्स की मांग भारत के साथ अन्य देशों में भी बढ़ रही है।

समझना कठिन है कि हमारे उद्यमियों ने क्रेन, बुलडोजर, टनल बोरिंग मशीन और अन्य निर्माण उपकरणों के साथ ऊंची इमारतों में लगने वाली लिफ्ट, फायर-फाइटिंग सिस्टम आदि बनाने की आवश्यकता क्यों नहीं महसूस की? क्या वे इससे अनभिज्ञ हैं कि मेट्रो, पोर्ट, हाइवे, रेल, आवास आदि से जुड़ी बढ़ती परियोजनाओं में भारी मशीनों के साथ-साथ बिजली ट्रांसमिशन से जुड़े उपकरणों की मांग बढ़ रही है?

यह पहली बार नहीं, जब सरकार को उद्योग जगत के हिस्से के काम को आगे बढ़ाने का फैसला खुद करना पड़ा हो। इसके पहले भी सरकार को मेक इन इंडिया जैसी पहल के जरिये उद्यमियों को वह सब सामग्री देश में बनाने के लिए प्रोत्साहित करना पड़ा, जिनके लिए वे चीन पर निर्भर थे। यह ठीक नहीं कि स्वदेशी के सहारे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत बार-बार जताने के बाद भी हमारे उद्यमी अपने उत्पादों के लिए कच्चे माल के साथ-साथ मशीनें और कलपुर्जे चीन से मंगाना सुविधाजनक समझते हैं।

शासन का काम उद्योग जगत के लिए अनुकूल अवसर और वातावरण उपलब्ध कराना होता है, लेकिन अपने देश में सरकार को उद्यमियों को यह भी बताना पड़ता है कि उन्हें किस सामग्री के निर्माण को प्राथमिकता देनी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा क्यों करनी चाहिए? यह एक पहेली ही है कि हमारे उद्यमी मैन्यूफैक्चरिंग के मामले में चीन से कोई सीख लेने के बजाय उस पर अपनी निर्भरता क्यों बनाए हुए हैं?

यह प्रश्न भी अनुत्तरित है कि वे शोध एवं विकास और नवाचार को प्राथमिकता देने के लिए तत्पर क्यों नहीं दिख रहे हैं? यदि वे घरेलू बाजार से संतुष्ट बने रहते हैं तो न तो भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक बन सकते हैं और न ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी छाप छोड़ने में समर्थ हो सकते हैं।