डॉ. आनंद कुमार। मई 2014 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘पड़ोस प्रथम’ नीति को विदेश नीति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया था। इस नीति का मूल उद्देश्य भारत के पड़ोसी देशों के साथ राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत बनाना तथा भारत की आर्थिक प्रगति का लाभ पूरे दक्षिण एशिया तक पहुंचाना था। इसके पीछे यह समझ भी थी कि भारत का वैश्विक शक्ति के रूप में उभार तभी अधिक प्रभावी और टिकाऊ हो सकता है, जब उसका निकटवर्ती क्षेत्र शांतिपूर्ण, स्थिर और आर्थिक रूप से समृद्ध हो। हालांकि पिछले 12 वर्षों में पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन हाल के घटनाक्रम बताते हैं कि भारत अधिकांश पड़ोसी देशों के साथ अपने रिश्तों को बेहतर बनाने में सफल रहा। नेपाल के प्रधानमंत्री की नई दिल्ली यात्रा इसका ताजा प्रमाण है। अब बांग्लादेश एकमात्र ऐसा प्रमुख पड़ोसी देश है, जिसके साथ संबंधों को सामान्य बनाना भारत के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

शेख हसीना के शासनकाल में भारत और बांग्लादेश के संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई। दोनों देशों ने कई लंबित विवादों को सुलझाने के साथ-साथ व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया। बांग्लादेश ने भी भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को समझते हुए पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय उग्रवादी संगठनों के खिलाफ भी सहयोग किया। इसके बदले भारत ने बांग्लादेश के विकास के लिए ऋण सहायता, बुनियादी ढांचा विकास, संपर्क परियोजनाओं और व्यापारिक अवसरों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक समय भारत-बांग्लादेश संबंधों को दक्षिण एशिया में सफल द्विपक्षीय सहयोग का आदर्श उदाहरण माना जाता था, लेकिन अगस्त 2024 में व्यापक घरेलू अशांति के बाद शेख हसीना की सत्ता से विदाई ने इस रिश्ते की दिशा बदल दी। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के बीच अविश्वास बढ़ने लगा। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों और विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा, भारत विरोधी बयानबाजी, सीमा से जुड़ी घटनाओं और बाहरी शक्तियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर भारत की चिंताएं सामने आईं। परिणामस्वरूप दोनों देशों के संबंधों में ऐसी गिरावट आई, जिसकी कुछ समय पहले कल्पना करना भी कठिन था।

बांग्लादेश में चुनाव के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के गठन से भारत को उम्मीद थी कि द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलेगी। नई दिल्ली ने भी सकारात्मक संकेत देते हुए संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की इच्छा व्यक्त की, लेकिन अब तक राजनीतिक नेतृत्व में बदलाव का असर दोनों देशों के संबंधों में अपेक्षित सुधार के रूप में दिखाई नहीं दिया है। बांग्लादेश के विपरीत मालदीव के साथ भारत के संबंधों में हाल के वर्षों में सकारात्मक बदलाव आया। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू जब 2023 में ‘इंडिया आउट’ अभियान के आधार पर सत्ता में आए, तब दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। धीरे-धीरे दोनों देशों ने संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में कदम उठाए। अब आर्थिक सहयोग, विकास सहायता और व्यापार को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। दोनों देशों को यह अहसास है कि हिंद महासागर में उनकी भौगोलिक निकटता और साझा हित एक स्थिर साझेदारी की मांग करते हैं।

श्रीलंका के साथ भारत के संबंधों में सुधार भी पड़ोस प्रथम नीति की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आर्थिक संकट से पहले श्रीलंका ने चीन के साथ अपने आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को काफी विस्तार दिया था, लेकिन 2022 में श्रीलंका के गंभीर आर्थिक संकट और उसके बाद उत्पन्न राजनीतिक अस्थिरता ने स्पष्ट कर दिया कि संकट के समय भरोसेमंद पड़ोसी का सहयोग कितना महत्वपूर्ण होता है। भारत ने उस कठिन दौर में वित्तीय और आवश्यक सामग्री के रूप में व्यापक सहायता उपलब्ध कराई। इस मदद ने श्रीलंका में भारत की भूमिका के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में योगदान दिया। इसके बाद दोनों देशों ने आर्थिक, समुद्री और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। नेपाल के साथ संबंध भी पटरी पर लौट रहे हैं।

वहां के प्रधानमंत्री बालेन शाह की हालिया भारत यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने का अवसर उपलब्ध कराया है। इस दौरान विकास सहायता, बुनियादी ढांचे, संपर्क, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े कई समझौतों और पहलों पर सहमति बनी। स्पष्ट है कि भारत की पड़ोस प्रथम नीति ने कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम दिए हैं। जहां, श्रीलंका, मालदीव और नेपाल के साथ भारत के संबंधों में व्यापक सुधार हुआ, वहीं भूटान सहित अन्य पड़ोसी देशों के साथ भी सहयोग का आधार निरंतर मजबूत बना हुआ है। हालांकि पाकिस्तान के चलते दक्षिण एशिया की राजनीतिक परिस्थितियां अब भी जटिल हैं। ऐसे समय में बांग्लादेश के साथ संबंधों में तनाव भारत के लिए अतिरिक्त चिंता का विषय है।

बांग्लादेश का महत्व केवल द्विपक्षीय व्यापार तक सीमित नहीं है। बांग्लादेश की सक्रिय भागीदारी के बिना बिम्सटेक जैसे क्षेत्रीय मंचों की क्षमता का पूरा उपयोग करना भी कठिन होगा। इसलिए मौजूदा तनाव द्विपक्षीय संबंधों के साथ समूचे दक्षिण-पूर्वी एशिया में क्षेत्रीय एकीकरण की संभावनाओं को भी कमजोर करता है। भारत को इस स्थिति से निपटने के लिए धैर्य, राजनीतिक परिपक्वता और रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। इसके साथ ही अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, सीमा पार गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी स्पष्ट रूप से उठाना चाहिए। विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना और आर्थिक सहयोग के ठोस लाभ बांग्लादेश की जनता तक पहुंचाना भी आवश्यक है। बांग्लादेश के नेतृत्व को भी समझना होगा कि भारत के साथ सहयोग उसके अपने आर्थिक विकास, सुरक्षा और क्षेत्रीय हितों के लिए अनिवार्य है। घरेलू राजनीति या बाहरी शक्तियों के हितों को आपसी संबंधों पर हावी नहीं होने देना चाहिए।

(लेखक मनोहर पर्रिकर रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान में फेलो हैं)