पाकिस्तान भले ही अल्पसंख्यकों के बिना रह ले, लेकिन भारत अपने सभी मुस्लिमों के साथ ही रहेगा
हमें यह याद रखना होगा कि पाकिस्तान भले ही अल्पसंख्यकों के बिना रह ले लेकिन भारत अपने सभी भारतीय मुस्लिम नागरिकों के साथ ही भारत रह पाएगा।
[ एमजे अकबर ]: कहते हैं वक्त हर जख्म को भर देता है। ऊपरी तौर पर घाव और उनके निशान भले ही भर जाएं, लेकिन उनकी पीड़ा गहरी पैठ बनाए होती है। खासतौर से तब जब उन जख्मों से जुड़ी यातनाएं कई पीढ़ियों ने झेली हों। भारत का विभाजन एक ऐसा ही पड़ाव था। भारतीय इतिहास में विभाजन जैसी त्रासदी की मिसाल शायद मुश्किल से ही मिले। भारतीय सभ्यता पर इस क्रूर आघात के खिलाफ नैतिक एवं राजनीतिक तर्कों के अलावा एक व्यावहारिक दलील यह भी दी जा सकती है कि विभाजन के लिए कोई स्पष्ट भौगोलिक क्षेत्र नहीं था। देश के लगभग प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर में आबादी बहुत घुली-मिली हुई थी। खासतौर से पंजाब और बंगाल जैसे उन राज्यों में तो यह मिश्रण बहुत ज्यादा था जिनकी पाकिस्तान की आबादी में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी थी।

मुस्लिम लीग को पंजाब और बंगाल में अधिक सीटें लेकर भी चुनाव में नहीं मिली सफलता
वर्ष 1916 में कांग्रेस और मुस्लिम लीग के बीच लखनऊ समझौता हुआ था। इसके अनुसार पंजाब में आधी और बंगाल में 40 प्रतिशत सीटें मुस्लिम लीग को देना तय हुआ। उनको मिली यह हिस्सेदारी उनकी वास्तविक संख्या से कहीं अधिक थी। आबादी में यह अनुपात तब भी बहुत ज्यादा नहीं बदला जब आस्था से अधिक राजनीतिक मंशा के साथ मुस्लिम नेता बने मुहम्मद अली जिन्ना ने वायसराय लॉर्ड लिनलिथगो के साथ मिलकर एकता के ढांचे के खिलाफ विषवमन शुरू कर दिया।
1946 के चुनावों में भी मुस्लिम लीग को बंगाल और पंजाब में नहीं मिला बहुमत
1946 के चुनावों में यह एक बार फिर तब सिद्ध हुआ जब मुस्लिम सीटों के इतने बड़े पैमाने पर आवंटन के बावजूद मुस्लिम लीग को बंगाल और पंजाब में कहीं भी बहुमत नहीं मिला। बहरहाल ऐसे कोई आंकड़े नहीं थे जो बता सकें कि लोग जहां रहते हैं वहां बस्तियों में उनकी बसाहट कैसी थी? वास्तव में विभिन्न मतों के लोगों का शांतिपूर्ण सहजीवन भारतीय मूल्यों से जनित सौहार्द का जीवंत प्रमाण था।
विभाजन को लेकर रक्तपात की चेतावनी
तब समय-समय पर लोग विभाजन को लेकर चेता रहे थे। इनमें पंजाब के अंग्रेज गवर्नर ग्लेंसी भी शामिल थे। उन्होंने बार-बार चेतावनी दी कि विभाजन रक्तपात से कुप्रेरित अवधारणा है जो गृहयुद्ध को आमंत्रण है, मगर जिन्ना तो गृहयुद्ध चाहते ही थे। खासतौर से 16 अगस्त, 1946 को डायरेक्ट एक्शन डे के रूप में जिहाद शुरू करके उन्होंने तेवर साफ कर दिए।
गृहयुद्ध के ज्वालामुखी से निकले लावे ने हजारों लोगों चपेट में ले लिया
उनकी इस घोषणा से कलकत्ता में वीभत्स हत्याओं का भयावह मंजर पैदा हो गया। इस ज्वालामुखी से निकले लावे ने जल्द ही नोआखली और बिहार को भी जद में ले लिया। हजारों लोग मारे गए। जनवरी 1947 में मुस्लिम लीग ने पंजाब में आगजनी शुरू की। इसका मकसद संघीय सरकार को नुकसान पहुंचाना था जो एक दशक से साबित कर रही थी कि पंजाब और भारत का शासन सहमति के साथ भी चलाया जा सकता है।
दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौराकर माउंटबेटन सिहर उठे
भारत में अंतिम वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने जब दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तो वहां के हालात सुनकर वह सिहर उठे। दस्तावेजों में दर्ज ब्योरे में जो वर्णन है उससे किसी का भी मानवता में विश्वास हिल सकता है। गांधी जी ने अगस्त 1947 के पहले हफ्ते में पंजाब का दौरा किया। उनका हृदय द्रवित हो उठा। उनके मुख से बरबस निकला, ‘इतनी बर्बरता’, ‘इतनी पाशविकता।’ गांधी जी को अपनी सहयोगी डॉ. सुशीला नैयर को एक शरणार्थी शिविर में रखना पड़ा ताकि भारत में शरणार्थियों के प्रवेश तक उन पर कोई हमला न हो। यही गांधीवादी तरीका है।
विभाजन के समय भारी तादाद में भारतीय मुसलमान अपनी मातृभूमि में ही रह गए
विभाजन के पीड़ितों के लिए केवल भारत ही स्वाभाविक शरणगाह था। पाकिस्तान निर्माण की मुहिम से जुड़कर अपने सपनों के देश में कूच करने वाले तमाम भारतीय मुसलमानों का जल्द ही उससे मोहभंग हो गया, लेकिन वह एक अलग कहानी है। अकाट्य सत्य यही है कि भारी तादाद में भारतीय मुसलमान अपनी मातृभूमि में ही रह गए।
पाक में अल्पसंख्यकों की आबादी 25 प्रतिशत से घटकर दो प्रतिशत रह गई
ऐसे तल्ख माहौल में भारत और पाकिस्तान ने अपने-अपने देशों में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए छह दिन की वार्ता के पश्चात 8 अप्रैल, 1950 को एक समझौता किया। इसे नेहरू-लियाकत समझौते का नाम दिया गया। इसका क्या हासिल हुआ वह इसके अगले कुछ दशकों के हैरतअंगेज आंकड़ों से मालूम पड़ सकता है। इस दौरान पाक में अल्पसंख्यकों की आबादी 25 प्रतिशत से घटकर महज दो प्रतिशत रह गई जबकि भारत में मुस्लिम आबादी की संख्या बढ़ती गई। यही एक लोकतंत्र और धर्मांध देश में अंतर है।
जिन्ना को नहीं थी यूपी, बिहार के मुस्लिमों की परवाह
ऐसा नहीं था कि विभाजन के सूत्रधारों को इसके विरोधाभासों या दुष्परिणामों का अंदाजा नहीं था। असल में वे संवेदनहीन बने हुए थे। जिन्ना के साथ अपनी वकालत की शुरुआत करने वाले एमसी छागला, जो बाद में इंदिरा गांधी सरकार में विदेश मंत्री भी बने, ने अपनी आत्मकथा ‘रोजेज इन दिसंबर’ में लिखा कि एक बार उन्होंने जिन्ना से पूछा कि अगर पाकिस्तान बना तो उत्तर प्रदेश और बिहार के भारतीय मुस्लिमों का क्या होगा? इस पर जिन्ना ने जवाब दिया कि उन्हें इसकी परवाह नहीं।
जिन्ना को परवाह तो बंगालियों की भी नहीं थी
वास्तव में जिन्ना को परवाह तो बंगालियों की भी नहीं थी। पूर्वी पाकिस्तान के अपने इकलौते दौरे पर ढाका में उन्होंने दो-टूक कहा कि उन्हें बंगाली भूलकर उर्दू को अपनी मातृभाषा बनाना होगा। शेख मुजीबुर्रहमान के नेतृत्व में पूर्वी पाकिस्तान के लोगों ने संघर्ष छेड़कर 1971 में पश्चिमी पाकिस्तान के धर्मांध ठप्पे को छुड़ाने वाली भाषिक परंपराओं के साथ अपने देश की नए सिरे से नींव डाली। हालांकि 1975 में शेख मुजीब की त्रासदपूर्ण हत्या से इस प्रक्रिया में कुछ गतिरोध आया, लेकिन सकारात्मक सामाजिक शक्तियों ने उसे पलट दिया। उनकी बेटी शेख हसीना ने अपने पिता की विरासत को और समृद्ध किया।
डॉ. मनमोहन सिंह भी एक शरणार्थी रहे, तभी तो शरणार्थियों के लिए नागरिकता का मुद्दा उठाया
विभाजन बहुत नृशंस कवायद थी और किसी शरणार्थी से बेहतर इसे और कौन समझ सकता है? डॉ. मनमोहन सिंह भी ऐसे ही एक शरणार्थी रहे। यही कारण है कि उन्होंने 2003 में राज्यसभा में शरणार्थियों के लिए नागरिकता का मुद्दा उठाया।
आडवाणी भी शरणार्थी रहे थे, मनमोहन के बाद की सरकार ने उठाए कुछ कदम
संयोग देखिए कि तब गृहमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी भी शरणार्थी रहे थे। नियति और भाग्य ने मनमोहन सिंह को 2004 में देश का प्रधानमंत्री बनाया जिस पद पर वह दस साल तक काबिज रहे। इस दौरान उन्होंने उस मांग को पूरा करने की दिशा में कोई पहल नहीं कि जिसे कभी उन्होंने ही उठाया था, लेकिन उनके बाद की सरकार ने अवश्य इस दिशा में कुछ किया।
नागरिकता संशोधन कानून से किसी भारतीय मुसलमान के अधिकार पर कोई आघात नहीं होगा
हंगामे के इस दौर में जब अफवाहें और गुमराह करने वाली राजनीति की जा रही है तब नागरिकता संशोधन कानून को लेकर यह स्पष्ट करने की जरूरत है कि इससे किसी भी धर्म या वर्ग के भारतीय नागरिक का कोई अधिकार नहीं छिनने जा रहा। यह सिर्फ विभाजन के समय की गलतियों को दुरुस्त करने के लिए उठाया गया कदम है। इससे फिलहाल और भविष्य में भी किसी भारतीय मुसलमान के किसी अधिकार पर कोई आघात नहीं होगा। हमें यह याद रखना होगा कि पाकिस्तान भले ही अल्पसंख्यकों के बिना रह ले, लेकिन भारत अपने सभी भारतीय मुस्लिम नागरिकों के साथ ही भारत रह पाएगा।
( लेखक राज्यसभा सदस्य एवं वरिष्ठ स्तंभकार हैं )












