संविधान दिवस: एक राष्ट्र, एक संकल्प और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का स्वप्न
संविधान दिवस भारत के लोकतांत्रिक संकल्प और डॉ. आंबेडकर के सामाजिक न्याय के स्वप्न का प्रतीक है। यह लेख संविधान के निर्माण में आंबेडकर की निर्णायक भूमिका, उनके विचारों और मोदी सरकार द्वारा उनकी विरासत को राष्ट्रीय विमर्श में लाने के प्रयासों पर प्रकाश डालता है।
HighLights
डॉ. आंबेडकर ने संविधान को सामाजिक न्याय की नींव बनाया।
मोदी सरकार ने आंबेडकर की विरासत को राष्ट्रीय विमर्श में लाया।
सामाजिक न्याय हेतु कई संवैधानिक संशोधन व महिला आरक्षण।
अमित मालवीय। संविधान दिवस केवल उस ऐतिहासिक तारीख का स्मरण नहीं है, जब भारत ने अपना संविधान अंगीकार किया था। यह उस राष्ट्रीय संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसके माध्यम से हमने एक ऐसे गणराज्य की नींव रखी, जहां सत्ता का स्रोत कोई राजा, वंश, वर्ग या विशेषाधिकार नहीं, बल्कि जनता है; जहां हर नागरिक की गरिमा और अधिकार समान हैं; और जहां व्यक्ति की पहचान उसके जन्म, जाति, भाषा, क्षेत्र अथवा सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसकी नागरिकता से निर्धारित होती है।
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत का संविधान अंगीकार किया। 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह किसी साधारण विधिक दस्तावेज का निर्माण नहीं था। यह विविधताओं, असंख्य भाषाओं, आस्थाओं, परम्पराओं और सामाजिक वास्तविकताओं वाले देश को एक साझा संवैधानिक व्यवस्था में जोड़ने का ऐतिहासिक प्रयास था।
संविधान ने भारत को केवल शासन चलाने की व्यवस्था नहीं दी, बल्कि यह तय किया कि शासन किसके प्रति जवाबदेह होगा, सत्ता की सीमाएं क्या होंगी और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
इस महान कार्य में संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान था। लेकिन प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की भूमिका असाधारण और निर्णायक थी। उन्होंने संविधान निर्माण की जटिल प्रक्रिया को विधिक स्पष्टता, बौद्धिक दृढ़ता और सामाजिक न्याय की दृष्टि प्रदान की।
बाबासाहेब का योगदान केवल संविधान के प्रारूप तक सीमित नहीं था। वे उस सामाजिक परिवर्तन के सबसे प्रखर विचारकों में थे, जिसके बिना राजनीतिक स्वतंत्रता अधूरी रह जाती।
आंबेडकर के लिए लोकतंत्र केवल चुनाव, प्रतिनिधित्व और सरकार बदलने की प्रक्रिया नहीं था। उनका मानना था कि राजनीतिक लोकतंत्र तभी टिकाऊ हो सकता है, जब उसकी बुनियाद सामाजिक लोकतंत्र पर टिकी हो। स्वतंत्रता, समानता और बंधुता उनके चिंतन के मूल आधार थे।
वे जानते थे कि यदि समाज में जन्म के आधार पर भेदभाव, अस्पृश्यता, अवसरों की असमानता और सामाजिक अपमान कायम रहेंगे, तो केवल राजनीतिक अधिकार वास्तविक समानता सुनिश्चित नहीं कर सकते। इसलिए संविधान में मौलिक अधिकारों, समानता, अस्पृश्यता के उन्मूलन, वंचित वर्गों के संरक्षण और सामाजिक न्याय के लिए विशेष प्रावधानों का महत्व इतना व्यापक है।
बाबासाहेब ने संविधान को नागरिकों के अधिकारों का दस्तावेज बनाने के साथ-साथ सत्ता पर अंकुश लगाने का माध्यम भी बनाया। उन्होंने संवैधानिक नैतिकता, संस्थाओं की स्वतंत्रता, विधि के शासन और लोकतांत्रिक जवाबदेही पर विशेष बल दिया।
अनुच्छेद 32 को उन्होंने संविधान का हृदय और आत्मा कहा, क्योंकि उनके अनुसार अधिकार तभी सार्थक हैं, जब नागरिक उनके उल्लंघन पर न्याय पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा सके।
उन्होंने चेताया था कि लोकतंत्र में व्यक्तिपूजा और संस्थाओं से ऊपर किसी व्यक्ति को रखने की प्रवृत्ति अंततः लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करती है। देश ने इस चेतावनी की प्रासंगिकता को आपातकाल के दौरान प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया है।
बाबासाहेब की विरासत किसी एक राजनीतिक दल, सरकार या विचारधारा की निजी संपत्ति नहीं है। वे पूरे राष्ट्र के हैं। इसलिए उनके विचारों को केवल स्मारकों, भाषणों और औपचारिक श्रद्धांजलियों तक सीमित करना उनके साथ न्याय नहीं होगा।
उन्हें वास्तविक सम्मान तब मिलेगा, जब सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष जारी रहे, शिक्षा और अवसरों का विस्तार हो, कमजोर वर्गों को न्याय मिले और प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संविधान और बाबासाहेब आंबेडकर की विरासत को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वर्ष 2015 में, बाबासाहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर, 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय इसी सोच का परिणाम था।
इससे पहले यह तारीख आम जनजीवन में उस व्यापक राष्ट्रीय पहचान के साथ उपस्थित नहीं थी, जिसकी वह हकदार थी। संविधान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का उद्देश्य केवल एक ऐतिहासिक घटना का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इसी क्रम में बाबासाहेब के जीवन और विचारों से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने की पहल की गई। मध्य प्रदेश के महू में उनका जन्मस्थान, लंदन में उनका अध्ययन स्थल, नागपुर की दीक्षाभूमि, दिल्ली में महापरिनिर्वाण स्थल और मुंबई की चैत्यभूमि को राष्ट्रीय स्मृति और प्रेरणा के केंद्रों के रूप में प्रतिष्ठित किया गया।
दिल्ली में 15 जनपथ पर डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र की स्थापना और दिसंबर 2017 में उसका उद्घाटन भी इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा था। इसका उद्देश्य बाबासाहेब के विचारों का प्रसार करना और सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन से जुड़े विषयों पर अध्ययन तथा शोध को प्रोत्साहित करना है।
उनके लेखन और भाषणों को व्यापक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम हुआ है। डिजिटल भुगतान मंच BHIM का नामकरण भी बाबासाहेब के सम्मान में किया गया।
संविधान के प्रति सम्मान का वास्तविक मूल्यांकन केवल प्रतीकों से नहीं, बल्कि नीतियों और संस्थागत निर्णयों से भी होना चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विरुद्ध अत्याचारों को रोकने के लिए कानून को अधिक प्रभावी बनाने हेतु 2015 में संशोधन किया गया।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से संवैधानिक दर्जा मिला। 103वें संविधान संशोधन के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए विधायिकाओं में आरक्षण की अवधि भी आगे बढ़ाई गई। इन निर्णयों का महत्व इस बात में है कि सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप संस्थागत आधार दिया गया।
इसी दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 एक ऐतिहासिक कदम है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक मार्ग प्रशस्त करके इसने लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा परिवर्तनकारी संकल्प सामने रखा है।
महिलाओं की भागीदारी को केवल कल्याणकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर निर्णय लेने की संस्थाओं में उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित करना सशक्तीकरण की व्यापक अवधारणा को मजबूत करता है।
इन पहलों को बाबासाहेब के प्रत्येक विचार का प्रत्यक्ष क्रियान्वयन बताना उचित नहीं होगा। लेकिन सामाजिक न्याय, समान अवसर, प्रतिनिधित्व और गरिमा के जिन मूल्यों को उन्होंने भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में रखा, उन पर आगे बढ़ने का प्रयास निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है।
सरकारों का मूल्यांकन इसी कसौटी पर होना चाहिए कि वे संविधान के आदर्शों को नागरिकों के जीवन में कितना वास्तविक बना पाती हैं।
संविधान किसी सरकार का नहीं, भारत के लोगों का है। उसका सम्मान केवल सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विपक्ष, न्यायपालिका, विधायिका, प्रशासन और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान हमें अधिकार देता है, लेकिन साथ ही यह अपेक्षा भी करता है कि हम लोकतांत्रिक संस्थाओं, सार्वजनिक मर्यादाओं और एक-दूसरे के अधिकारों का सम्मान करें।
असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास और विधि के शासन के प्रति प्रतिबद्धता उसकी अनिवार्य शर्त है।
आज संविधान दिवस पर बाबासाहेब आंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके विचारों को राजनीतिक सुविधा के अनुसार उद्धृत करने के बजाय उन्हें अपने राष्ट्रीय जीवन में आत्मसात करें।
सामाजिक समानता को व्यवहार में उतारें, शिक्षा और अवसरों का दायरा बढ़ाएं, वंचितों को न्याय दें और जाति, क्षेत्र तथा अन्य संकीर्ण पहचानों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करें।
संविधान ने हमें एक राष्ट्र के रूप में साथ रहने का आधार दिया है। अब यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम इसे एक न्यायपूर्ण, समावेशी, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का जीवंत संकल्प बनाएं। यही बाबासाहेब के प्रति सम्मान है, यही संविधान दिवस का वास्तविक अर्थ है और यही उस भारत का स्वप्न है, जिसे हमारी आने वाली पीढ़ियों को और अधिक समान, स्वतंत्र तथा गरिमापूर्ण रूप में सौंपना है।
मालवीय भाजपा महाराष्ट्र के सह-प्रभारी और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं।

-1795629931732_v.webp)









