जागरण संपादकीय: बाज नहीं आ रहा पाक
पाकिस्तान को यह आभास लगातार कराते रहना होगा कि वह यदि भारत विरोधी हरकतें नहीं छोड़ता तो उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
HighLights
लक्षद्वीप के पास 3000 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी गई।
ईरानी नौका से पांच पाकिस्तानी तस्कर गिरफ्तार हुए।
पाकिस्तान भारत में ड्रग्स और आतंकवाद फैला रहा है।
लक्षद्वीप के पास ईरान की एक नौका से तीन हजार करोड़ रुपये की ड्रग्स की बरामदगी और इस नौका पर सवार पाकिस्तान के पांच तस्करों की गिरफ्तारी यह बताती है कि मोदी सरकार नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर प्रतिबद्ध है। कुछ दिनों पहले भारत की इस प्रतिबद्धता का उल्लेख अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी किया था, लेकिन उन्हें यह भी देखने की जरूरत है कि पाकिस्तान किस तरह ड्रग्स के कारोबार को बढ़ावा देने में जुटा है, लेकिन इसके आसार कम ही हैं।
जो भी हो, भारत को ड्रग्स तस्करी को लेकर अपनी सतर्कता और बढ़ाने की आवश्यकता है, क्योंकि बात तब बनेगी, जब नशीले पदार्थों के तस्करों को यह संदेश जाएगा कि वे किसी भी तरह से भारत में ड्रग्स नहीं ला सकते। अभी ऐसी स्थिति नहीं बन सकी है और यही कारण है कि आए दिन देश में विभिन्न रास्तों और विशेष रूप से समुद्री मार्गों से ड्रग्स लाने वाले पकड़े जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त देश के अंदर भी नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले पकड़े जा रहे हैं।
नशीले पदार्थों के जरिये केवल देश की युवा पीढ़ी को ही बर्बाद नहीं किया जा रहा है, बल्कि उनके कारोबार के जरिये जुटाया गया पैसा आतंक और अपराध में इस्तेमाल किया जा रहा है। स्पष्ट है कि एक ओर जहां सरकारी एजेंसियों को ड्रग्स तस्करों के खिलाफ और सख्ती बरतनी होगी, वहीं दूसरी ओर समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों के घातक परिणामों से सतर्क रहना होगा।
भारत में जिन देशों से ड्रग्स भेजी जा रही है, उनमें पाकिस्तान प्रमुख है। वह पंजाब और राजस्थान में ड्रोन के जरिये भी ड्रग्स भेजता है। ड्रग्स के साथ ही वह हथियार भी भेजता है। इसका सीधा अर्थ है कि वह भारत को हरसंभव तरीके से नुकसान पहुंचाने पर आमादा है। इसका पता गत दिनों कश्मीर में लश्कर के पाकिस्तानी आतंकी मूसा को मुठभेड़ में ढेर किए जाने से भी लगता है।
जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में वांछित यह आतंकी पाकिस्तानी सेना का पूर्व कमांडर रह चुका है। यह पहली बार नहीं, जब पाकिस्तानी सेना से जुड़ा रहा कोई आतंकी भारत में मारा गया हो। वास्तव में ऐसे आतंकियों की गिनती करना कठिन है, जो पाकिस्तानी सैनिक थे। यह भी किसी से छिपा नहीं कि पाकिस्तान अपनी जमीन पर आतंकियों के अड्डे अभी भी चला रहा है और उसकी सेना भारत में उनकी घुसपैठ कराने की कोशिश करती रहती है।
इस सबसे यही पता चलता है कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आने को तैयार नहीं। ऐसे में आवश्यकता केवल उससे सतर्क रहने की ही नहीं है, बल्कि उस पर दबाव बढ़ाने की भी है। पाकिस्तान को यह आभास लगातार कराते रहना होगा कि वह यदि भारत विरोधी हरकतें नहीं छोड़ता तो उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।







-1790621043432_v.webp)



