भरोसे की कसौटी पर खरे मोदी: नीतीश कुमार
प्रभावी नेतृत्व के लिए निरंतर प्रयास, अथक परिश्रम और अनुशासन की जरूरत होती है। प्रधानमंत्री मोदी की अथक ऊर्जा और अनन्य समर्पण ने ही इतने लंबे समय तक उनके प्रति जनता का व्यापक भरोसा बनाए रखने में मदद की है।
HighLights
नीतीश कुमार। भारत जैसे विशाल और प्रतिस्पर्धी लोकतंत्र में जनता का भरोसा जीतना कठिन होता है और इसे बनाए रखना और भी कठिन, फिर भी कड़ी प्रतिद्वंद्विता और जनता की सख्त कसौटी के बावजूद नरेन्द्र मोदी जनता के विश्वास को बनाए रखने में सफल रहे हैं। वैसे तो हम दोनों भौगोलिक रूप से भारत के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों से आते हैं, लेकिन उसी पीढ़ी के साझा प्रतिनिधि भी हैं, जिसकी राजनीतिक चेतना आपातकाल से प्रभावित हुई थी। हमने लोकतांत्रिक स्वतंत्रता पर हुए हमले को अपनी आंखों से देखा और उस आंदोलन में भाग भी लिया, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना था। उस संघर्ष ने सार्वजनिक जीवन और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में हमारी समझ को आकार दिया।
दशकों तक यह धारणा रही कि देश के सर्वोच्च पद कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों या प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में जन्म लिए लोगों के लिए आरक्षित हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ने इस धारणा को चुनौती दी। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर देश के सर्वोच्च निर्वाचित पद तक पहुंचने वाले मोदी करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता गाथा इस विश्वास को और दृढ़ करती है कि एक जीवंत लोकतंत्र में संकल्प, कड़ा परिश्रम और क्षमताएं तमाम बाधाओं को धता बताते हुए व्यक्ति को शिखर पर सुशोभित कर सकती हैं। उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि न होकर भारतीय लोकतंत्र की शक्ति एवं खुलेपन का भी जीवंत प्रमाण है।
डा. लोहिया, जेपी और कई अन्य महान समाजवादी नेताओं के अनुयायी के रूप में मैंने हमेशा राजनीति को लोगों की भलाई सुनिश्चित करने के साधन के रूप में देखा है। लोगों को गरीबी से ऊपर उठाने और उनके लिए एक गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना किसी भी राजनेता की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस लिहाज से पीएम मोदी का रिकार्ड शानदार रहा है। उनके नेतृत्व में राजग सरकार के दौरान 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी के दायरे से बाहर निकालना संभव हो सका है। उनकी सरकार में शौचालय, बैंक खाते, घर, गैस कनेक्शन, नल से जल आपूर्ति, स्वास्थ्य बीमा कवरेज तथा अनेक मूलभूत आवश्यकताएं करोड़ों लोगों तक पहुंची हैं। अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, पिछड़े वर्गों, अत्यंत पिछड़े वर्गों, महिलाओं, गरीब परिवारों और विकास कार्यक्रमों के पहली पीढ़ी के लाभार्थियों के एक बड़े वर्ग ने अब खुद को भारत की विकास गाथा में सक्रिय भागीदार के रूप में देखना शुरू कर दिया है। युवाओं को विशेष योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता के नए अवसर मिले हैं। इन समूहों को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में लाना सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में सबसे महत्वपूर्ण उत्प्रेरक रहा है।
महिलाओं के कल्याण और सम्मान को समर्पित मोदी सरकार की कई योजनाओं से महिलाओं को सीधे तौर पर लाभ हुआ है और उनका जीवन सुगम हुआ है। बिहार में मेरा अपना अनुभव रहा है कि जब महिलाओं को विकास कार्यों के केंद्र में रखा जाता है तो समाज तेजी से प्रगति करता है। कोई आश्चर्य नहीं कि बिहार में हमारे जीविका प्रयोग की सफलता की चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है। वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने के नाते मैं जानता हूं कि योजनाओं के लाभ को वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसमें सिर्फ भली मंशा ही काफी नहीं, बल्कि प्रभावी कार्यान्वयन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हर छोटे-बड़े पहलू पर ध्यान देने की जरूरत होती है।
प्रधानमंत्री मोदी यह सुनिश्चित करने पर जोर देते हैं कि शासन का परिणाम नागरिकों के लिए वास्तविक लाभ में बदले। चाहे कल्याण योजनाएं हों, अवसंरचना विकास हो या सार्वजनिक सेवा वितरण, उन्होंने हमेशा दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित किया है। जब सरकारी लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से और बिना किसी रिसाव के पहुंचते हैं तो संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत होता है। यह विश्वास प्रधानमंत्री के नागरिकों के साथ निरंतर जुड़ाव और संवाद से और मजबूत हुआ है, जिससे सरकार और लोगों के बीच मजबूत संबंध को बढ़ावा देने में मदद मिली है।
मैंने हमेशा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता के दृष्टिकोण को अपनाया है और उसका समर्थन किया है। पीएम मोदी की जिन खूबियों ने उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है, उनमें से एक है बेदाग रिकार्ड और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका मजबूत रुख। भारतीय राजनीति में ऐसे विरले ही नेता हुए हैं, जिन्होंने दशकों तक सत्ता के शीर्ष पर रहते हुए अपने दामन पर कोई दाग नहीं लगने दिया। उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के जरिये भ्रष्ट तंत्र पर कार्रवाई की इच्छाशक्ति भी दिखाई है। पीएम मोदी के कार्यकाल की एक खास बात यह भी रही कि वैश्विक मंच पर भारत का महत्व बढ़ा है। यही कारण है कि आज दुनिया भारत को उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लंबा और सफल कार्यकाल भी शामिल है। वे जल्द ही चुनी हुई सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार सेवा के 25 वर्ष पूरे कर लेंगे। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर इस अनुभव ने उन्हें राज्यों की जरूरतों और उनका समर्थन करने के महत्व की गहरी समझ दी है। प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सहकारी संघवाद के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। मुख्यमंत्री के रूप में मेरा अपना यह अनुभव रहा कि उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना बिहार के विकास के लिए समर्थन दिया। प्रधानमंत्री मोदी के मन में बिहार की विशिष्ट संस्कृति और परंपराओं के प्रति बहुत सम्मान है।
प्रभावी नेतृत्व के लिए निरंतर प्रयास, अथक परिश्रम और अनुशासन की जरूरत होती है। प्रधानमंत्री मोदी की अथक ऊर्जा और अनन्य समर्पण ने ही इतने लंबे समय तक उनके प्रति जनता का व्यापक भरोसा बनाए रखने में मदद की है। वे भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि तक पहुंच चुके हैं। यह उनके सार्वजनिक जीवन में योगदान का जश्न मनाने और उन्हें ऐसी और उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं देने का अवसर है।
(लेखक राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री हैं)












