लोकसभा के लिए आसान हुई भाजपा की राह, विरोधी की कमजोरी के भरोसे रहना कांग्रेस को पड़ा भारी
इसमें कोई संदेह नहीं कि इन चुनाव नतीजों का आगामी लोकसभा चुनाव पर असर पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कह भी चुके हैं कि जीत की इस तिकड़ी ने लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का आधार तैयार कर दिया है। भाजपा के लिए यह जीत बहुत जरूरी थी क्योंकि केंद्र में उसकी सत्ता का रास्ता उत्तर मध्य और पश्चिम भारत में सफलता से होकर ही जाता है।
राहुल वर्मा। विधानसभा चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए बहुत सुखद हैं। हिमाचल और कर्नाटक में अपनी सरकार गंवाने के बाद पार्टी ने जहां राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सत्ता हासिल करने में सफलता पाई, वहीं मध्य प्रदेश का अपना किला बचाने में भी कामयाब रही। तेलंगाना की सियासी लड़ाई में भाजपा हाशिए पर ही थी, लेकिन वहां वह अपनी सीटों की संख्या और वोट प्रतिशत बढ़ाने में सफल रही।
भाजपा के लिए ये नतीजे इस दृष्टिकोण से भी अनुकूल हैं कि पांच साल पहले हिंदी पट्टी के इन तीनों राज्यों में कांग्रेस ने उसे पटखनी दी थी। यह बात अलग है कि मध्य प्रदेश में महज 15 महीनों के भीतर ही आंतरिक गतिरोध से टूटी कांग्रेस सरकार के पतन ने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में फिर से भाजपा सरकार के लिए गुंजाइश बनाई।
भाजपा के लिए चुनाव परिणाम कई मायनों में उल्लेखनीय हैं, क्योंकि उसने धारा के विपरीत तैरते हुए यह सफलता हासिल की है। राजस्थान में पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए कोई उम्मीदवार पेश नहीं किया और राज्य की सबसे बड़ी नेता मानी जाने वालीं वसुंधरा राजे के साथ केंद्रीय नेतृत्व की खटपट भी किसी से छिपी नहीं रही।
दूसरी ओर अशोक गहलोत पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने अपनी कुछ लोकलुभावन योजनाओं से राजस्थान में हर पांच साल में सत्ता बदलने वाले रुझान को भी धता बता देने की तैयारी कर ली थी। मध्य प्रदेश में भाजपा करीब दो दशकों की सरकार के चलते सत्ता विरोधी रुझान और उससे उपजी राजनीतिक ऊब की दुविधा से जूझ रही थी। यहां कांटे की टक्कर के बावजूद अधिकांश अनुमानों में कांग्रेस के लिए ही बढ़त मानी जा रही थी।
छत्तीसगढ़ के पिछले चुनाव में कांग्रेस को इतनी बड़ी जीत मिली थी कि उसे देखते हुए व्यापक तौर पर यही माना जा रहा था कि कुछ सीटों के नुकसान के बावजूद पार्टी दोबारा सत्ता की दहलीज पर लौटने में सफल रहेगी। भाजपा ने अपने विपरीत बह रही इन हवाओं के रुख को मोड़कर तमाम राजनीतिक पंडितों को गलत साबित कर दिया। तेलंगाना की लड़ाई में भाजपा कहीं थी ही नहीं, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव और हैदराबाद के स्थानीय निकाय चुनाव में मिली सफलता के बाद भाजपा यहां अपनी संभावनाएं तलाशकर दक्षिण में अपने दायरे के विस्तार की योजना पर काम कर रही थी। यह स्पष्ट है कि इसके लिए उसे अभी और प्रतीक्षा करनी होगी।
मध्य भारत पारंपरिक रूप से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और इन चुनावों ने इस धारणा को मजबूत ही किया है। हिंदी पट्टी में इस बड़ी जीत के कारणों की पड़ताल करें तो पाएंगे कि सांगठनिक कौशल भाजपा की एक बड़ी थाती है। उसका यह संगठन कौशल कई चुनौतियों की राह आसान बना देता है। संवाद कौशल में भी भाजपा विपक्षियों पर भारी पड़ती है। खुद प्रधानमंत्री मोदी एक प्रभावी वक्ता हैं। भाजपा मतदाताओं तक अपनी बात और संदेश को कहीं कारगर ढंग से पहुंचाने में सक्षम हो जाती है। पार्टी ने अपना एक व्यापक सामाजिक आधार भी तैयार किया है, जो शायद ही कभी उसका साथ छोड़ता है।
चुनावी राज्यों में राजस्थान का ही उदाहरण लें तो यहां बारी-बारी से दोनों दलों की सरकारों के गठन का रिवाज है, लेकिन एक बड़ा अंतर यह है कि जब यहां भाजपा की सरकार बनती है तो वह बड़े बहुमत के साथ, जबकि कांग्रेस की सरकार बहुमत के किनारे पर आकर ही बनती है। इसके पीछे एक बड़ा कारण उस सामाजिक आधार का है, जो पार्टी के साथ अमूमन चिपका रहता है। इसके साथ ही भाजपा हर जगह कहीं बेहतर स्थानीय नेतृत्व तैयार करने में भी सफल रही है, जिसका लाभ उसे चुनावों में मिलता है।
जीत के लिए जिम्मेदार इन कारकों से इतर एक पहलू जो भाजपा को अन्य दलों से अलग और इतनी सफल पार्टी बनाता है, वह है उसका परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालना और उसी अनुरूप रणनीति बनाना। भाजपा अपनी गलतियों से सीख लेती है और किसी भी चुनाव की परिस्थितियों का बेहतर आकलन करती है। हिमाचल और कर्नाटक में मिली हार से सबक सीखते हुए भाजपा ने इन चुनावों में अपनी रणनीति कुछ बदली। जैसे कुछ सांसदों को चुनाव में उतारने के दांव के पीछे माना गया कि पार्टी अति-रक्षात्मक रुख अपना रही है, लेकिन उसने इसकी परवाह नहीं की। उसे अपनी रणनीति पर भरोसा था, जो अंत में कारगर भी रही। इसके विपरीत कांग्रेस का अति-आत्मविश्वास और अपनी ताकत से अधिक विरोधी की कमजोरी के भरोसे रहना उसे भारी पड़ा।
इसमें कोई संदेह नहीं कि इन चुनाव नतीजों का आगामी लोकसभा चुनाव पर असर पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कह भी चुके हैं कि जीत की इस तिकड़ी ने लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का आधार तैयार कर दिया है। भाजपा के लिए यह जीत बहुत जरूरी थी, क्योंकि केंद्र में उसकी सत्ता का रास्ता उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में सफलता से होकर ही जाता है। ऐसे में इन चुनावों में मिली जीत भाजपा के लिए 2024 की राह शायद और आसान करे। हालांकि, उसे पूरी तरह से सतर्क रहना होगा और आरामतलबी से परहेज भी करना होगा।
इसके साथ ही भाजपा को एक ऐसा चुनावी अभियान भी चलाना होगा, जो विपक्षी खेमे में खलबली मचाए रखे। विपक्षी धड़े की कमजोरियों और उनके शासन में हो रही कमियों को उजागर करते हुए भाजपा को अपने सकारात्मक पहलुओं को भी रेखांकित करना होगा। जहां तक कांग्रेस का सवाल है तो ये चुनाव उसके लिए लोकसभा की तैयारी और उनके लिए अपना दावा मजबूत करने का अंतिम अवसर थे, जिसमें वह मात खा गई। अब विपक्षी गठबंधन यानी आइएनडीआइए के भविष्य पर भी ढेर सारे प्रश्न चिह्न लग गए हैं। देखना यह होगा कि अब कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा को चुनौती देने की कोई नई रणनीति बना पाएंगे या नहीं?
(लेखक सेंटर फार पालिसी रिसर्च में फेलो और राजनीतिक विश्लेषक हैं)












