यूपी चुनाव 2017 : तीसरे चरण में 250 उम्मीदवार करोड़पति
सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए होने वाले तीसरे चरण के मतदान वाले 12 जिलों की 69 सीटों के लिए 826 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से 250 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान की उलट गिनती शुरू हो गई है। सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए होने वाले तीसरे चरण के मतदान वाले 12 जिलों की 69 सीटों के लिए 826 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से 250 उम्मीदवार करोड़पति हैं। उत्तर प्रदेश में आज भी राजनीति बिजली, सड़क, रोटी और मकान के वादों के इर्द-गिर्द ही घूमती हो लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू ये है कि इसी प्रदेश में करोड़पति नेताओं की भी कमी नहीं है।
तीसरे चरण की 69 सीटों पर 250 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 61, समाजवादी पार्टी के 51, बहुजन समाज पार्टी के 56, राष्ट्रीय लोकदल के 13, कांग्रेस के सात तथा निर्दलीय 24 प्रत्याशी शामिल हैं।यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश चुनाव 2017: कांग्रेस-सपा गठबंधन सरकार करेगी कर्जा माफ
करोड़पति प्रत्याशियों के शीर्ष दस में मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा भी शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के अनूप गुप्ता, सीमा सचान, मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव व सांसद नरेश अग्रवाल के बेट नितिन अग्रवाल करोड़पति हैं। वहीं कांग्रेस के अजय कपूर के साथ प्रमोद जायसवाल और भाजपा के सतीश महाना भी करोड़पति प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में 12 जिलों में कल मतदान होना है। इसमें फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी व सीतापुर शाामिल हैं।
यह भी पढ़ें- UP Election 2017: अमित शाह बोले, सपा सरकार में काम नहीं मंत्रियों के कारनामे बोलते
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स और उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच ने तीसरे चरण के उम्मीदवारों के घोषित वित्तीय विवरणों के आधार पर विश्लेषण किया है। एडीआर ने 826 में से 813 उम्मीदवारों के पत्रों का विश्लेषण किया है। इस विश्लेषण में सामने आया कि उम्मीदवारों ने जो अपनी संपत्ति का विवरण दिया है, उसमें 8 फीसदी यानी 68 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति 5 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा है। वहीं 12 प्रतिशत यानी 98 प्रत्याशियों की संपत्ति 2 करोड़ या उससे ज्यादा है, 175 उम्मीदवारों की संपत्ति 50 लाख से 2 करोड़ के बीच है। इनमें 269 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी संपत्ति 10 लाख रुपए से कम है।
यह भी पढ़ें- UP Assembly Election: मंत्री-अफसरों की मिलीभगत से निष्पक्ष चुनाव में खतरा
तीसरे चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति करीब 1.61 करोड़ रुपए है. इनमें कांग्रेस का औसत 6 करोड़ 20 लाख रुपए, भाजपा का 3 करोड़ 79 लाख रुपए, बसपा का 4.18 करोड़ रुपए, सपा का 5.70 करोड़ रुपए, रालोद का 73.56 लाख रुपए और निर्दलीय उम्मीदवारों की संपत्ति का औसत 72.25 लाख रुपए है।
तीसरे चरण में करोड़पति उम्मीदवार
भाजपा के 68 में से 61 प्रत्याशी : 90 प्रतिशत।
समाजवादी पार्टी के 59 में से 51 प्रत्याशी : 86 फीसदी।
बहुजन समाज पार्टी के 67 में से 56 प्रत्याशी : 84 फीसदी।
कांग्रेस के 14 में से सात प्रत्याशी : 50 फीसदी।
रालोद के 40 में से 13 प्रत्याशी: 33 प्रतिशत।
निर्दलीय 225 में से 24 प्रत्याशी: 11 प्रतिशत।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: कानपुर क्षेत्र में लोकतंत्र को 'जातीय जंजीरों' ने जकड़ा
तीसरे चरण में चल-अचल संपत्ति वाले टॉप टेन प्रत्याशी
अनूप कुमार गुप्ता : सीतापुर में महोली से सपा प्रत्याशी - 42 करोड़ रुपए से ज्यादा।
अजय कपूर : कानपुर नगर की किदवईनगर से कांग्रेस प्रत्याशी - 31 करोड़ से ज्यादा।
सीमा सचान : कानपुर देहात की सिकंदरा से सपा प्रत्याशी - 29 करोड़ से ज्यादा।
मनोज अग्रवाल : फर्रुखाबाद से निर्दलीय उम्मीदवार - 26 करोड़ से ज्यादा।
प्रमोद जायसवाल : कानपुर नगर की आर्यनगर से कांग्रेस प्रत्याशी - 24 करोड़ से ज्यादा।
अपर्णा यादव : लखनऊ कैंट से सपा प्रत्याशी - 22 करोड़ से ज्यादा।
सतीश महाना : कानपुर नगर के महाराजपुर से भाजपा प्रत्याशी - 20 करोड़ से ज्यादा।
तस्कीन : कन्नौज की छिबरामऊ से निर्दलीय प्रत्याशी - 19 करोड़ से ज्यादा।
नितिन अग्रवाल : हरदोई सीट से सपा प्रत्याशी - 19 करोड़ से ज्यादा
शिव कुमार गुप्ता : सीतापुर की सेवता सीट से सपा प्रत्याशी - 19 करोड़ से ज्यादा।
यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनावः मोदी की रैली के बाद कन्नौज ने बदला सियासी मिजाज
50 लाख सालाना कमाती हैं अपर्णा यादव
इनकम टैक्स में सबसे ज्यादा वार्षिक आय घोषित करने वालों की टॉप थ्री लिस्ट में मुलायम की छोटी बहू अपर्णा यादव का नाम सबसे ऊपर है। अपर्णा ने अपने पति प्रतीक के साथ घोषित किया है कि उनकी सालाना आय 1.97 करोड़ से ज्यादा है। इसमें अपर्णा की खुद की आय 50 लाख रुपए के करीब है।
करोड़ों की संपत्ति लेकिन आयकर रिटर्न नहीं करते दाखिल
813 में से सिर्फ 26 प्रतिशत यानी 208 प्रत्याशियों के पास ही पैन है। इनमें करीब 424 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी आयकर का विवरण घोषित नहीं किया है। इसमें भी खास बात यह कि 26 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपए से ज्यादा की घोषित की है, लेकिन आयकर विवरण नहीं दिया है। लखनऊ के सरोजनीनगर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रुद्र दमन सिंह ने अपनी संपत्ति 16 करोड़ से ज्यादा की दिखाई है, इनके पास पैन भी है लेकिन ये आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करते।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: अखिलेश बोले मोदी कर रहे पिता-पुत्र में दरार डालने की कोशिश
दो उम्मीदवारों के पास कुछ भी नहीं
दिलचस्प बात ये है कि लखनऊ पश्चिम से सीपीआई के प्रत्याशी मोहम्मद अकरम खान और सीतापुर की लहरपुर सीट से आवामी समता पार्टी के प्रत्याशी सुरेश चंद्र ने ऐलान किया है कि उनके पास एक रुपए की संपत्ति नहीं है। इसके अलावा कानपुर नगर की घाटमपुर सीट से ओजस्वी पार्टी के प्रत्याशी विजय गौतम ने संपत्ति के नाम पर 1000 रुपए घोषित किए हैं, वहीं फर्रुखाबाद के भोजपुर से निर्दलीय प्रत्याशी अवनीत कुमार और सीतापुर से प्रत्याशी नारायण उर्फ राम नारायण ने अपने पास संपत्ति के नाम पर 3000 रुपए दिखाए हैं। सबसे ज्यादा देनदारी घोषित करने वाले उम्मीदवारों में फर्रुखाबाद के मनेाज अग्रवाल नंबर एक हैं, इनकी कुल संपत्ति 26 करोड़ रुपए है, जबकि देनदारी इन्होंने 13 करोड़ की दिखाई है, वहीं कानपुर नगर के कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर ने 31 करोड़ की अपनी संपत्ति में 9 करोड़ की देनदारी दिखाई है, जबकि लखनऊ कैंट से सपा प्रत्याशी अपर्णा यादव यहां तीसरे नंबर पर हैं। अपर्णा यादव के पास 22 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है और देनदारी उन्होंने 8 करोड़ से ज्यादा की दिखाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।