उत्तर प्रदेश चुनाव 2017: कांग्रेस-सपा गठबंधन सरकार करेगी कर्जा माफ
कांग्रेस नेताओं ने आज चुनावी जनसभाओं में बसपा-भाजपा पर निशाना साधा और सपा-कांग्रेस गठबंघन के लिए वोट का जुगाड़ करने की कोशिश की।
लखनऊ (जेएनएन)। कांग्रेस नेताओं ने आज चुनावी जनसभाओं में बसपा-भाजपा पर निशाना साधा और सपा-कांग्रेस गठबंघन के लिए वोट का जुगाड़ करने की कोशिश की। आज पार्टी के यूपी प्रभारी इलाहाबाद और अध्यक्ष बाराबंकी में दहाड़ते रहे। मोदी सरकार की नोटबंदी को लेकर हमला और गरीब किसान और मजदूरों की हिमायत नेताओं के भाषण का हिस्सा रहे। अन्य नेताओं ने भी सभाओं को संबोधित किया।
यह भी पढ़ें-यूपी चुनाव 2017: तीसरे चरण की 69 सीटों पर चुनाव प्रचार थमा
कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने इलाहाबाद के पथरताल जनसभा में नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उसे किसान विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों व मजलूमों की पार्टी है और ऐसे वर्ग के लिए हमेशा संघर्ष करती आई है, आगे भी करेगी। गठबंधन की सरकार बनी किसानों का कर्ज माफ होगा साथ ही बिजली का बिल भी हाफ कर दिया जाएगा। जाति-पात व मजहब से ऊपर उठकर गरीबों को रोजी-रोटी व मकान दिलाया जाएगा। पार्टी का सपना गरीबी-भुखमरी समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि मोदी जी पूछते हैं कि हमारी सरकार ने क्या किया? हम बताते हैं कि हमारी सरकार ने गरीबी दूर करने का काम किया है। मोदी सरकार ने नोटबंदी कर देश की गरीब जनता को लाइन में ही लगाया है। नोटबंदी के दौरान गलत नीतियों के कारण सैकड़ों लोग काल के गाल में समा गए। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी राम कृपाल को वोट देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार बनने पर बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। राज्य सभा सदस्य कुंवर रेवती रमण सिंह भी वक्ताओं में थे।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: अखिलेश बोले मोदी कर रहे पिता-पुत्र में दरार डालने की कोशिश
विकास चाहती सपा-कांग्रेस : राजबब्बर
बाराबंकी के सिद्धौर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर अपने पांच मिनट के भाषण में भाजपा व बसपा पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस यदि सत्ता में आई तो किसानों का कर्ज माफ और बिजली बिल हाफ किया जाएगा। भाजपा तो केवल जुमले की सरकार है, काम कोई नहीं करती है। कांग्रेस व सपा मिलकर विकास लाना चाहती है, बाकी दल केवल झूठे वादे करते हैं। अपने पांच मिनट के भाषण में उन्होंने मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर सपा व कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया को जितवाने की शपथ दिलाई। बसपा भी प्रदेश में कई बार सत्ता में आई जो केवल विकास के नाम पर पत्थर ही लगवाने का काम किया। राजबब्बर ने कहा कि मोदी जी को विदेश पसंद है, अखिलेश यादव को प्रदेश पसंद है, राहुल गांधी को देश पसंद है और तनुज पुनिया को जैदपुर पसंद है। इस पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।