Move to Jagran APP

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी गई हैं, आज जिन पर हमारी नजर बनी हुई है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Thu, 29 Mar 2018 08:40 AM (IST)Updated: Thu, 29 Mar 2018 11:21 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबरः मार्च में मई की गर्मी, उत्तर भारत में 40 के पार पहुंचा पारा, हिमाचल में लू की स्थिति

loksabha election banner

नई दिल्ली। अभी मार्च बीतने में तीन दिन हैं, लेकिन गर्मी ने तेवर दिखा दिए हैं। बुधवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। हरियाणा के गुरग्राम, दिल्ली के पालम में और राजस्थान के जैसलमेर में गर्मी ने मार्च में अपना रंग दिखा दिया है। हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया है। इस तरह वहां लू की नौबत आ गई है। पहाड़ी इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से ज्यादा पहुंच जाता है तो लू की स्थिति हो जाती है। एक दशक में दूसरी बार मार्च में दिल्ली वालों को इतनी अधिक गर्मी से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को पालम में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व पालम का तापमान 27 मार्च 2010 को 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2-ISRO के GSAT-6A संचार उपग्रह का काउंटडाउन शुरू

चेन्नई। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने जीसैट-6ए नामक संचार सैटेलाइट अंतरिक्ष में ले जाने वाले जीएसएलवी-एफ08 अभियान को शुरू करने का काउंटडाउन शुरू कर दिया है। इस उपग्रह के प्रक्षेपण की 27 घंटे की उलटी गिनती श्रीहरिकोटा से गुरुवार को शुरू होनी है। इसरो ने बुधवार को बताया कि इस अभियान को रेडिनेस रिव्यू कमेटी और लांच आर्थराइजेशन बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद ही इसका काउंटडाउन शुरू होगा। जीएसएलवी-एफ08 का प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा के दूसरे लांच पैड सतीश धवन स्पेस सेंटर से शाम 4.56 बजे करने की योजना है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

3-आतंक के 6 साल बाद पाकिस्तान लौटीं मलाला, तालिबान ने मारी थी गोली

इस्लामाबाद। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई छ: साल बाद अपने देश पाकिस्तान लौट गई हैं। तालिबानी आतंकियों द्वारा किए गए हमले के बाद मलाला पहली बार पाकिस्तान पहुंची। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार मलाला गुरुवार की सुबह दुबई के रास्ते अपने देश पहुंची। बता दें कि छ: साल पहले 2012 में लड़कियों के लिए शिक्षा की वकालत करने पर तालिबानी आतंकियो ने मलाला पर हमला किया था और उन्हें सिर पर गोली मारी थी। इस घटना के बाद मलाला पाकिस्तान छोड़ने पर मजबूर हो गई थी और इंग्लैंड में रह रहीं थीं। मलाला के इस कार्यक्रम को सुरक्षा के लिहाज से काफी गुप्त रखा गया है। मलाला युसुफजई को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने माता-पिता के साथ इस्लामाबाद के बेनजीर भुट्टो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे निकलते देखा गया है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

4-लालू यादव से विशेष बातचीत, कहा- तबीयत जादे बिगड़ गइल बा, ठीक होके योजना बनाइब

रांची। तबीयत जादे बिगड़ गइल बा, ठीक होके योजना बनाइब। गोलब्लॉडर में सरसों के दाना के बराबर रांची में स्टोन हो गइल। उक्त बातें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने रांची के रिम्स से एम्स के लिए रवाना होने के बाद राजधानी एक्सप्रेस में विशेष बातचीत के दौरान कहीं। लालू ने किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर बातचीत से सीधे इन्कार किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत करने की स्थिति में मैं नहीं हूं। समय आने पर सबकुछ ठीक किया जाएगा। लालू की तबीयत बेहद बिगड़ी नजर आ रही थी। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। 

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

5-CBSE पेपर लीक : रातभर चली क्राइम ब्रांच की छापेमारी, दिल्ली पुलिस जल्द कर सकती है खुलासा

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं के गणित और 12वीं के अर्थशास्त्र के परीक्षा लीक मामले में दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात भर छापेमारी की कार्रवाई की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, छापेमारी की यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के भी कई इलाकों में की है। कहा जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस मामले में अहम खुलासा कर सकती है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने छापेमारी का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। वहीं, पुलिस इस मामले में अब तक 25 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, यह संख्या बढ़ भी सकती है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

6-अन्ना की बिगड़ी तबीयत, 5.5 किलोग्राम कम हुआ वजन, बोले- खत्म नहीं होगा अनशन

नई दिल्ली। पिछले छह दिनों से रामलीला मैदान में सशक्त लोकपाल, चुनाव सुधार प्रक्रिया और किसानों की मांगों को लेकर अनशन कर रहे समाजसेवी अन्ना हजारे की बुधवार को तबीयत खराब हो गई। इस कारण शाम को नियमित तौर पर होने वाली प्रेसवार्ता रद करनी पड़ी। अन्ना के स्वास्थ्य की देखरेख कर रहे डॉ. धनंजय ने बताया कि अब तक अन्ना का वजन 5.5 किलोग्राम कम हो चुका है। रक्तचाप भी 186/100 है जो कि काफी ज्यादा है। शुगर के स्तर में भी काफी गिरावट आई है। ऐसे में उन्हें ज्यादा से ज्यादा आराम करने और पानी पीने की सलाह दी गई है। वहीं, पिछले दो दिनों से केंद्र सरकार की तरफ से महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन और अन्ना के बीच हो रही बातचीत भी विफल हो गई है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

7-फेसबुक डाटा लीक मामले में मोदी सरकार सख्‍त, फेसबुक से मांगी जानकारी

नई दिल्‍ली। डाटा चोरी मामले में कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस देने के बाद सरकार ने फेसबुक से भी जानकारी मांगी है। सरकार ने फेसबुक को एक पत्र लिखकर पूछा है कि क्या कैंब्रिज एनालिटिका ने भारतीय वोटरों की जानकारी का दुरुपयोग किया है? अगर ऐसा हुआ तो कैसे हुआ? फेसबुक को जवाब देने के लिए 7 अप्रैल तक का समय सरकार ने दिया है। फेसबुक से भारतीय वोटरों के डाटा की चोरी को लेकर सरकार इसके सीईओ मार्क जुकरबर्ग को पहले ही सख्त चेतावनी दे चुकी है। इसके बाद कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस जारी करके भी फेसबुक के भारतीय यूजर्स की जानकारियों के इस्तेमाल के संबंध में जवाब मांगा है। अब इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने फेसबुक को पत्र लिखकर कई मुद्दों पर जवाब मांगा है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8- कैंब्रिज एनालिटिका के पास भारत के 600 जिलों और सात लाख गांवों के आकड़े

नई दिल्ली। डाटा लीक के आरोपों का सामना कर रही ब्रिटिश कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका (सीए) के पास भारत के 600 जिलों और सात लाख गांवों के आकड़े हैं। कंपनी इन आंकड़ों को लगातार अपडेट करती रहती है। कैंब्रिज एनालिटिका के पूर्व रिसर्च प्रमुख डेविड वाइली ने बताया है कि उनकी कंपनी ने भारत में राजनीतिक दलों को जातिगत आंकड़ा मुहैया कराने के लिए भी काम किया है। इसके अलावा पार्टियों को वोटिंग पैटर्न के बारे में भी जानकारी बेची गई है। कैंब्रिज एनालिटिका भारत में स्ट्रैटजिक कम्युनिकेशंस लेबोरेटरी (एससीएल) के जरिये सक्रिय थी। एससीएल की पैरेंट कंपनी एनालिटिका ही थी। वाइली ने कहा है कि 2003 से 2012 तक भारत के कई चुनावों में सीए ने काम किया है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

9- महावीर जयंती आज, राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई 

नई दिल्ली। आज यानी गुरूवार को देशभर में महावीर जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीटर के माध्यम से देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि भगवान महावीर के शांति, अहिंसा तथा समरसता के संदेश हम लोगों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्वीट कर महावीर जयंती की बधाई दी है। कोविंद ने ट्वीट किया- महावीर जयंती के अवसर पर, मैं सभी देशवासियों, विशेषकर जैन समुदाय को, बधाई देता हूं। भगवान महावीर की शिक्षाएं आज के युग के लिए प्रासंगिक और महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीटर पर लिखा कि आप सभी को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि आज महावीर जयंती के शुभ अवसर पर बधाई। भगवान महावीर की शिक्षाएं हमें अहिंसा, करुणा और शांति के संदेश के साथ हमेशा प्रेरणा देंगे।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10-बॉल टेंपरिंग की सजा में 1 साल बैन के बाद स्मिथ-वार्नर के करियर पर पड़ेगा ये असर

नई दिल्ली। बॉल टेंपरिंग मामले में सीए के सीईओ जेम्स सदरलैंड ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्राफ्ट को सजा सुना दी है। सदरलैंड ने पूरे मामले में दोषी पाए जाने पर स्टीव स्मिथ और वॉर्नर पर इंटरनेशनल क्रिकेट से एक साल का बैन लगाया है तो वहीं बॉल टेंपरिंग करने वाले बेनक्राफ्ट को नौ महीने के लिए सस्पेंड किया है। आपको बता दें कि साल 2019 के विश्वकप में इन खिलाड़ियों के न खेलने का खतरा नहीं है। साल 2019 में होने वाला विश्वकप 30 मई से शुरू होगा और तब तक इनकी सजा पूरी हो चुकी होगी।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.