जागरण संपादकीय: फिर आया विशेष सत्र
सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है, जो 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा।
HighLights
सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक के लिए विशेष सत्र बुलाया।
लोकसभा सत्र 30 नवंबर, राज्यसभा 2 दिसंबर से शुरू होगा।
विपक्ष से विधेयक पारित कराने में सहयोग की उम्मीद।
यह जो अनुमान लगाया जा रहा था कि सरकार संसद का विशेष सत्र फिर से बुलाकर महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के साथ परिसीमन से जुड़े विधेयक को पारित कराने की पहल कर सकती है, वह सही सिद्ध हुआ। सरकार ने पुनः संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला कर लिया। संसदीय कार्य मंत्री के अनुसार लोकसभा सत्र 30 नवंबर से एवं राज्यसभा सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा और 3 दिसंबर को दोनों सदनों की कार्यवाही समाप्त हो सकती है।
हालांकि उन्होंने यह नहीं स्पष्ट किया कि इस विशेष सत्र को क्यों बुलाया जा रहा है, पर यह स्पष्ट ही है कि सरकार इसमें महिला आरक्षण संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक पारित कराना चाहती है। वैसे तो उसने इसी वर्ष अप्रैल में भी विशेष सत्र के जरिये इसके लिए कोशिश की थी, लेकिन तब विपक्षी दलों ने एकजुट होकर उसे नाकाम कर दिया था। सरकार ने तभी यह साफ कर दिया था कि वह लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करके ही रहेगी।
चूंकि एक दिन पहले संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री ने अपने विशेष लेख में महिला आरक्षण पर सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी की अड़ंगेबाजी का उल्लेख करते हुए लिखा था, “मैं नारी शक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती,” इसलिए इस नतीजे पर पहुंचा जा सकता है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को दो तिहाई बहुमत से पारित कराने के लिए जरूरी संख्या बल का प्रबंध कर चुकी है।
उसे यह प्रबंध करने में इसलिए आसानी हुई होगी, क्योंकि एक तो आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के कई सांसद अपने दलों का परित्याग कर चुके हैं और दूसरे जहां शरद पवार की एनसीपी अपने रवैए को बदलने को तैयार दिख रही है, वहीं डीएमके भी कांग्रेस से नाता तोड़ने के बाद यह संकेत दे चुकी है कि यदि तमिलनाडु को राजनीतिक नुकसान न हो तो वह इस मुद्दे पर सरकार का साथ दे सकती है।
यद्यपि सरकार ने पहले भी विपक्ष को यह भरोसा दिलाया था कि सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि करने के उसके प्रस्ताव के चलते हर राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व का प्रतिशत वही रहेगा, लेकिन तब विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया था कि इस आश्वासन को लिखित रूप में विधेयक का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया?
आशा की जानी चाहिए कि ऐसा हो जाने के बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल यह समझेंगे कि 2029 में महिला आरक्षण लागू करने के संसद के सर्वसम्मति से किए गए वादे को पूरा करने में सहायक बनना उनका नैतिक दायित्व है। यदि वे अब भी विरोध की राह पर चलते हैं तो आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें महिलाओं की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।




-1795629931732_v.webp)






