उत्तर प्रदेश- 6 बजे 6 बड़ी खबरेंः PM Modi का वाराणसी दौरा, थाने में पिटाई के बाद किशोर ने की आत्महत्या
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया और स्वदेशी हथियारों की क्षमता की सराहना की। एटा में थाने में पिटाई के बाद किशोर ने आत्महत्या कर ली। गोरखपुर में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से बच्चे का सिर फट गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'आपरेशन सिंदूर' के बाद 2 अगस्त को पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी आए। उन्होंने देश को 'वोकल फॉर लोकल' का संदेश दिया। पीएम ने आधुनिक ड्रोन और रक्षा उपकरणों के निर्माण और कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया है।
कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने हमारे स्वदेशी हथियारों की क्षमता देखी। वायु रक्षा प्रणालियों, मिसाइलों और ड्रोनों ने 'आत्मनिर्भर भारत' की ताकत साबित की, खासकर ब्रह्मोस मिसाइलों ने। इन मिसाइलों का निर्माण लखनऊ में किया जाएगा। (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
एटा में थाने में पिटाई के बाद किशोर ने की आत्महत्या
थाना निधौली कलां क्षेत्र में लड़की भगाने के शक में पुलिस ने एक किशोर की थाने में बेरहमी से पिटाई की। आहत होकर घर पंहुचे किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। इसके बाद दिनभर जमकर हंगामा हुआ। लोगाें ने पुलिस कार्यालय पर शव रखकर हंगामा किया।
बाद में पोस्टमार्टम गृह के बाहर जाम लगा दिया। दिनभर आक्रोशित लोगों की पुलिस से तकरार होती रही। एसएसपी ने दाे दारोगा लाइन हाजिर कर दिए हैं। पुलिस कर्मियों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
गोरखपुर में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे के छत का प्लास्टर गिर जाने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
विद्यालय के शिक्षको का कहना है कि विगत 17 जून विद्यालय के बरामदे का छत और छज्जा टूट कर गिर गया था, जिसका वीडियो बनाकर बरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया था। (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
दो बाइकों की टक्कर में तीन युवकों की मौत
गोरखपुर- महराजगंज मार्ग पर सेमराचंदौली गांव के पास शुक्रवार की रात 10:30 बजे के करीब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मृत्यु हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है । घायल युवक को गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज के लिए रेफर किया गया है । (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
पूर्व प्रधान को गोली मारकर हत्या से सनसनी
बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र के गांव दौलताबाद में शुक्रवार रात पूर्व ग्राम प्रधान की कच्छा बनियानधारी दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से पैदल ही फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और 315 बोर का खाली खोखा बरामद किया है। पूर्व प्रधान बाइक से तहेरे भाई के साथ घर लौट रहे थे। एसएसपी समेत आला अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
गंगा-यमुना खतरे के निशान के पार
प्रयागराज में गंगा और यमुना शनिवार सुबह खतरे का निशान पार कर गईं। दोनों नदियां खतरे के निशान 84.73 मीटर के ऊपर बह रही हैं। गंगा का जल स्तर पिछले 24 घंटे में 1.51 मीटर तो यमुना का 1.20 मीटर बढ़ा है। अभी दोनों नदियों का जल स्तर और बढ़ने की आशंका है।
केन, बेतवा और चंबल नदियों के साथ बुंदेलखंड की पांच पहाड़ी नदियों का पानी यमुना में आ रहा है। राजस्थान और मध्य प्रदेश तथा बुंदेलखंड में हो रही बारिश के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। (यहां पढ़ें पूरी खबर...)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।