अमेरिका आते-आते कमजोर पड़ा मैथ्यू, हैती में 900 लोगों की मौत
हैती में करीब 900 लोगों को मारने और तटीय इलाके को तहस-नहस करने के बाद समुद्री तूफान मैथ्यू अब अमेरिका पहुंच गया है। अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट को छूने से पहले ही तूफान कमजोर पड़ गया
मियामी, रायटर/एएफपी : हैती में करीब 900 लोगों को मारने और तटीय इलाके को तहस-नहस करने के बाद समुद्री तूफान मैथ्यू अब अमेरिका पहुंच गया है। अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट को छूने से पहले ही तूफान कमजोर पड़ गया लेकिन उसके प्रभाव से फ्लोरिडा व अन्य तटीय राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। इससे पैदा प्रभाव से अमेरिका में चार लोगों की मौत हो गई है।
चार राज्यों में समुद्र के किनारे बसे हजारों लोगों से घर खाली कराए गए हैं। राहत और बचाव के व्यापक उपाय किए गए हैं। मैथ्यू से बचाव में कई दिनों से जुटे अमेरिका में अटलांटिक महासागर को छूने वाले चार राज्यों- फ्लोरिडा, जॉर्जिया, साउथ कैरोलिना और नॉर्थ कैरोलिना से हजारों लोगों को खतरे वाले स्थानों से हटाया गया है।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लोगों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मैथ्यू ने गुरुवार को हैती के तटीय इलाके को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। वहां पर 233 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाले अंधड़ और तेज बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
नवीनतम सूचनाओं के मुताबिक वहां हैजे का व्यापक पैमाने पर प्रकोप हो गया है। अब तक 13 के मरने की खबर है तथा बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए हैं। समुद्र के किनारों पर बसे सैकड़ों गांवों का कोई अता-पता नहीं है। इलाके के तीन कस्बों को भी भारी नुकसान हुआ है। सड़कों और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है। सेलफोन नेटवर्क भी बाधित हुआ है।
फ्लोरिडा में इस समय करीब दो सौ किलोमीटर प्रति घंटा की तेज गति वाली आंधी चल रही है और बारिश हो रही है। आंधी की गति एक सौ किलोमीटर प्रति घंटा से कम होने पर खतरा टला हुआ माना जाएगा। वहां पर किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
यहां पर पेड़ गिरने से दो लोगों और अस्पताल में न पहुंचाए जाने से दो अन्य लोगों के मरने की खबर है। पेड़ और बिजली के पोल गिरने से फ्लोरिडा, जॉर्जिया और साउथ कैरोलिना में लाखों लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
पढ़ें- मैथ्यू तूफान का कहरः हैती में 842 लोगों की जान लेने के बाद पहुंचा अमेरिका
पढ़ें- अमेरिका की अपने नागरिकों को सलाह- पाकिस्तान से दूर रहो