जागरण संपादकीय: समय की मांग है परिसीमन
लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने के साथ ही इन विधानमंडलों की सीटें बढ़ाना इसलिए आवश्यक है, क्योंकि परिसीमन तो उन देशों में भी होता है, जहां की आबादी या तो स्थिर है अथवा घट रही है।
HighLights
विपक्षी दलों द्वारा महिला आरक्षण और परिसीमन का विरोध अनुचित।
जनसंख्या वृद्धि के कारण लोकसभा, विधानसभा सीटें बढ़ाना समय की मांग।
1971 के बाद से सीटें नहीं बढ़ीं, आबादी दोगुनी हो चुकी।
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों का विपक्षी दलों और विशेष रूप से कांग्रेस की ओर से जैसा प्रबल विरोध किया जा रहा है, उसका औचित्य समझना कठिन है। कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दल यह सिद्ध करने में लगे हुए हैं कि मोदी सरकार कोई संविधान विरोधी और साथ ही संघीय ढांचे को क्षति पहुंचाने वाला काम करने जा रही है। कांग्रेस महिला आरक्षण का समर्थन तो कर रही है, लेकिन परिसीमन को लेकर विरोध की हदें पार करती जा रही है। उसे यह ध्यान रखना चाहिए कि परिसीमन पहली बार नहीं हो रहा है। इसके पहले उसके सत्ता में रहते समय 1951, 1961, 1971 और 2001 की जनसंख्या के आधार पर परिसीमन हो चुका है। तीन बार लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाई गई और चौथी बार अर्थात 2001 की जनसंख्या के आधार पर हुए परिसीमन में केवल सीटों की भौगोलिक सीमा में बदलाव किया गया।
इस बार दक्षिण भारत के एवं कुछ अन्य राज्यों को राजनीतिक नुकसान से बचाने के लिए केवल जनसंख्या के आधार पर परिसीमन करने के बजाय सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 50 प्रतिशत लोकसभा एवं विधानसभा सीटें बढ़ाने का निर्णय किया गया है। इसके चलते लोकसभा में सभी राज्यों की सीटों का अनुपात लगभग पहले जैसा ही रहेगा। पता नहीं क्यों यह समझने से इनकार किया जा रहा है कि लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें बढ़ाना समय की मांग है। 1971 की जनगणना के आधार पर 1973 में हुए परिसीमन के बाद से लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें नहीं बढ़ाई गईं। उस समय देश की जनसंख्या लगभग 55 करोड़ थी, जो अब तब के मुकाबले दोगुने से अधिक हो चुकी है। आश्चर्य है कि इसके बावजूद लोकसभा और विधानसभाओं की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। क्या सवाल खड़े करने वाले यह चाहते हैं कि उतने ही सांसद और विधायक लोगों का प्रतिनिधित्व करते रहें, जितने 50 वर्ष पहले करते थे?
लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने के साथ ही इन विधानमंडलों की सीटें बढ़ाना इसलिए आवश्यक है, क्योंकि परिसीमन तो उन देशों में भी होता है, जहां की आबादी या तो स्थिर है अथवा घट रही है। लोकसभा एवं विधानसभाओं की सीटें बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू कर आधी आबादी को राजनीति की मुख्यधारा में लाने के साथ ही इस पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है कि विधानमंडलों की कार्यसंस्कृति में सुधार हो। सुधार की जितनी आवश्यकता लोकसभा की कार्यशैली में है, उससे अधिक विधानसभाओं की कार्यप्रणाली में, क्योंकि आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करने का दायित्व विधायकों पर ही अधिक होता है। ऐसा कुछ किया ही जाना चाहिए, जिससे सांसदों और विधायकों की जनता के प्रति जवाबदेही बढ़े।






-1795802559131_v.webp)




