विचार: परंपरा और प्रगति का संगम
‘काशी तमिल संगमम’ केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की साझा नींव का प्रतीक है।
HighLights
काशी तमिल संगमम भारत की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक आकांक्षाओं का संगम।
तिरुक्कुरल की शिक्षाएं युवाओं को नैतिक मूल्यों और विवेक सिखाती हैं।
विकसित भारत के लिए युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ना आवश्यक।
प्रल्हाद जोशी। हर पीढ़ी को अतीत का ज्ञान विरासत में मिलता है, लेकिन उसे समझने और जीवन में लागू करने के लिए अपनी दृष्टि विकसित करनी पड़ती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), डिजिटल नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में आज के युवाओं के सामने चुनौती केवल जानकारी हासिल करने की नहीं, बल्कि सही निर्णय लेने और विवेक विकसित करने की भी है। भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। यह यात्रा केवल आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति और वैश्विक नेतृत्व तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी सभ्यतागत विरासत से प्रेरणा लेते हुए ज्ञान, करुणा और जिम्मेदारी पर आधारित समाज बनाने की भी है। विकसित भारत का दृष्टिकोण आधुनिक आकांक्षाओं को उन ज्ञान और मूल्यों की परंपराओं से जोड़ने का होना चाहिए, जिन्होंने सदियों से हमारी सभ्यता को आकार दिया है। आधुनिक राजनीतिक सीमाओं के अस्तित्व में आने से बहुत पहले विष्णु पुराण में भारतवर्ष की भौगोलिक सीमाओं और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख मिलता है-‘उत्तरं यत् समुद्रस्य हिमाद्रेश्चैव दक्षिणम्, वर्षं तद् भारतं नाम भारती यत्र संततिः।’ अर्थात समुद्र के उत्तर और हिमालय के दक्षिण में स्थित भूमि भारत है, जहां भरत की संततियां निवास करती हैं। यह भारत को साझा भौगोलिक और सभ्यतागत पहचान के रूप में देखने की प्राचीन चेतना को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना पर आधारित ‘काशी तमिल संगमम’ भारत की सांस्कृतिक विरासत और सदियों पुरानी सभ्यतागत परंपराओं का उत्सव है। यह काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को सामने लाने के साथ देश की सांस्कृतिक और बौद्धिक विविधता को समझने का अवसर प्रदान करता है। काशी दुनिया के प्राचीन जीवंत शहरों में से एक है और आध्यात्मिकता, ज्ञान, संगीत, साहित्य तथा कला का प्रमुख केंद्र रही है। तमिलनाडु भी अपनी समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। उत्तर और दक्षिण भारत के इन क्षेत्रों का जुड़ाव केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की साझा नींव का प्रतीक है। काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंध संतों और विद्वानों की यात्राओं में भी दिखाई देते हैं। सत्रहवीं शताब्दी के तमिल संत कुमारगुरुपरर ने काशी के केदार घाट पर कुमारस्वामी मठ की स्थापना की और ‘काशी कलंबगम’ की रचना की। उनके शिष्यों ने तंजावुर में काशी विश्वनाथ मंदिर की स्थापना कर इस आध्यात्मिक संबंध को तमिलनाडु तक पहुंचाया। तमिल विवाहों में काशी यात्रा की परंपरा और काशी विश्वनाथ मंदिर को रामेश्वरम से जोड़ने वाली तीर्थयात्रा भी दोनों क्षेत्रों के स्थायी सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती है। ये परंपराएं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती हैं। काशी तमिल संगमम इसी एकता, आपसी सम्मान और साझा ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मंच है।
काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है। महान तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में 1,330 कुरल (दोहे) हैं, जो व्यक्तिगत आचरण, संबंधों, नेतृत्व और सामाजिक जीवन के महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर मार्गदर्शन देते हैं। इसकी शिक्षाएं आज के युवाओं के लिए भी प्रासंगिक हैं। यह उन्हें ईमानदारी, विनम्रता, जिम्मेदारी, दृढ़ इच्छाशक्ति और ज्ञान के विवेकपूर्ण उपयोग की प्रेरणा देती हैं। यह दृष्टिकोण राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप है, जो शिक्षा को समग्र और बहुविषयक बनाने तथा भारतीय ज्ञान परंपराओं से जोड़ने पर जोर देती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार के लिए युवाओं को तैयार करना नहीं, उनमें नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की क्षमता विकसित करना भी है। विकसित भारत के लिए ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम हों, सामाजिक जिम्मेदारी समझें और अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहें। काशी तमिल संगमम इस विचार को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें हजारों विद्यार्थी तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को समझने और उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने का अवसर प्राप्त करेंगे।
ऐसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान युवाओं में बौद्धिक महत्वाकांक्षा के साथ सांस्कृतिक जागरूकता और अपनी सभ्यतागत विरासत के प्रति समझ विकसित कर सकते हैं। केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, चेन्नई ने संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में तिरुक्कुरल उपलब्ध कराया है। इससे विद्यार्थी अपनी भाषा में इस महान कृति को पढ़ सकेंगे और भारत की विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में निहित साझा मूल्यों को समझ सकेंगे।
काशी तमिल संगमम की सफलता उन विचारों, मूल्यों और संबंधों से मापी जाएगी, जो इसके बाद भी कायम रहेंगे। जब विद्यार्थी तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को जीवन और संस्थानों में अपनाएंगे, तभी यह पहल अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगी। प्राचीन ज्ञान को आधुनिक आकांक्षाओं से जोड़कर यह आयोजन ऐसे विकसित भारत की दिशा में योगदान दे सकता है, जो आधुनिकता में अग्रणी, विरासत के प्रति आत्मविश्वासी और विविधता में एकजुट हो।
(लेखक केंद्रीय शिक्षा मंत्री हैं)






-1795802559131_v.webp)




