संजय गुप्त। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआइ ने वर्षों तक इस पर विचार किया कि पैकेटबंद खाद्य उत्पादों पर किस तरह के क्या चेतावनी संदेश दिए जाने चाहिए, लेकिन किन्हीं कारणों से किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका। इसका परिणाम यह हुआ कि एफएमसीजी कंपनियां पैकेटबंद खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता के मानकों की उपेक्षा करती रहीं। समय के साथ पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का चलन तो बढ़ा, लेकिन उनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने बंद नहीं हुए। इन सवालों के घेरे में विदेशी कंपनियां भी आती रहीं। अंततः पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के मानक तय करने की मांग वाली एक याचिका की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एफएसएसएआइ को आदेश दिया कि वह पैकेटबंद खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों को अपने उत्पादों में प्रमुखता से ऐसे लेबल अंकित करने के निर्देश दे कि उनमें कितना फैट यानी वसा, नमक और चीनी है। कंपनियों के लिए स्पष्ट दिखने वाले ऐसे अलग-अलग सचित्र लेबल लगाना अनिवार्य होगा, ताकि कम पढ़े-लिखे लोगों को भी पता चल सके कि किस सामग्री में अधिक वसा, अधिक नमक और अधिक चीनी है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन काम करने वाले एफएसएसएआइ पर देश में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानक नियंत्रित करने की जिम्मेदारी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उसकी जिम्मेदारी बढ़ गई है, क्योंकि उससे यह भी कहा गया है कि वह पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में प्रत्येक पोषक तत्व की अधिकतम सीमा फिर से तय करे। ऐसा होना ही चाहिए, क्योंकि यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि लोग अपने भोजन के बारे में सोच-समझकर निर्णय ले सकें। उपयुक्त खाद्य सामग्री का सेवन तभी संभव है, जब व्यक्ति को यह पता हो कि वह जो खा रहा है, उसकी गुणवत्ता कैसी है और उसमें कैसे पोषक तत्व हैं? इसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए कि जहां संविधान में सुरक्षित भोजन का विकल्प चुनने का अधिकार शामिल है, वहीं उपभोक्ताओं को उत्पाद के बारे में स्पष्ट और सही जानकारी जानने का भी अधिकार है। अनुच्छेद 47 यह कहता है कि पोषण स्तर और जीवन स्तर को ऊंचा उठाना एवं जनस्वास्थ्य में सुधार करना शासन का प्राथमिक दायित्व है। इन संवैधानिक दायित्वों के अनुरूप व्यवस्था बनना समय की सख्त मांग थी, क्योंकि अभी तक उपभोक्ताओं को एक तरह से भ्रामक या अधूरी जानकारी के सहारे छोड़ दिया गया था।

जब खाद्य उत्पादों के पैकेट में पोषक तत्वों की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित होगी, तभी लोग अपने और परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सचेत होकर सही निर्णय ले सकेंगे। इस पर गंभीरता का परिचय दिया जाना इसलिए आवश्यक हो गया था, क्योंकि सेहत के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री के मामले बढ़ रहे हैं और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। तमाम रोगों की जड़ में अस्वास्थ्यकर खान-पान की सामग्री ही होती है। 2021 के एक अध्ययन के अनुसार देश में 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज यानी मधुमेह, 13.6 करोड़ प्री-डायबिटीज और 25.4 करोड़ सामान्य मोटापे से ग्रस्त हैं। एनएफएचएस-5 और एनएफएचएस-6 सर्वेक्षण के बीच यह पाया गया कि महिलाओं में 24 से 30.7 प्रतिशत और पुरुषों में 22.9 से 27.3 प्रतिशत मोटापे का स्तर बढ़ा। देश में लगभग 63 प्रतिशत मौतों के पीछे गैर-संचारी रोग हैं, जिनके 2030 तक 75 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इस रुझान को अधिक वसा, चीनी और नमक वाले अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ बढ़ा रहे हैं, क्योंकि उनका जमकर प्रचार हो रहा है और उनकी खपत बढ़ रही है। तमाम चेतावनियों के बाद भी जंक फूड का चलन बढ़ा है। शायद इसी कारण सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जहां व्यावसायिक हित जनस्वास्थ्य के विरुद्ध जाते हों, वहां नियमन आवश्यक है।

यह ठीक है कि अब पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता संबंधी नियमन प्रभावी होने की उम्मीद है, लेकिन ऐसा तभी संभव होगा, जब एफएसएसएआइ इसकी सख्ती से निगरानी करेगा कि कंपनियां अपने उत्पादों में चेतावनी संबंधी संदेश सही तरह लगा रही हैं या नहीं? यह एक तथ्य है कि विज्ञापन रणनीतियां बच्चों, महिलाओं और कम आय वर्ग की संवेदनशीलता का लाभ उठाती हैं, जिससे अधिक चीनी वाले जूस, चाकलेट, कुकीज, चिप्स, नूडल्स आदि की खपत बढ़ रही है। इन विज्ञापनों के नियमन पर भी विचार जरूरी है। पैकेटबंद खाद्य सामग्री के नियमन के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सड़क किनारे ठेलों, ढाबों एवं दुकानों पर बनने-बिकने वाली खान-पान की सामग्री की गुणवत्ता भी सुधरे। खुले में बनने-बिकने वाली सामग्री का सेवन करोड़ों लोग करते हैं, क्योंकि वह आसानी से सुलभ होने के साथ सस्ती भी होती है।

आम तौर पर खुले में खान-पान की चीजें बनाने-बेचने वालों को यह पता नहीं होता कि उन्हें स्वास्थ्यकर तरीके से कैसे बनाया जाए। वे खराब तेल, मसालों आदि का इस्तेमाल तो करते ही हैं, साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखते। न्यायपालिका और सरकार इससे अपरिचित नहीं हो सकती कि खाना पकाने के तेल का किस तरह बार-बार इस्तेमाल होता है। इसे रोकने की पहल प्रभावी नहीं, क्योंकि ठेलों, ढाबों आदि में खाने-पाने की चीजें बेचने वालों पर उनके दाम कम रखने का दबाव होता है। इस दबाव में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की उपेक्षा होती है। इसके नतीजे में आम लोगों की सेहत से समझौता होता है। वे बीमार होते हैं और उनका स्वास्थ्य खर्च बढ़ता है। इससे वे आर्थिक रूप से अशक्त होते हैं, क्योंकि उपचार महंगा होता जा रहा है।

वैसे तो ठेलों, ढाबों के खान-पान की सामग्री की भी नियमित जांच के नियम हैं, लेकिन उनके दायरे में कुछ चुनिंदा रेस्त्रां, होटल ही आते हैं और वह भी कभी-कभार, क्योंकि संबंधित विभागों के पास पर्याप्त संख्याबल ही नहीं। इसी कारण मिलावटी और दोयम दर्जे की खाद्य सामग्री धड़ल्ले से बनती और बिकती है। उचित होगा कि न्यायपालिका, केंद्र और राज्य सरकारों के साथ उनकी एजेंसियां हर तरह के खान-पान की सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर ध्यान दें। इससे ही जनस्वास्थ्य की सही तरह रक्षा हो सकेगी।