विचार: एआई दिखाएगा कारोबार को नई राह
भारत को एआई का पूरा लाभ तब मिलेगा, जब लोग अपने हुनर से ऐसे कारोबार खड़े करें, जो ग्राहकों का भरोसा जीतें।
HighLights
स्वदेशी एआई मॉडल नए कारोबारों को बढ़ावा देंगे।
एआई से विशेषज्ञ सेवाएं छोटे ग्राहकों तक पहुंचेंगी।
लागत घटने से रोजगार और व्यापार का विस्तार होगा।
प्रो. गौरव वल्लभ। जब किसी उद्यमी को पहले बिल का भुगतान मिलता है तो उसे भरोसा होता है कि उसके विचार को ग्राहक मिल गया है। जब उसकी कंपनी किसी कर्मचारी को पहला वेतन देती है तो यह एक और परिवार की रोजी-रोटी से जुड़ जाती है। भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की प्रगति लोगों की आजीविका का सहारा बननी चाहिए। कुछ समय पहले इंडिया एआई मिशन ने तीन एआई स्वदेशी माडल जारी किए। इन स्वदेशी एआई माडलों का आर्थिक लाभ उन कारोबारों से बढ़ेगा, जो इनके सहारे खड़े होंगे। इसके लिए कारोबार शुरू करने की लागत घटानी होगी, नए ग्राहकों तक पहुंच बनानी होगी और कंपनियों को बार-बार काम मिलना जरूरी होगा।
देश में विकसित एआई से नया कारोबार शुरू करना सस्ता होना चाहिए। तैयार माडल को अपनी जरूरत के हिसाब से ढालने वाला उद्यमी अपनी सीमित पूंजी का ज्यादा हिस्सा ग्राहक की समस्या सुलझाने में लगा सकता है। इससे किसी पेशे या स्थानीय बाजार की समझ रखने वाले लोगों के लिए अपने अनुभव को कारोबार में बदलना आसान होगा। मान लीजिए जयपुर की एक अकाउंटेंट जानती है कि छोटे दुकानदारों को हिसाब-किताब रखने में क्या परेशानियां आती हैं। वह साफ्टवेयर डेवलपर के साथ ऐसी सेवा बना सकती है, जो बिल व्यवस्थित करे, हिसाब हिंदी में समझाए और संभावित गड़बड़ियों की जांच के लिए संकेत दे। उसका ज्ञान और ग्राहकों का भरोसा उसकी ताकत होंगे। साफ्टवेयर सही काम करे, रिकार्ड सुरक्षित रहें और ग्राहक भुगतान के लिए तैयार हों, यह भी जरूरी है। इसके लिए छोटे कारोबारियों को इस्तेमाल की साफ शर्तें, पहले से तय शुल्क और तकनीकी मदद मिलनी चाहिए। सरकारी योजनाएं उन्हें ग्राहकों की समस्याओं पर अपने उत्पाद परखने में सहायता दें। कारोबारी जरूरत पड़ने पर अपना डाटा वापस ले सकें और सेवा देने वाली कंपनी बदल सकें। ऐसे कारोबार देश के एआई शोध को भी दिशा दे सकते हैं।
ग्राहक की भाषा या कामकाज के तौर-तरीकों को समझने में माडल कहां चूकता है, यह उद्यमी बेहतर बता सकेंगे। उपयोगी सेवाओं से कमाई बढ़ेगी तो बेहतर माडल बनाने में निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। इस तरह शोध और कारोबार एक-दूसरे को आगे बढ़ाएंगे। एआई की मदद से विशेषज्ञों की सेवाएं छोटे ग्राहकों की पहुंच में आ सकती हैं। कभी-कभार माल विदेश भेजने वाले छोटे निर्यातक को कागजी काम के लिए टीम रखना महंगा पड़ता है। कोई उद्यमी एआई से दस्तावेज तैयार कराकर विशेषज्ञ से उनकी जांच करा सकता है। कई निर्यातकों को यही सेवा देने से विशेषज्ञ का खर्च बंट जाएगा और ग्राहकों को कम कीमत पर मदद मिलेगी। इससे सेवा की कीमत घटाने और मुनाफा बढ़ाने की गुंजाइश बनेगी। ग्राहक बढ़ेंगे तो कारोबार में निवेश और लोगों को काम देने की जरूरत भी बढ़ सकती है। 2025 में क्वार्टरली जर्नल आफ इकोनमिक्स में प्रकाशित एक अध्ययन इसका उदाहरण देता है। एक साफ्टवेयर कंपनी के ग्राहकों की मदद करने वाले 5,172 कर्मियों पर हुए अध्ययन में एआई की मदद से प्रति घंटे सुलझाई गई समस्याओं की संख्या औसतन 15 प्रतिशत बढ़ी। इससे समझ आता है कि एआई कम समय में अधिक ग्राहकों की मदद कैसे कर सकता है। स्थानीय भाषाओं में ग्राहक सहायता और औद्योगिक इलाकों की खास जरूरतें कारोबार के अवसर खोलती हैं। रोजगार में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह इस पर निर्भर करेगा कि लागत घटने से मांग कितनी बढ़ती है और कारोबार कितना फैलता है?
कारोबार टिकाऊ बने, इसके लिए ग्राहकों से दोबारा काम मिलना चाहिए। नई कंपनियों की मुश्किल यह है कि अपनी क्षमता दिखाने के लिए उन्हें काम चाहिए, लेकिन खरीदार पहले काम का अनुभव मांगता है। खुली प्रतिस्पर्धा से चुनी गई कंपनियों को छोटे काम देकर उनकी क्षमता परखी जा सकती है। सरकारी खरीद के आनलाइन मंच जेम की स्टार्टअप रनवे सुविधा नए विचारों वाली कंपनियों को सरकारी खरीदारों तक पहुंच देती है। विभाग इसके जरिए तय कामों के लिए परीक्षण करा सकते हैं। बजट, भुगतान की तारीख और काम की गुणवत्ता के पैमाने पहले से स्पष्ट हों। सफल कंपनियों को बड़े ठेकों की प्रतिस्पर्धा में उतरने का अवसर मिले और भुगतान समय पर हो। परीक्षण में काम की सटीकता और कुल खर्च देखा जाए। बचत जोड़ते समय व्यवस्था शुरू करने, एआई चलाने, रखरखाव और नतीजों की जांच करने वाले कर्मियों का खर्च भी गिना जाए।
मौजूदा कामकाज से तुलना करके समय और पैसे की बचत अलग-अलग मापी जाए। सरकारी और निजी ग्राहकों से दोबारा काम मिलना किसी प्रदर्शन या पुरस्कार से अधिक भरोसेमंद कसौटी है। शोध के लिए अनुदान, ग्राहक जोड़ने और विस्तार के लिए हिस्सेदारी के बदले निवेश तथा पक्के आर्डर पूरे करने के लिए कर्ज उपयोगी होंगे। इंडिया एआई मिशन की स्टार्टअप वित्तीय सहायता में इन जरूरतों का ध्यान रखा जाए। ठेका पा चुके उद्यमी को वेतन और एआई चलाने का खर्च उठाना है, जबकि नया प्रयोग कर रहे उद्यमी को सीखने और जोखिम लेने की गुंजाइश चाहिए। भारत को एआई का पूरा लाभ तब मिलेगा, जब लोग अपने हुनर से ऐसे कारोबार खड़े करें, जो ग्राहकों का भरोसा जीतें और रोजगार बनाए रखें।
(लेखक वित्त के प्रोफेसर और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अंशकालिक सदस्य हैं)
-1795802559131_v.webp)






-1795629931732_v.webp)



