राहुल वर्मा। मोदी सरकार ने विधायी सदनों में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रविधान करने और निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाने वाले संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने के लिए फिर से अपनी कमर कस ली है। सोमवार को सरकार इनसे संबंधित विधेयक संसद में पेश करने जा रही है। संसद के प्रस्तावित शीतकालीन सत्र से पहले ही विशेष सत्र के माध्यम से सरकार की इस विधायी कसरत ने राजनीतिक परिदृश्य पर बड़ी हलचल मचा दी है। पूर्व में इन विधेयकों को पारित कराने में नाकाम रही सरकार को इस बार सफलता मिलने के दिखते आसार से विपक्षी मोर्चा भी एकाएक हरकत में आया है। इसके चलते आइएनडीआइए के तमाम नेता रविवार को चेन्नई भी पहुंच गए ताकि विधेयक को समर्थन देने के लिए तैयार हुई द्रमुक पर उसके हृदय परिवर्तन के लिए दबाव बना सकें। असल में पहली बार जब सरकार ने इन विधेयकों पर आगे बढ़ने का फैसला किया था, तब से न केवल देश का राजनीतिक नक्शा बदल गया, बल्कि राजनीतिक समीकरण भी भारी उलटफेर के शिकार हो गए हैं।

मोदी सरकार के बारे में अक्सर यही माना जाता रहा है कि एक बार वह किसी एजेंडे पर आगे बढ़ जाए तो उसे पूरा करके ही मानती है, लेकिन महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर मिली विफलता ने सरकार के बारे में उस धारणा को ध्वस्त कर दिया। इसका एक कारण यह भी रहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहली बार ऐसी सरकार चला रहे हैं, जिसमें भाजपा को अपने दम पर पूर्ण बहुमत नहीं मिला और राजग का अंकगणित भी पहले से कमजोर है। इसके बावजूद तकरीबन छह महीने के अंतराल में ऐसा बहुत कुछ घटा है, जिससे सरकार अब इन विधेयकों के पारित होने को लेकर आश्वस्त हुई है। सबसे पहले तो सरकार ने कुछ दलों की आपत्तियों पर ध्यान देते हुए विधेयक में संशोधन किए हैं। पहले सरकार मौखिक रूप से ही आश्वस्त करने में लगी थी, पर अब विधेयक में उल्लिखित कर दिया गया है कि सभी राज्यों में सीटों की बढ़ोतरी का आधार एकसमान होगा। जैसे बढ़ी हुई सीटों में तमिलनाडु के लिए 7.2 प्रतिशत का भारांश यथावत रहेगा। ऐसे में, द्रमुक जैसे दलों को भी लगता है कि अगर जनसंख्या वाला पुराना फार्मूला ही परिसीमन का आधार बना तो उन्हें नुकसान होगा। वैसे भी अभी जनगणना की कवायद जारी है तो दक्षिणी राज्यों का यह डर और स्वाभाविक हो सकता है।

बदले राजनीतिक समीकरणों ने भी सरकार का काम सहज किया है। पहले ये विधेयक इस साल पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों से पहले पेश किए गए थे, लेकिन चुनावों के बाद राजनीतिक परिदृश्य काफी बदल गया। बंगाल को तृणमूल कांग्रेस का अभेद्य दुर्ग समझा जाता था, लेकिन पार्टी को न केवल राज्य की सत्ता गंवानी पड़ी, बल्कि अब वह अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। अब उस पार्टी के छिटके हुए 20 लोकसभा सदस्य भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। इसी तरह द्रमुक का भी विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस से मोहभंग हो गया। आज अगर कांग्रेस का पूरा अमला द्रमुक के मुखिया को साधने के लिए प्रयास कर रहा है तो इस स्थिति के लिए पार्टी स्वयं के अलावा किसी और किसी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकती। राज्य में तात्कालिक राजनीतिक लाभ के लिए उसने वर्षों पुराने सहयोगी द्रमुक से किनारा करने में कोई संकोच नहीं किया और उसके बाद से दोनों दलों के रिश्ते बिगड़ते ही गए। शरद पवार की राकांपा भी बदले हुए राजनीतिक समीकरणों को भांपते हुए विधेयक के समर्थन में दिख रही है। विपक्षी मोर्चे के कुछ और सहयोगी भी अगर विधेयक के समर्थन में आगे आ जाएं तो इस पर हैरानी नहीं होनी चाहिए। मोदी सरकार में संभावित फेरबदल और विस्तार भी कुछ दलों को लुभाने का माध्यम बन सकता है।

परिसीमन को लेकर कांग्रेस का रुख जस का तस है। कांग्रेस का कहना है कि वह महिला आरक्षण की विरोधी नहीं, लेकिन वह इस बात पर जोर दे रही है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में ही इसकी व्यवस्था की जाए। पार्टी की यह मांग तार्किक नहीं लगती, क्योंकि निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाए बिना आरक्षण की व्यवस्था को साकार रूप देना व्यावहारिक नहीं होगा। पार्टी का आरोप है कि महिला आरक्षण की आड़ में जो परिसीमन का दांव है वह और कुछ नहीं, भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की एक सुनियोजित चाल है। इसके लिए असम में 2023 में हुए निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से लेकर बंगाल में एसआइआर के उदाहरण गिनाए जा रहे हैं।

कांग्रेस के आरोपों की पड़ताल की जाए तो ये उतने टिकाऊ नहीं लगते, क्योंकि परिसीमन आयोग एक स्वतंत्र एवं स्वायत्त निकाय होता है। इसमें उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश, मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित कोई अन्य आयुक्त जैसे सदस्य होते हैं। आयोग एक सुनियोजित प्रक्रिया के माध्यम से परिसीमन का कार्य संपादित करता है। सबसे पहले तो एक प्रारूप तैयार किया जाता है। उस प्रारूप पर स्थानीय विधायक और सांसद आयोग को अपनी आपत्ति या आग्रह से अवगत करा सकते हैं। इसमें जनता को अपनी प्रतिक्रिया देने का भी अवसर मिलता है। इसलिए यदि किसी भी स्तर पर कोई असहमति या आपत्ति है तो उसके निराकरण के उपाय भी मौजूद हैं। यदि किसी बड़े पैमाने पर धांधली की आशंका है तो वह किसी न किसी रूप में उजागर हो ही जाएगी। इसलिए इस प्रक्रिया को शुरू हुए बिना ही संदिग्ध मान लेना उचित नहीं होगा। हालांकि सरकार और आयोग को भी यह सुनिश्चित करना होगा कि यह पूरी प्रक्रिया पर्याप्त रूप से पारदर्शी हो। एक ऐसे समय में जब चुनाव कराने वाली संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हों तो यह अपेक्षा बहुत स्वाभाविक है।

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों के पारित होने के बाद यह तय है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए राजनीतिक समीकरण बदल जाएंगे। हाल-फिलहाल तो यही नजर रहेगी कि निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की प्रकृति कैसे निर्धारित होगी और क्या उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में भाजपा इसके दम पर महिला मतदाताओं को लुभाने में सफल हो पाएगी या नहीं?

(लेखक सेंटर फॉर पालिसी रिसर्च में फेलो एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं)