यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लखवी मामले की जल्दी सुनवाई चाहता है पाकिस्तान
पाकिस्तान सरकार ने मुंबई हमला मामले के मास्टर माइंड जकीउर रहमान लखवी के मुकदमे की सुप्रीम कोर्ट से जल्दी सुनवाई करने की मांग है। वर्ष 2008 में 26/11 को हुए इस हमले के बाद से ही भारत-पाक के रिश्ते सुधर नहीं पा रहे हैं।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने मुंबई हमला मामले के मास्टर माइंड जकीउर रहमान लखवी के मुकदमे की सुप्रीम कोर्ट से जल्दी सुनवाई करने की मांग है। वर्ष 2008 में 26/11 को हुए इस हमले के बाद से ही भारत-पाक के रिश्ते सुधर नहीं पा रहे हैं।
मीडिया की खबरों में कहा गया है कि पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने लखवी की हिरासत पर स्थगन आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने सोमवार को मुंबई आतंकी हमला मामले में लखवी को हिरासत में रखने की सरकारी अधिसूचना रद कर दिया था। अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ लखवी ने हाई कोर्ट से गुहार लगाई थी। लखवी को कानून व्यवस्था बनाए रखने के जारी आदेश के तहत गत 19 दिसंबर को हिरासत में लिया गया था। उसे एक दिन पहले ही आतंक निरोधक अदालत से मुंबई हमला मामले में पांच लाख रुपये के मुचलके पर जमानत मिली थी। वह अपहरण के एक मामले में अभी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में अदियाला जेल में है।
लखवी ने कसाब को जिंदा बताकर पाई थी जमानत
लखवी को वर्ष 2009 के फरवरी में गिरफ्तार किया गया था और छह अन्य लोगों के साथ उसी साल 25 नवंबर को उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था। उस पर मुंबई आतंकी हमला मामले की साजिश रचने और हमले को अंजाम देने के सिलसिले गिरफ्तार किया है। माना जाता है लखवी लश्कर -ए तैयबा का अभियान प्रमुख था। भारत लश्कर को ही मुंबई हमले का गुनहगार मानता है।