यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत के कूटनीतिक दबाव ने दिखाया रंग, लखवी फिर गिरफ्तार
भारत के कूटनीतिक दबाव ने फिर रंग दिखाया है। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ता जकीउर रहमान लखवी की पाकिस्तान में रिहाई और गिरफ्तारी पड़ोसी मुल्क के अजब कानूनी दावपेंचों के रूप में सामने आई है। मंगलवार को लखवी को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया गया।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भारत के कूटनीतिक दबाव ने फिर रंग दिखाया है। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ता जकीउर रहमान लखवी की पाकिस्तान में रिहाई और गिरफ्तारी पड़ोसी मुल्क के अजब कानूनी दावपेंचों के रूप में सामने आई है। मंगलवार को लखवी को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि इस बार गिरफ्तारी छह साल पुराने एक मामले में हुई।
भारत के कड़े एतराज के बाद सोमवार को दिल्ली में पाक उच्चायुक्त को तलब करने और पाक सरकार को सख्त संकेत देने के बाद 2008 के मुंबई हमले का मुख्य आरोपी फिर सलाखों के पीछे ही रहेगा। छह साल पुराने अपहरण के मामले में रिहाई से ठीक पहले लखवी को रावलपिंडी की अदियाला जेल से बाहर निकाला गया और फिर से हिरासत में लिया गया।
एक दिन पहले दर्ज हुई अपहरण की रिपोर्ट
मोहम्मद अनवर नाम के एक शख्स के छह साल पहले किए अपहरण के आरोप में लखवी को अदालत में पेश किया। दरअसल, अनवर ने सोमवार को ही इस्लामाबाद के गोलरा शरीफ पुलिस स्टेशन पर लखवी के खिलाफ उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ले गई अज्ञात स्थल पर
कड़ी सुरक्षा के बीच लखवी को मजिस्ट्रेट ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा। पुलिस उसे किसी अज्ञात स्थल पर ले गई है। हालांकि पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि सुरक्षा कारणों से उसे गोलरा शरीफ पुलिस स्टेशन में नहीं रख सकते। इसके बाद, लखवी के वकील राजा रिजवान अब्बासी ने आरोप लगाया कि उनके मुवक्किल पर फर्जी केस मढ़ा है। पाक सरकार ने भारत को खुश करने के लिए ऐसा किया है।
हाफिज सईद घूम रहा आजाद
लखवी को मुंबई हमले के एकमात्र जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब के बयान के बाद फरवरी 2009 में पाकिस्तान में गिरफ्तार किया था। वहीं मुंबई हमले का मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा सरगना हाफिज सईद भी न केवल पाकिस्तान में आजाद घूम रहा है बल्कि सामाजिक संगठन का पर्दा डाल चल रहे उसके कार्यक्रमों को सरकारी मदद भी मिल रही है।
भारतीय दबाव के बाद दो बार हुआ गिरफ्तार
एक दिन पहले सोमवार को ही इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने लखवी को हिरासत में रखने की अधिसूचना रद कर दी थी जिससे उसकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया था। गत 18 दिसंबर को आतंकवाद निरोधक अदालत ने लखवी की जमानत याचिका को स्वीकार किया था। इसके बाद भारत की ओर से आई तीखी प्रतिक्रिया के कारण लखवी को मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर के तहत गिरफ्तार किया था। लखवी ने जिला प्रशासन के इस आदेश को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।