विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लखवी पर अपनी कमजोरी ढकने में जुटा पाकिस्तान

By Murari sharanEdited By:
Published: Thu, 01 Jan 2015 09:23 PM (IST)Updated: Thu, 01 Jan 2015 09:52 PM (IST)

पाकिस्तान मुंबई आतंकी हमले [26/11] के प्रमुख साजिशकर्ता जकी उर रहमान लखवी पर अपने अभियोजन पक्ष की कमजोरियां ढकने में जुट गया है। उसने भारत में समझौता एक्सप्रेस मामले की जांच को लखवी प्रकरण पर अपनी ढाल बनाने की कोशिश तेज कर दी है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो] पाकिस्तान मुंबई आतंकी हमले [26/11] के प्रमुख साजिशकर्ता जकी उर रहमान लखवी पर अपने अभियोजन पक्ष की कमजोरियां ढकने में जुट गया है। उसने भारत में समझौता एक्सप्रेस मामले की जांच को लखवी प्रकरण पर अपनी ढाल बनाने की कोशिश तेज कर दी है।

यही नहीं, पाक ने मुंबई आतंकी हमला मामले में अदालत द्वारा लखवी की जमानत याचिका मंजूर किए जाने पर भारतीय प्रतिक्रिया को भी तूल भरा बताया और समझौता एक्सप्रेस बम धमाके के आरोपी असीमानंद की जमानत की दलीलें दीं। लेकिन, चेहरा बचाने में जुटे पाकिस्तान के तर्को की कलई इस बात से खुल जाती है कि कई अन्य मामलों में आरोपी असीमानंद गिरफ्तारी के बाद कभी जेल से बाहर नहीं आया।

पाक विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को लखवी के मामले को अदालत के विचाराधीन बताते हुए कहा कि इसे अनावश्यक तूल दिया जा रहा है। पाक प्रवक्ता तसनीम असलम ने जुलाई, 2007 के समझौता एक्सप्रेस ट्रेन धमाके की जांच का मामला उठाते हुए कहा कि इसके आरोपी असीमानंद को अगस्त, 2014 में जमानत दे दी गई। असलम ने भारत पर समझौता मामले की जांच साझा न करने का भी आरोप लगाया।

भारतीय खेमे से जुड़े सूत्र हालांकि पाक के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। उनके मुताबिक गत 29 दिसंबर को जब विदेश मंत्रालय ने पाक उच्चायुक्त को लखवी के जमानत मामले में तलब किया था तो समझौता एक्सप्रेस मामले पर भी बात हुई थी। पाक की ओर से पूछे गए सवालों पर भारत ने गृह मंत्रालय से मामले की ताजा स्थिति पर जानकारी पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित को बताई थी। यह भी बताया गया कि समझौता मामले की जांच एनआइए कर रही है और सभी आरोपी जेल में हैं।

गत 18 दिसंबर को पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत ने मुंबई आतंकी हमले के आरोपी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लखवी को जमानत देने के आदेश दिए थे। इस पर भारत की तीखी प्रतिक्रिया के बाद हालांकि पाक ने उसे शांति व्यवस्था भंग होने संबंधी आदेश के तहत हिरासत में ले लिया, लेकिन इस आदेश को भी इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने निरस्त कर दिया।

मामले पर पाक की ढिलाई देखने के बाद ही भारत ने पाक उच्चायुक्त को तलब कर अभियोजन पक्ष की कमजोरियों पर तीखा एतराज जताया था। लखवी प्रकरण पर अपनी फजीहत के बाद पाक सरकार ने अब उसे एक पुराने अपहरण मामले में गिरफ्तार कर उसकी रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।

पढ़ें: रिहा नहीं होगा आतंकी लखवी, न्यायिक हिरासत में भेजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।