यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जयललिता की बीमारी पर रहस्य बरकरार,पनीरसेल्वम देखेंगे कामकाज
राज्यपाल ने साथ ही कहा कि जयललिता मुख्यमंत्री पद पर बनी रहेंगी। गौरतलब है कि जयललिता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही हैं।

चेन्नई, प्रेट्र/आइएएनएस । तमिलनाडु के राज्यपाल सीएच विद्यासागर राव ने मुख्यमंत्री जयललिता के विभाग वित्त मंत्री ओ. पनीरसेल्वम को सौंप दिए हैं। राज्यपाल ने साथ ही कहा कि जयललिता मुख्यमंत्री पद पर बनी रहेंगी। गौरतलब है कि जयललिता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही हैं।
राजभवन की विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 166 के खंड (3) के तहत पनीरसेल्वम को ये जिम्मेदारियां सौंपी। अभी तक उनके पास वित्त के अतिरिक्त प्रशासनिक सुधार विभाग थे। जयललिता के विभागों में गृह तथा पुलिस और सामान्य प्रशासन शामिल हैं। इसके साथ ही पनीरसेल्वम कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
जयललिता को जल्द मिल सकती है छुट्टी, अफवाह फैलाने वाले दो गिरफ्तार
राजभवन के मुताबिक, मुख्यमंत्री की सलाह पर यह व्यवस्था की गई है। जयललिता के कामकाज संभालने तक यह व्यवस्था कायम रहेगी। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल अन्नाद्रमुक ने कहा है कि कार्यवाहक या अस्थायी मुख्यमंत्री नियुक्त करने की जरूरत नहीं है। पूर्व में भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद जयललिता के पद से हटने पर पनीरसेल्वम मुख्यमंत्री बनाए गए थे।
जयललिता बुखार और डिहाइड्रेशन के बाद 22 सितंबर से अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल ने सोमवार को बताया था कि उनका इलाज जारी है और उन्हें डॉक्टरों और विशेषज्ञ समिति की निगरानी में रखा जा रहा है।
