विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जयललिता को जल्द मिल सकती है छुट्टी, अफवाह फैलाने वाले दो गिरफ्तार

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Mon, 10 Oct 2016 03:48 PM (IST)Updated: Mon, 10 Oct 2016 07:56 PM (IST)

केरल के राज्यपाल पी. सतशिवम ने कहा, 'हमें सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि उनके स्वास्थ में सुधार हो रहा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

चेन्नई, आइएएनएस/प्रेट्र। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। वह पिछले 20 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उनका हाल जानने के लिए सोमवार को भी नेताओं के आने का सिलसिला जारी रहा। वहीं जयललिता के स्वास्थ्य को लेकर अफवाह फैलाने वाले दो लोगों को केरल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

केरल के राज्यपाल पी सतशिवम ने कहा, 'हमें डॉक्टरों ने बताया कि उनके स्वास्थ में सुधार हो रहा है। उनको जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। वह शीघ्र ही राज्य की बागडोर संभाल लेंगी।' सतशिवम सोमवार को अपोलो पहुंचे और जयललिता की सेहत के बारे में जानकारी ली। उनके साथ केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन भी पहुंचे। 68 वर्षीय जयललिता को बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत पर 22 सितंबर को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

फाइटर हैं तमिलनाडु की सीएम

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने सोमवार को जयललिता को फाइटर करार दिया है। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि उनका मनोबल बहुत ऊंचा है। वह फाइटर हैं। मेरी कामना है कि वह स्वस्थ होकर तमिलनाडु के लोगों की सेवा करना जारी रखेंगी।' वेंकैया ने रविवार को अस्पताल पहुंचकर जया का हाल जाना था। राज्य में अंतरिम मुख्यमंत्री के सवाल पर वेंकैया ने कहा कि यह उनकी पार्टी (अन्नाद्रमुक) का मामला है। उसे बहुमत मिला है। द्रमुक ने जयललिता के स्वस्थ होने तक राज्य में अंतरिम या कार्यकारी मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने की मांग की है।

सीबीआइ जांच की मांग

अन्नाद्रमुक से निष्कासित सांसद शशिकला पुष्पा ने जयललिता के स्वास्थ की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम जयललिता अच्छे से काम कर रही थीं, लेकिन अचानक बीमार पड़ गई। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।

एम्स की टीम फिर पहुंची

अपोलो अस्पताल ने कहा कि जयललिता निगरानी में हैं। एम्स के डॉक्टर डॉ. जीसी खिलनानी ने रविवार और सोमवार को भी उनकी सेहत की जांच की। इसके पहले एम्स की टीम पिछले हफ्ते भी चेन्नई पहुंची थी।

पढ़ेंः जयललिता की जगह अंतरिम CM बन सकते हैं पनीरसेलवम, पार्टी में चर्चा!