यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के दंगल के लिए शाह ने बुलाई बैठक, बनाएंगे रणनीति
हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर और झारखंड में भाजपा का परचम लहराने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ...और पढ़ें

नई दिल्ली। हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर और झारखंड में भाजपा का परचम लहराने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की निगाहें दिल्ली के विधानसभा चुनाव पर टिकी हैं। दिल्ली का दंगल शुरू होने से पहले उन्होंने चुनावी रणनीति बनाने के लिए सभी सांसदों और पार्टी के पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में न सिर्फ चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी बल्कि इससे जुड़े अन्य मुद़दों पर भी गहन चर्चा होगी।
सिलसिलेवार तरीके से विधानसभा चुनावों में अपनी सफल रणनीति के बाद अब भाजपा के लिए दिल्ली के दंगल को फतह करना काफी अहम माना जा रहा है। यहां पर उसका मुकाबला इसी वर्ष राजनीति में उदय होने वाली आम आदमी पार्टी से होगा। शाह की रणनीति अभी तक के विधानसभा चुनावों में सटीक साबित हुई है। शाह इस चुनाव में पार्टी के सभी सांसदों को चुनाव प्रचार में उतारने के पक्ष में हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला था। बावजूद इसके कांग्रेस के समर्थन से आप ने यहां पर सरकरा बनाई थी। लेकिन आप की 49 दिनों की सरकार दिल्लीवालों को वादों और दावों से ज्यादा कुछ दे नहीं सकी। लंबी लड़ाई के बाद दिल्ली में दोबारा चुनाव कराने के मुद़दे पर आप विजयी रही। लेकिन अब उसका मुकाबला भाजपा के साथ पहले से कड़ा होगा।
