लीबिया के सैन्य स्कूल पर हवाई हमला, 30 की मौत, सरकार ने लोगों से की रक्तदान की अपील
Libya military academy attack युद्धग्रस्त लीबिया की राजधानी त्रिपोली में एक सैन्य स्कूल पर हवाई हमले में 30 कैडेट की मौत हो गई। दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
त्रिपोली, एएफपी। युद्धग्रस्त लीबिया की राजधानी त्रिपोली में एक सैन्य स्कूल पर हवाई हमले में 30 कैडेट की मौत हो गई। दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अस्पताल जाकर रक्तदान की अपील की है ताकि घायलों की मदद की जा सके। यह सैन्य स्कूल त्रिपोली के अल हादबा अल खदरा क्षेत्र में स्थित है। गौरतलब है कि वर्ष 2011 में तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की मौत के बाद से लीबिया में अराजकता की स्थिति है।
लीबिया में सत्तारूढ़ गवर्नमेंट ऑफ नेशनल एकॉर्ड (जीएनए) के अनुसार, शनिवार रात यह हमला उस समय हुआ जब कैडेट अपने कमरों में जाने से पहले परेड ग्राउंड में एकत्र हुए थे। पिछले साल अप्रैल में जीएनए के खिलाफ ताकतवर सैन्य कमांडर खलीफा हफ्तार के हमलों के बाद से राजधानी त्रिपोली के दक्षिणी हिस्से में भीषण संघर्ष चल रहा है। हालांकि हफ्तार समर्थक बलों ने सैन्य स्कूल पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन जीएनए की सेना ने इसके लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, त्रिपोली में हफ्तार के हमलों की शुरुआत के बाद से अब तक 280 से ज्यादा नागरिक और दो हजार से ज्यादा लड़ाके मारे गए हैं। इस लड़ाई के चलते करीब डेढ़ लाख लोग विस्थापित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पिछले महीने लीबिया में संघर्ष विराम का एलान करते हुए अन्य देशों से इसका सम्मान करने का आग्रह किया था। लेकिन जॉर्डन, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात नियमित रूप से इसका उल्लंघन करते रहते हैं।