Move to Jagran APP

विवादित भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ उबाल, तत्काल बर्खास्तगी पर पेच

खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ उत्तराखंड में प्रदर्शन का दौर जारी है। वहीं चैंपियन की भाजपा से तत्काल बर्खास्तगी पर तकनीकी पेच फंस गया है।

By BhanuEdited By: Published: Sat, 13 Jul 2019 10:35 AM (IST)Updated: Sat, 13 Jul 2019 10:35 AM (IST)
विवादित भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ उबाल, तत्काल बर्खास्तगी पर पेच
विवादित भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ उबाल, तत्काल बर्खास्तगी पर पेच

देहरादून, राज्य ब्यूरो। खानपुर से भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का हाथों में हथियार लहराकर डांस करने के साथ ही उत्तराखंड के संबंध में अपशब्द का वीडियो वायरल होने से गुस्साए विभिन्न संगठनों का प्रदर्शन का दौर जारी है। वहीं, चैंपियन की भाजपा से तत्काल बर्खास्तगी पर तकनीकी पेच फंस गया है। 

loksabha election banner

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के मामले में प्रदेश भाजपा की ओर से चैंपियन को भेजे गए बर्खास्तगी के नोटिस की 10 दिन की अवधि खत्म होने के बाद इस बारे में फैसला लिया जाएगा। हालांकि, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से जैसे संकेत मिले हैं, उससे चैंपियन की भाजपा से छुट्टी तय मानी जा रही है। 

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने साफ किया कि प्रदेश स्तर से विधायक चैंपियन की बर्खास्तगी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। केंद्रीय नेतृत्व को इसकी घोषणा करनी है। 

विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के एक के बाद एक लगातार विवादों ने भाजपा नेतृत्व को असहज किया हुआ है। सोशल मीडिया पर हाल में वायरल हुए चैंपियन के ताजा वीडियो का संज्ञान लेते हुए भाजपा ने उन्हें बर्खास्तगी का नोटिस भेजा है। 

वायरल हुए वीडियो में विधायक चैंपियन के असलहा लहराने और राज्य के प्रति अभद्र टिप्पणी को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। राज्य के प्रति अभद्र टिप्पणी को लेकर राज्यभर में उबाल भी है। 

इस बीच राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि विधायक चैंपियन को भाजपा से बर्खास्त कर दिया गया है। इसके आधार पर प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चैंपियन की भाजपा से छुट्टी की खबरें चलीं। 

अब बताया गया कि चैंपियन की पार्टी से तत्काल बर्खास्तगी के मसले पर तकनीकी पेच फंस गया है। वजह ये कि उन्हें बर्खास्तगी का नोटिस भेजा गया है, जिसका उन्हें 10 दिन के भीतर जवाब देना है। इसी के चलते चैंपियन की तत्काल बर्खास्तगी को आगे तक के लिए टाल दिया गया। 

हालांकि, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि प्रदेश स्तर से विधायक चैंपियन की पार्टी से बर्खास्तगी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। इस मामले में प्रदेश स्तर से जो करना था वो कर दिया गया है। अब केंद्रीय नेतृत्व को घोषणा करनी है।

वहीं, भाजपा की ओर से प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विधायक चैंपियन के वायरल हुए वीडियो का केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर चैंपियन को नोटिस भेजा गया है। नोटिस में चैंपियन से कहा गया है कि वे 10 दिन में बताएं कि वीडियो प्रकरण में उन्हें क्यों पार्टी से बर्खास्त कर दिया जाए। 

डॉ. भसीन ने कहा कि तय समयावधि में नोटिस का उत्तर मिलने अथवा न मिलने की स्थिति में प्रदेश नेतृत्व इसके संदर्भ में निर्णय लेते हुए अपनी संस्तुति केंद्रीय नेतृत्व को कार्रवाई के लिए प्रेषित करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के एक पत्रकार के साथ बदसलूकी समेत अन्य मामलों में 22 जून को विधायक चैंपियन को तीन माह के लिए पार्टी से निलंबित किया गया था। अब इसकी अवधि अनिश्चितकाल तक के लिए बढ़ा दी गई है। 

डॉ.भसीन ने बताया कि प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने भी वीडियो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विधायक चैंपियन को भाजपा से बर्खास्त करने की संस्तुति केंद्रीय नेतृत्व से की है। उन्होंने बताया कि किसी विधायक अथवा सांसद को पार्टी से बर्खास्त करने का अधिकार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को है। 

चैंपियन के लिए बसपा के दरवाजे भी बंद

भाजपा से निष्कासन की संस्तुति के बाद खानपुर विधायक कुंवर प्रणव ङ्क्षसह चैंपियन के लिए बहुजन समाज पार्टी के दरवाजे भी बंद हो गए हैं। चैंपियन के बसपा में जाने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप बालियान ने विराम लगा दिया है। उनका कहना है कि बसपा अनुशासित पार्टी है। चैंपियन जैसे लोगों के लिए बहुजन समाज पार्टी में कोई जगह नहीं है। फिलहाल उन्होंने कोई संपर्क भी नहीं किया है।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप बालियान ने सोशल मीडिया पर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बसपा में शामिल होने की संभावनाओं को कोरी कल्पना बताया। उन्होंने कहा कि बसपा में अनुशासन सर्वोच्च है। चैंपियन जैसे लोग, जो अनुशासन को अपने कदमों में रखने की बात करते हैं और अपने बाहुबल, हथियारों का खुला प्रदर्शंन करते हैं, उनके लिए बसपा में कोई जगह नहीं है। 

हालांकि खानपुर विधायक चैंपियन ने बसपा से कोई संपर्क नहीं साधा है। यदि वह ऐसी इच्छा जाहिर भी करते हैं तो उनके लिए बसपा में जगह की रत्ती भर गुंजाइश नहीं है। 

गौरतलब है कि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को उत्तराखंड में चार बार विधानसभा के सदस्य रहे हैं। वर्ष 2002 में वह हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय चुनाव जीते और तब नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार को उन्होंने समर्थन दिया। 

इसके बाद वर्ष 2007 और 2012 के चुनाव उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में लड़कर जीते। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद लक्सर सीट का वजूद समाप्त हो जाने पर उन्होंने खानपुर सीट से चुनाव में जीत हासिल की। 

मार्च 2016 में हरीश रावत सरकार के खिलाफ बगावत कर भाजपा में शामिल होने वालों में चैंपियन भी थे। विधायक के रूप में अपने लगभग 17 साल के राजनैतिक कैरियर में चैंपियन कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों में रह चुके हैं। 

अपशब्दों के लिए देवभूमि की जनता से माफी मांगें चैंपियन

विवादों के चैंपियन विधायक कुंवर प्रणव सिंह के वायरल वीडियो में उत्तराखंड के लिए विवादित बोल का मामला तूल पकड़ गया है। चैंपियन के सियासी विरोधी झबरेड़ा के भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल ने पार्टी की ओर से चैंपियन के खिलाफ की गई कार्रवाई को सही ठहराते हुए उनको दी गई सुरक्षा वापस लेने की मांग की है। कहा कि चैंपियन खुद की जान को खतरा बताकर ड्रामा कर रहे हैं। 

अपने केस के सिलसिले में नैनीताल पहुंचे देशराज हाई कोर्ट अधिवक्ता चैंबर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने इसे खुशी के आंसू बताते हुए कहा कि 1984 में रुड़की तहसील से जाति प्रमाण पत्र जारी हुआ है और 1990 से वह सक्रिय राजनीति में हैं। 2005 से चैंपियन उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इसकी वजह थी कि 2005 में प्रणव की पत्नी देवयानी को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में उन्होंने वोट नहीं दिया। 

उन्होंने कहा कि प्रणव ने कभी गिल्ली-डंडा नहीं खेला, मगर खुद को चैंपियन कहते हैं। चुनौती दी कि वह मान्यता प्राप्त खेल संघ का प्रमाण पत्र सार्वजनिक रूप से दिखाएं। खुद को आइएफएस कहने वाले यूपीएससी परीक्षा का प्रमाण दिखाएं। चैंपियन ने अपने समर्थकों के जरिए उनके खिलाफ पीआइएल दाखिल कराई। 

देशराज ने कहा कि भाजपा उनकी मां है। चैंपियन ने पूरे उत्तराखंड को गाली दी है, लिहाजा उन्हें सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। चैंपियन के वीडियो की वजह से पूरी विधायिका शर्मसार हुई है। साफ किया कि भाजपा अनुशासित पार्टी है, जो भी अनुशासन तोड़ेगा, पार्टीं उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। बोले भगवान प्रणव को सद्बुद्धि प्रदान करे।

खानपुर विधायक के खिलाफ दी तहरीर

खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ ऋषिकेश में लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। अब राष्ट्रवादी युवा वाहिनी ने विधायक चैंपियन के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में तहरीर दी है। 

राष्ट्रवादी युवा वाहिनी के अध्यक्ष साहब सिंह राणा के नेतृत्व में वाहिनी कार्यकर्ता व्यापार सभा भवन में एकत्रित हुए और फिर कोतवाली पुलिस को कुंवर प्रणव के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने विधायक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग सरकार से की। 

साहब सिंह ने कहा कि उत्तराखंड का वीरता के क्षेत्र में इतिहास रहा है। ऐसे में कुंवर प्रणव ने हथियार लहराते हुए देवभूमि उत्तराखंड को गाली देकर अपमान किया है। इस लिए उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करवाने की मांग की। 

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मीना रावत, जिला अध्यक्ष गुड्डी कलूड़ा, उपाध्यक्ष राजकुमारी जुगरान, प्रर्मिला जोशी, पूजा देवी, बिरोजनी देवी, रीता गुप्ता आदि उपस्थित थे।

चैंपियन पर फूटा महिलाओं का गुस्सा

उत्तराखंड महिला मंच से जुड़ी महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर गुस्से का इजहार किया। राज्य में रोजगार की जगह शराब की फैक्ट्री खोलने और विधायक कुंवर प्रणव के विवादित वीडियो पर कार्रवाई की मांग की गई। कहा कि प्रकरण में सरकार ने जल्द कार्रवाई न की तो महिलाएं सड़क पर लामबंद होकर आंदोलन करेंगीं। 

खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के विवादित वीडियो से महिलाओं में आक्रोश है। महिलाओं ने कहा कि जिस राज्य को शहादत के बाद बनाया गया, वहां के निर्वाचित विधायक अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए शहीद स्थल पर सभा की। कहा कि विधायक के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। इस मौके पर मंच से जुड़ी महिलाओं में निर्मला बिष्ट, ऊषा भट्ट, पदमा गुप्ता, भुवनेश्वरी कठैत, द्वारिका बिष्ट, शांता नेगी, मातेश्वरी रजवार, सरला रावत, कांति रावत समेत अन्य संगठन से जयकृत कंडवाल, सतीश धौलाखंडी, आदि मौजूद रहे। 

चैंपियन का फूंका पुतला विधायकी हो खत्म

टिहरी विस्थापित जनकल्याण समिति के लोगों ने हरिद्वार में सिडकुल के आइएमसी चौक पर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का पुतला फूंका। विधानसभा अध्यक्ष से उनको विधायक पद से बर्खास्त करने की मांग की। 

टिहरी विस्थापित समिति के लोगों ने आइएमसी चौक पर एकत्रित होकर खानपुर विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने उत्तराखंड के प्रति अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर पूरे उत्तराखंड के लोगों और शहीदों का अपमान किया है। उनके इस कृत्य के लिए विधानसभा अध्यक्ष विधायकी से बर्खास्त करें। 

विरोध कर पुतला फूंकने वालों में कुंवर सिंह बिष्ट, मनोहर रावत, दरबान सिंह रावत, महावीर रावत, जयकिशन न्यूली, विनोद गिरि, अमित भट्ट, नवीन भट्ट, तारादत्त भट्ट, राजीव कठैत्, नरेंद्र चौहान, जगदीश नगरकोटि आदि शामिल रहे। 

लोगों ने चैंपियन चौक के पत्थर को किया ध्वस्त, फूंका पुतला

खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, युवा कल्याण संघ समेत कई संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुचड़ी फाटक पर प्रदर्शन किया। साथ ही विधायक के पुतले आग के हवाले कर दिया। 

गुस्साए लोगों ने बुचड़ी फाटक पर बने चैंपियन चौक पर लगे चैंपियन के नाम से लगे पत्थर को पहले तो कालिख पोत दी, इसके बाद उसे तोड़ दिया। खानपुर विधानसभा के ढंडेरा ग्राम पंचायत के बुचड़ी चौक पर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता पहुंचे। यहां पर नारेबाजी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड का निर्माण तमाम संघर्ष एवं बलिदान के बाद हुआ है। लंबे संघर्ष के बाद उत्तराखंड बना। जिस तरह से खानपुर विधायक ने प्रदेश का अपमान किया है, उससे राज्य आंदोलनकारी ही नहीं प्रदेश में निवास करने वाले लोगों में भी आक्रोश है। 

उन्होंने मांग उठाई कि चैंपियन के खिलाफ जब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो जाती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बुचड़ी फाटक के समीप बने चैंपियन चौक पर लगे पत्थर पर पहले तो कालिख पोती गई, इसके बाद उसे तोड़ दिया गया। 

साथ ही विधायक का पुतला आग के हवाले कर दिया। इस मौके पर उत्तराखंड युवा संगठन के संस्थापक राकेश ङ्क्षसह चौहान, अध्यक्ष सुदर्शन डोबरियाल, मनोज त्यागी, राज्य आंदोलनकारी सतीश नेगी, सुमन बड़थ्वाल, मंजू रावत, जीवानंद बुड़ाकोटी, राजीव पंत आदि मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें: निरस्त होंगे विवादित विधायक चैंपियन के शस्त्र लाइसेंस, वीडियो में लहरा रहे थे हथियार

यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक प्रणव सिंह विवादों में भी रहे चैंपियन, जानिए विवादों के किस्से

यह भी पढ़ें: एकबार फिर विवादों में निलंबित विधायक चैंपियन, भाजपा से छुट्टी तय


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.