विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

होटल में पुलिसवालों को शराब पिलाकर फरार हुआ था मेरठ का गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो, अब 5 लाख के इनाम की तैयारी

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Tue, 09 May 2023 08:36 AM (IST)Updated: Tue, 09 May 2023 08:42 AM (IST)

Gangster Badan Singh Baddo Meerut News चार साल में एसटीएफ से लेकर सिविल पुलिस के एक्सपर्ट भी सजायाफ्ता बद्दो को ...और पढ़ें

गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो पर अब पांच लाख के इनाम की तैयारी।
गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो पर अब पांच लाख के इनाम की तैयारी।

मेरठ, जागरण संवाददाता। गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो को चार साल में भी यूपी पुलिस और एसटीएफ पकड़ नहीं पाई। बदन सिंह लगातार इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट अपलोड करता रहता है। उसके बाद भी पुलिस उसे खोज नहीं पाई। अब बद्दो पर इनाम बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने ढाई लाख से इनाम बढ़ाकर पांच लाख करने के लिए डीजीपी कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई थी। सोमवार को डीजीपी कार्यालय ने संस्तुति कर शासन को फाइल भेज दी।

उम्र कैद की सजा काट रहा था बद्दो

बद्दो 2017 से फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा था। टीपीनगर थाना क्षेत्र के पंजाबीपुरा निवासी बद्दो ने 1996 में दिल्ली के कुख्यात इनामी भोलू और अपने गुर्गों के साथ मिलकर अधिवक्ता रवींद्र पाल सिंह की हत्या कर दी थी। रवींद्र पाल के भाई अधिवक्ता देवेंद्र पाल ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। उसके बाद बदन सिंह को उम्र कैद की सजा सुनाई गई। बदन सिंह पर विभिन्न राज्यों में 47 मुकदमे दर्ज हैं। उसे एक मुकदमे में सजा हुई है।

गाजियाबाद कोर्ट से फरार हो गया था बद्दो

ट्रक की फर्जी आरसी बनाने के एक मुकदमे में बद्दो को फर्रुखाबाद पुलिस उसे गाजियाबाद कोर्ट में लेकर पहुंची थी। उसी दिन बद्दो फरार हो गया था। पुलिस ने बद्दो की फरारी में शामिल आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की थी। उसके बाद बद्दो के अलीशान बंगले पर बुलडोजर चला था। मलबा अभी तक नहीं उठाया गया।

बद्दो सक्रिय और पुलिस निष्क्रिय

28 मार्च 2019 की दोपहर के करीब एक बजे ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर मुकुट महल होटल से बद्दो फरार हो गया। करीब 2 बजे पीएम मेरठ से रवाना हुए। उसके बाद अफसर बदन सिंह बद्दो की तलाश करने में लगे। फतेहगढ़ जेल में बंद बद्दो को एक पुराने मामले में पेशी के लिए पुलिस गाजियाबाद कोर्ट ले गई थी। पेशी हुई और फिर से जेल वापस आने लगा। शातिर बद्दो ने प्लान बना लिया था और उसने पुलिस वालों को मेरठ से चलने के लिए राजी कर लिया। यहां होटल में पुलिसवालों को शराब पिलाई। इसी बीच बद्दो फरार हो गया।

रेंज में तीन अपराधियों पर पहले से पांच लाख इनाम

बाइक बोट मामले में आरोपित संजय भाटी की पत्नी दीप्ति बहल पहले से पांच लाख की इनामी है। कंकरखेड़ा के शिवलोकपुरी निवासी बिजेंद्र सिंह हुड्डा पर पांच लाख का इनाम है। बिजेंद्र भी बाइक बोट घोटाले का आरोपित है। उसके अलावा बुलंदशहर कोतवाली का भूदेव भी पांच लाख का आरोप है। अभी तक भूदेव को भी पुलिस पकड़ नहीं पाई है। बदन सिंह बद्दो पर इनाम बढ़ने के बाद रेंज में पांच लाख के चार इनामी हो जाएगे।

ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो पर इनाम बढ़ाने की संस्तुति

डीजीपी कार्यालय को की गई थी। सोमवार को डीजीपी कार्यालय ने इनाम बढ़ाने की संस्तुति कर फाइल शासन को भेज दी है। दरअसल, पांच लाख का इनाम करने का अधिकार शासन को है। उम्मीद है कि जल्द ही बद्दो पर इनाम की रकम बढ़ा दी जाएगी। धरपकड़ को पुलिस, एसटीएफ काम कर रही है। रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी