यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Crime: पटना में बैंक लूटने का बना रहे थे प्लान, पूर्व मुखिया और उसका गुर्गा गिरफ्तार; हथियार बरामद
Bihar Crime गिरफ्तार पूर्व मुखिया उदय कुमार और उसके गुर्गे ओमकार कुमार के पास से दो हथियार चार मोबाइल और ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, बिहटा (पटना): थाना क्षेत्र के आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) मार्ग पर अमहारा के आईडीबीआई बैंक को लूटने की साजिश रचने के दौरान ही सोमवार को पुलिस ने पूर्व मुखिया उदय कुमार और उसके गुर्गे ओमकार कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पकड़ कर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है और बैंक लूट होने से रोका है।
हथियार और कैश बरामद
गिरफ्तार पूर्व मुखिया उदय कुमार और उसके गुर्गे ओमकार कुमार के पास से दो हथियार, चार मोबाइल और डेढ़ लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं। उदय अख्तियारपुर गांव का रहने वाला है। वह तारानगर पंचायत का पूर्व मुखिया रहा है। थानेदार प्रमोद कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार ओमकार ने पहले भी बैंक लूटने की बात स्वीकार की है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बताया जाता है कि सुबह करीब 11 बजे आईडीबीआई बैंक के सामने चबूतरा के नजदीक ओमकार बाइक खड़ी कर के बैठा था। नियमित जांच के लिए थानेदार प्रमोद कुमार दलबल के साथ बैंक पहुंचे। तभी उनकी नजर ओमकार पर पड़ी, वो संदेहास्पद तरीके से बैंक को निहार रहा था।
खदेड़ कर पकड़ा
पुलिसकर्मियों ने उसे बुलाया तो वह भागने लगा। संदेह होने पर सिपाहियों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस उसे थाने पर लेकर आई और सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पूर्व मुखिया उदय कुमार के कहने पर बैंक की रेकी कर रहा था।
उदय ने बैंक लूटने की साजिश रची थी। उसकी निशानदेही पर उदय को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी वैसी ही पिस्तौल बरामद हुई। साथ ही तलाशी में नकदी भी मिली। कयास लगाया जा रहा है कि उसने भाड़े पर लुटेरों को लाने के लिए ये रुपये रखे होंगे। फिलहाल, दोनों से पूछताछ की जा रही है।
